क्या आप हर महीने समय पर घर का किराया चुकाते हैं? अगर हां तो यह आपके वित्तीय मामलों में अनुशासन बरतने का संकेत है। लेकिन, अभी हाउस रेंट का पेमेंट क्रेडिट स्कोर में शामिल नहीं है। क्रेडिट इंफॉर्मेशन कंपनियां क्रेडिट स्कोर के कैलकुलेशन में रेंट एग्रीमेंट को शामिल नहीं करती हैं। बैंक भी लोन अप्लिकेशन पर विचार करते वक्त ग्राहक के रेंट पेमेंट के ट्रैक रिकॉर्ड को नहीं देखते हैं। मुंबई की एक फिनटेक कंपनी ने इसका समाधान निकाला है। इस कंपनी का नाम रेनटेनपे है। आइए इस बारे में विस्तार से जानते हैं।
क्या है रेंट क्रेडिट स्कोर?
RentenPe ने एक सॉल्यूशन पेश किया है, जिसका नाम 'rent credit score' है। कंपनी का दावा है कि यह सॉल्यूशन लोगों की एक बड़ी समस्या दूर करेगा। रेंट क्रेडिट स्कोर के लिए किराएदार को रेंट का पेमेंट Residence Card (R-Card) के जरिए करना होगा। यह RentenPe का पेमेंट टूल है। रेनटेनपे की को-फाउंडर और सीईओ सारिक शेट्टी ने कहा, "रेंटपे रेंट कंट्रोल ऑफ इंडिया के तहत आता है। रेंटटेनपे एक डेटा कंपनी है, जो केंद्रीय बैंक के डिजिटल और लेंडिंग लॉज का पालन करती है।"
रेंट पेमेंट्स पर रिवॉर्ड भी मिलेगा
इस सर्विस का फायदा उठाने के लिए रजिस्टर्ड रेंट एग्रीमेंट जरूरी है। इस दौरान बैंक गाइडलाइंस, पेमेंट गेटवेज और आरबीआई के नियमों का ध्यान रखा जाता है। इसलिए इस सर्विस का इस्तेमाल करने के लिए रेंट एग्रीमेंट जरूरी है। शेट्टी ने कहा कि हमने इस सर्विस को ऑफर करने के लिए सभी कानूनी पहलुओं का ध्यान रखा है। उन्होंने कहा, "समय पर रेंट पेमेंट कर आप न सिर्फ स्ट्रॉन्ग रेंटल हिस्ट्री बनाएंगे बल्कि आपका व्यापक रेंट क्रेडिट स्कोर भी बनेगा। यह आपके सभी रेंटल इंफॉर्मेशन का डिजिटल स्टोरेज सॉल्यूशन होगा। रेंट पेमेंट्स पर आपको रिवॉर्ड मिलेगा।"
यह भी पढ़ें: HDFC Bank के करोड़ों ग्राहकों के लिए अलर्ट! बुजुर्ग महिला ने लगाया बैंक मैनेजर पर 3 करोड़ रुपये की FD चुराने का आरोप
650 से कम रेंट स्कोर खराब
रेंट पर घर में रहने वाला कोई व्यक्ति अगर रेनटेनपे के ऐप के जरिए रेगुलर रेंट का पेमेंट करता है और उसका रेंट स्कोर Excellent है तो कंपनी उसका एक महीने का रेंट पे करेगी। मकानमालिक अगर इस ऐप को इंस्टॉल करते हैं और अपना अकाउंट क्रिएट करते हैं तो उन्हें किराएदार के प्रोफाइल का एक्सेस दिया जाता है, जो रेनटेनपे से वेरिफायड होता है। कंपनी का कहना है कि 650 से कम रेंट क्रेडिट स्कोर खराब माना जाता है। 790 से ऊपर के स्कोर को सबसे अच्छा माना जाता है।