Interest on Saving Account: ज्यादातर लोग किसी भी इमरजेंसी से निपटने के लिए अपने हाथ में कैश रखना पसंद करते हैं। एक सेविंग अकाउंट लोगों के लिए कैश की तरह ही काम करता है क्योंकि वह इस पैसे को कभी भी निकाल सकते हैं। साथ ही सेविंग अकाउंट के पैसे पर लोगों को ब्याज भी मिलता है। ये बैंक ग्राहकों को अपने सेविंग अकाउंट पर फिक्सड डिपॉजिट (FD) जितना ब्याज देता है। आरबीएल बैंक (RBL Bank) अपने ग्राहकों को सेविंग अकाउंट पर FD जितना इंटरेस्ट ऑफर कर रहा है। बैंक आज से यानी 5 सितंबर से सेविंग अकाउंट पर अधिकतम 6.25% तक का ब्याज दे रहा है।
बैंक ने बढाया सेविंग अकाउंट पर इंटरेस्ट
बैंक ने अपनी अपनी वेबसाइट पर कहा है कि आरबीएल बैंक ने 1 लाख रुपये तक की शेष राशि के बचत खाते पर ब्याज दर को 4.25% ही रखा है। उसके ऊपर यानी 1 लाख रुपये से लेकर 10 लाख रुपये तक के बैलेंस पर 5.50 फीसदी ब्याज मिलेगा। 10 लाख रुपये से 25 लाख रुपये तक की जमा राशि पर 6% ब्याज मिलेगा, लेकिन 25 लाख रुपये से अधिक और 1 करोड़ रुपये तक की जमा राशि पर 6.25% की नई ब्याज मिलेगा, जो पहले 6% था।
इतने अमाउंट पर मिलेगा इतना ब्याज
1 करोड़ रुपये से 5 करोड़ रुपये तक की जमा राशि पर ब्याज पहले 6% से बढ़ाकर 6.25% कर दिया गया है। बैंक ने 5 करोड़ रुपये से 7.5 करोड़ रुपये तक की जमा राशि पर ब्याज भी 5.75% से बढ़ाकर 6.25% कर दिया। 10 करोड़ रुपये से लेकर 50 करोड़ रुपये तक की जमा राशि पर नई दर 6.10 फीसदी होगी।
ब्याज रोजाना के आधार पर कैलकुलेट किया जाएगा। आरबीएल बैंक ने अपनी वेबसाइट पर कहा कि हर साल 30 जून, 30 सितंबर, 31 दिसंबर और 31 मार्च को तिमाही आधार पर ग्राहक के खाते में ब्याज का पेमेंट किया जाएगा। मुद्रास्फीति पर काबू पाने के लिए पिछले तीन महीनों में भारतीय रिजर्व बैंक ने रेपो दरों में 140 आधार अंकों की यानी 1.40 फीसदी बढ़ोतरी की है जिसके बाद बैंकों ने सेविंग और फिक्सड डिपॉजिट पर ब्याज बढ़ाया है।