RBI ने रेपो रेट बढ़ाकर 5.5% किया: जानिए बॉन्ड, डेट फंड्स और आपके पोर्टफोलियो पर क्या पड़ेगा असर
RBI Repo Rate Hike Impact: आरबीआई ने रेपो रेट में 0.25% का इजाफा कर दिया है, जिससे कर्ज महंगे होने के साथ-साथ फिक्स्ड इनकम और बॉन्ड मार्केट में हलचल तेज हो गई है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस फैसले से आपके डेट म्यूचुअल फंड्स और एफडी के रिटर्न पर सीधे क्या प्रभाव पड़ेगा? जहां लंबी अवधि के फंड्स पर दबाव दिख रहा है, वहीं नए निवेशकों के लिए ऊंची दरों पर पैसा लगाने का यह एक सुनहरा मौका बन सकता है। जानिए कि आपको अपने पोर्टफोलियो में अब क्या तुरंत बदलाव करने चाहिए
जब रिजर्व बैंक रेपो रेट बढ़ाता है, तो वाणिज्यिक बैंकों के लिए आरबीआई से कर्ज लेना महंगा हो जाता है
RBI Repo Rate Hike 5.5 Impact: भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति ने बुधवार को रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट्स (0.25%) का इजाफा करते हुए इसे 5.50 प्रतिशत कर दिया है। केंद्रीय बैंक के इस फैसले से जहां एक तरफ अर्थव्यवस्था में कर्ज लेना महंगा होगा, वहीं दूसरी तरफ ऊंची ब्याज दरों के नए दौर की शुरुआत का साफ संकेत भी मिलता है।
आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बढ़ती महंगाई, बाजार की तरलता और वैश्विक बॉन्ड यील्ड के दबाव को देखते हुए इस दर बढ़ोतरी का ऐलान किया। इस बड़े फैसले के बाद अब निवेशकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यह है कि बॉन्ड यील्ड, डेट म्यूचुअल फंड्स के रिटर्न और आने वाले महीनों के लिए उनकी निवेश रणनीति पर इसका क्या असर पड़ेगा।
बॉन्ड और डेट फंड्स पर क्या होगा असर?
जब रिजर्व बैंक रेपो रेट बढ़ाता है, तो वाणिज्यिक बैंकों के लिए आरबीआई से कर्ज लेना महंगा हो जाता है। इसका सीधा असर बाजार की ब्याज दरों और बॉन्ड यील्ड पर पड़ता है। वित्तीय बाजार का मूलभूत नियम है कि जब बॉन्ड यील्ड ऊपर जाती है, तो पहले से मौजूद बॉन्ड्स की कीमतें नीचे गिरती हैं। हालांकि, जानकारों का मानना है कि इस बढ़ोतरी का बड़ा हिस्सा बॉन्ड मार्केट में पहले ही डिस्काउंट हो चुका था।
BondScanner के संस्थापक और सीईओ निश्चय नाथ ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए कहा, 'बढ़ती महंगाई, आरबीआई द्वारा लिक्विडिटी में सख्ती और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में मजबूती के कारण 10-वर्षीय भारतीय सरकारी बॉन्ड की यील्ड नीतिगत घोषणा से हफ्ते भर पहले ही 7% के पार पहुंच गई थी। इसीलिए यहां से यील्ड में किसी अचानक बड़ी उछाल की उम्मीद नहीं है। जो निवेशक किसी फिक्स्ड-रेट बॉन्ड को उसकी मैच्योरिटी तक होल्ड करते हैं, उन्हें तय ब्याज और मूलधन पूरा मिलेगा। वहीं डेट फंड्स का मूल्यांकन रोजाना मार्केट प्राइस पर होता है, इसलिए बॉन्ड की कीमतों में गिरावट का असर फंड्स की NAV पर तुरंत दिखेगा, खासकर गिल्ट और लॉन्ग-ड्यूरेशन फंड्स में।'
दूसरी ओर, लिक्विड और शॉर्ट-ड्यूरेशन फंड्स पर इस फैसले का असर काफी कम रहेगा, क्योंकि ये फंड्स मैच्योर होने वाली सिक्योरिटीज को जल्द ही ऊंची दरों पर दोबारा री-इन्वेस्ट कर सकेंगे।
Jiraaf के सह-संस्थापक विनीत अग्रवाल का मानना है, 'मौजूदा माहौल में शॉर्ट और मीडियम-टेन्योर बॉन्ड्स यील्ड और ब्याज दर संवेदनशीलता के बीच सबसे बेहतर संतुलन प्रदान करते हैं। लंबी अवधि का नजरिया रखने वाले निवेशक अलग-अलग जारीकर्ताओं, क्रेडिट रेटिंग्स और मैच्योरिटीज में सही डायवर्सिफिकेशन बनाए रखते हुए समय के साथ चुनिंदा रूप से ड्यूरेशन बढ़ा सकते हैं।'
Capital Stack के सह-संस्थापक वरूण नायडू ने कहा, '25-बीपीएस रेट हाइक का असर बॉन्ड मार्केट में पहले ही आ चुका था, इसलिए केवल इस घोषणा से यील्ड्स में कोई तीखी प्रतिक्रिया नहीं दिखेगी। वन-मंथ OIS पहले से ही 5.55% के आसपास है और 10-वर्षीय जी-सेक यील्ड 7.2% के करीब बनी हुई है। असली बात यह होगी कि महंगाई और लिक्विडिटी पर आरबीआई की आगे की टिप्पणी कैसी रहती है और बाजार इसे एक बार की बढ़ोतरी मानता है या पूरे रेट-हाइक चक्र की शुरुआत।'
आरबीआई के कड़े रुख से बॉन्ड यील्ड्स ऊपरी स्तरों पर बनी रह सकती हैं, जिससे लॉन्ग-ड्यूरेशन डेट फंड्स पर अल्पकालिक मार्क-टू-मार्केट (MTM) दबाव दिख सकता है। हालांकि, नई खरीदारी करने वाले निवेशकों के लिए ऊंची यील्ड बेहतर रिटर्न हासिल करने का बेहतरीन मौका भी लाती है।
अब क्या होनी चाहिए निवेशकों के लिए सही रणनीति?
एकमुश्त बड़ा दांव लगाने से बचें: वरूण नायडू की सलाह है कि इस समय बहुत लंबी अवधि वाले फंड्स में एकमुश्त बड़ा दांव लगाने से बचना चाहिए। निवेशकों को अच्छी क्रेडिट क्वालिटी और शॉर्ट-टू-मीडियम ड्यूरेशन स्ट्रैटेजी के साथ ही आगे बढ़ना चाहिए।
अलग-अलग मैच्योरिटी में बांटकर करें निवेश: निश्चय नाथ ने खुदरा निवेशकों के लिए कहा कि आज ही अपना सारा पैसा किसी एक लंबी अवधि में लॉक न करें। एफडी या बॉन्ड्स में पैसा अलग-अलग समय सीमा में बांटकर निवेश करने से आगे दरें और बढ़ने पर ऊंची ब्याज दर का लाभ उठाने का मौका मिलता है।
अपनी जरूरत और समय-सीमा के हिसाब से चुनें फंड: जिन निवेशकों को 1 से 2 साल के भीतर पैसों की जरूरत है, उनके लिए लिक्विड या शॉर्ट-ड्यूरेशन फंड्स ज्यादा मुफीद हैं। वहीं, लॉन्ग-ड्यूरेशन फंड्स केवल उन्हीं निवेशकों के लिए सही हैं जो पूरे ब्याज दर चक्र के दौरान बाजार में बने रह सकते हैं।
फिक्स्ड इनकम में एंट्री का आकर्षक मौका: तीन महीने पहले की तुलना में आज फिक्स्ड इनकम में प्रवेश करने वाले नए निवेशकों को ज्यादा आकर्षक यील्ड मिल रही है। अल्पकालिक उतार-चढ़ाव से इतर लंबे समय के लिए डेट मार्केट में एंट्री का यह एक मजबूत मौका है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।