RBI के रेपो रेट कट के बाद किन बैंकों ने सस्ता किया लोन, चेक करें पूरी लिस्ट

RBI की रेपो रेट कटौती के बाद SBI, HDFC, PNB समेत कई बैंकों ने लोन की ब्याज दरें घटाईं। इससे होम, पर्सनल और व्हीकल लोन की EMI में राहत मिलने की उम्मीद है।

अपडेटेड May 04, 2025 पर 6:56 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पंजाब नेशनल बैंक ने अपनी RLLR को 8.90% से घटाकर 8.65% कर दिया है।

रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति ने 9 अप्रैल को रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की कटौती कर इसे 6% कर दिया। इस निर्णय का असर अब दिखने लगा है। देश के बड़े सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के बैंकों ने लोन की दरें घटानी शुरू कर दी हैं। इससे होम लोन, पर्सनल लोन और वाहन लोन की EMI में राहत मिल सकती है।

SBI ने घटाया RLLR और EBLR

देश के सबसे बड़े सार्वजनिक बैंक SBI ने सबसे पहले अपनी दरों में बदलाव किया। बैंक ने रेपो लिंक्ड लेंडिंग रेट (RLLR) को 8.50% से घटाकर 8.25% कर दिया है। वहीं, एक्सटर्नल बेंचमार्क लेंडिंग रेट (EBLR) को भी 8.90% से घटाकर 8.65% किया गया है। यह संशोधन 15 अप्रैल से प्रभावी है।


HDFC बैंक ने MCLR में की कटौती

HDFC बैंक ने अपने MCLR (मार्जिनल कॉस्ट लेंडिंग रेट) को सभी टेन्योर पर 10 बेसिस पॉइंट घटाया है। एक महीने के लिए दर 9.10%, तीन महीने के लिए 9.20%, छह महीने और एक साल के लिए 9.30% और तीन साल के लिए 9.35% निर्धारित की गई है। होम लोन की दरें अब 8.7% से 9.55% के बीच आ गई हैं, जबकि चुनिंदा ग्राहकों के लिए ये 8.5% से 9.35% तक भी हो सकती हैं।

PNB और IOB ने भी RLLR में की कमी

पंजाब नेशनल बैंक ने अपनी RLLR को 8.90% से घटाकर 8.65% कर दिया है। हालांकि बैंक स्प्रेड (BSP) अब भी 0.20% पर बरकरार है, जिससे अंतिम लेंडिंग रेट 8.85% बनता है। इसी तरह इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) ने भी अपनी दर को 9.10% से घटाकर 8.85% कर दिया है।

कई अन्य बैंकों ने सस्ता किया लोन

इंडियन बैंक ने अपनी दर 9.05% से घटाकर 8.70% कर दी है। बैंक ऑफ इंडिया ने 8.85% की नई दर घोषित की है जो पहले 9.10% थी। बैंक ऑफ बड़ौदा की RLLR अब 8.65% है, जबकि बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने इसे 8.80% तक घटा दिया है। बैंक ऑफ बड़ौदा ने रिटेल और MSME से जुड़े लोन पर भी ब्याज दरों में 25 बेसिस पॉइंट की कटौती की है।

यह भी पढ़ें : Old vs New Tax Regime: पुराने और नए टैक्स रीजीम में क्या है अंतर, किसे चुनना रहेगा फायदेमंद?

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।