RD की किस्त छूट गई तो क्या होगा? समझिए बैंक के नियम और पेनल्टी

RD Missed Installment: RD की एक किस्त छूटने पर RD तुरंत बंद नहीं होती। लेकिन पेनल्टी देनी पड़ सकती है। अगर लगातार कई महीनों तक किस्त नहीं भरी तो RD अनियमित हो सकती है और समय से पहले बंद भी हो सकती है। जानिए बैंक के नियम और पूरा हिसाब।

अपडेटेड Sep 27, 2026 पर 8:41 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
बैंक आमतौर पर पहली किस्त छूटते ही RD बंद नहीं करते।

RD Missed Installment: RD (Recurring Deposit) सुरक्षित तरीके से पैसे बढ़ाने का अच्छा विकल्प मानी जाती है। इसमें आपको हर महीने तय रकम करनी होती है। फिर पोस्ट ऑफिस या बैंक उस रकम पर ब्याज देता है। अगर आप हर महीने तय रकम जमा करते हैं, तो ये अच्छे से काम करती है। लेकिन अगर किसी महीने की किस्त जमा करना भूल जाएं तो क्या होगा?

एक किस्त छूटने का मतलब आमतौर पर यह नहीं होता कि बैंक तुरंत RD बंद कर देगा। बैंक आम तौर पर खाताधारक को बकाया किस्त जमा करने का समय देते हैं। हालांकि, इसके लिए कुछ चार्ज देना पड़ सकता है।

लेकिन अगर कई महीनों तक किस्तें जमा नहीं की जाती हैं, तो मामला गंभीर हो सकता है। RD को अनियमित माना जा सकता है और कुछ समय बाद उसे समय से पहले बंद भी किया जा सकता है। इसका असर RD जारी रहने के साथ-साथ मैच्योरिटी पर मिलने वाली रकम पर भी पड़ सकता है।


पहले समझिए RD क्या होती है?

RD एक बचत योजना है, जिसमें आप हर महीने एक तय रकम बैंक में जमा करते हैं। जैसे, आपने 2 साल की RD शुरू की। और हर महीने ₹5,000 जमा किए, तो 24 महीनों में ₹1.20 लाख जमा होंगे। बैंक इस रकम पर ब्याज देगा और 2 साल पूरे होने पर आपको जमा पैसे के साथ ब्याज भी मिलेगा।

एक किस्त छूटने पर क्या होगा?

BankBazaar के CEO आदिल शेट्टी के मुताबिक, सरकारी और निजी बैंक हर 100 रुपये की मासिक किस्त पर करीब 1.50 रुपये की पेनल्टी ले सकते हैं। मान लीजिए आपकी मासिक किस्त 10,000 रुपये है। एक महीने की किस्त छूटने पर करीब 150 रुपये की पेनल्टी लग सकती है।

बकाया किस्त और पेनल्टी जमा करके RD को फिर से नियमित किया जा सकता है। पेनल्टी कब ली जाएगी, यह बैंक के नियम पर निर्भर करता है।

कितने महीने तक किस्त नहीं भरने पर RD बंद होगी?

बैंक आमतौर पर पहली किस्त छूटते ही RD बंद नहीं करते। आदिल शेट्टी का कहना है कि कई बैंकों में 5-6 लगातार छूटी किस्तों तक RD को नियमित करने का मौका मिल सकता है।

इस दौरान बकाया किस्तें और पेनल्टी जमा करनी होती है। हालांकि, यह सीमा बैंक और RD स्कीम के हिसाब से अलग हो सकती है।

कई किस्तें छूट गईं तो क्या होगा?

अगर लगातार कई महीनों तक किस्त नहीं भरी गई तो RD अनियमित हो सकती है। आदिल शेट्टी के मुताबिक, छह महीने तक किस्त नहीं भरने पर RD समय से पहले बंद की जा सकती है।

इसके बाद आगे किस्त जमा करने की सुविधा भी खत्म हो सकती है। बैंक के नियम के मुताबिक, जमा रकम लिंक्ड सेविंग्स अकाउंट में ट्रांसफर की जा सकती है।

क्या बंद होने से पहले RD चालू हो सकती है?

अगर बैंक की तय सीमा अभी पार नहीं हुई है तो RD को नियमित किया जा सकता है। इसके लिए सभी बकाया किस्तें और पेनल्टी जमा करनी होगी। अगर समय से पहले RD बंद हो गई तो मैच्योरिटी पर मिलने वाली रकम कम हो सकती है। बैंक जमा अवधि के हिसाब से ब्याज दे सकता है। साथ ही, प्रीमैच्योर क्लोजर की पेनल्टी भी लग सकती है।

इसलिए एक किस्त छूटना बड़ी समस्या नहीं है। लेकिन कई महीनों तक किस्त न भरने पर RD बंद हो सकती है और आपकी तय मैच्योरिटी रकम पर असर पड़ सकता है।

Bank Strike: 28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल; जानिए किन चीजों पर असर पड़ेगा और कौन से काम जारी रहेंगे

Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी निवेश, लोन, टैक्स, बीमा या दूसरे वित्तीय फैसले लेने से पहले संबंधित एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल किसी भी फाइनेंशियल प्रोडक्ट या सर्विस की सिफारिश नहीं करता।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।