SBI news: एसबीआई ने करोड़ों ग्राहकों के लिए जारी की ये एडवाइजरी, अलग-अलग ब्रांच बंद रहने की आशंकाओं के बीच दिया ये अपडेट

एसबीआई ने अपने करोड़ों खाताधारकों से अनुरोध किया है कि वे कैश निकालने और दूसरे बुनियादी काम के लिए एटीएम का इस्तेमाल करें। इसके अलावा नजदीकी ग्राहक सेवा केंद्रों (CSP) की मदद लेने को भी कहा गया है। बैंक ने लेनदेन के लिए अपने आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म योनो (YONO) ऐप और यूपीआई (UPI) जैसी ऑनलाइन बैंकिंग सेवाओं को प्राथमिकता देने की सलाह दी है

अपडेटेड May 22, 2026 पर 6:54 PM
Story continues below Advertisement
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने अपने करोड़ों ग्राहकों के लिए एक बेहद जरूरी और महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है।

देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने अपने करोड़ों ग्राहकों के लिए एक बेहद जरूरी और महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। अगले हफ्ते की शुरुआत में बैंक कर्मचारियों द्वारा बुलाई गई देशव्यापी हड़ताल (SBI Staff Strike) के मद्देनजर, एसबीआई ने ग्राहकों को बैंकिंग कामकाज निपटाने के लिए वैकल्पिक माध्यमों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। हड़ताल की वजह से देशभर में एसबीआई की अलग-अलग शाखाओं के बंद रहने या कामकाज प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में बैंक ने ग्राहकों की सुविधा और लेन-देन को सुचारू बनाए रखने के लिए यह नया अपडेट जारी किया है।

सबसे पहले आप यहां नीचे एसबीआई की आधिकारिक एडवाइजर उसके आधिकारिक एक्स हैंडल पर देखें-


न्यूज एजेंसी पीटीआई (PTI) की रिपोर्ट के मुताबिक, SBI ने अपने 52 करोड़ से अधिक ग्राहकों से एक विशेष अपील की है। बैंक ने कहा है कि कर्मचारी संगठन की ओर से दी गई हड़ताल की चेतावनी को देखते हुए ग्राहक पैसों के लेन-देन और अन्य वित्तीय कार्यों के लिए डिजिटल और ऑनलाइन माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग करें।

SBI ने ग्राहकों को दी इन वैकल्पिक माध्यमों के इस्तेमाल की सलाह

एसबीआई ने अपने करोड़ों खाताधारकों से अनुरोध किया है कि वे कैश निकालने और दूसरे बुनियादी काम के लिए एटीएम का इस्तेमाल करें। इसके अलावा नजदीकी ग्राहक सेवा केंद्रों (CSP) की मदद लेने को भी कहा गया है। बैंक ने लेनदेन के लिए अपने आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म योनो (YONO) ऐप और यूपीआई (UPI) जैसी ऑनलाइन बैंकिंग सेवाओं को प्राथमिकता देने की सलाह दी है।

देश की कुल बैंकिंग गतिविधियों में लगभग एक-चौथाई (पांचवां हिस्सा) हिस्सेदारी वाली एसबीआई ने आश्वासन दिया है कि वह अपनी 23200 से अधिक शाखाओं में जरूरी सेवाएं देने के लिए हरसंभव कोशिश कर रही है। इसके साथ ही बैंक ने अपने पोस्ट में लिखा है कि हम इस वजह से होने वाली किसी भी असुविधा के लिए ईमानदारी से खेद व्यक्त करते हैं।

लगातार 5 दिन प्रभावित रह सकती हैं बैंकिंग सेवाएं, जानिए गणित

अगर बैंक कर्मचारियों की यह प्रस्तावित हड़ताल अमल में आती है, तो देश भर में एसबीआई का कामकाज लगातार 5 दिनों तक ठप या प्रभावित रह सकता है। इसकी वजह छुट्टियों और हड़ताल का यह खास संयोग है। 23 मई को महीने का चौथा शनिवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे। 24 मई को रविवार का साप्ताहिक अवकाश रहेगा। 25 मई को कर्मचारी यूनियन की दो दिवसीय हड़ताल का पहला दिन रहेगा। 26 मई को हड़ताल का दूसरा और आखिरी दिन है। 27 मई यानी बुधवार को हड़ताल खत्म होने के अगले ही दिन कई राज्यों में ईद-उल-अजहा (बकरीद) के उपलक्ष्य में सरकारी छुट्टी घोषित है।

आखिर क्यों हड़ताल पर जा रहे हैं एसबीआई कर्मचारी?

'ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन' (AISBISF) ने आगामी 25 मई से इस दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का नोटिस दिया है। कर्मचारी संगठन ने बैंक प्रबंधन के सामने अपनी विभिन्न मांगें रखी हैं, जिन पर दबाव बनाने के लिए इस हड़ताल का आह्वान किया गया है। कर्मचारियों की मांग है कि बैंक में खाली पड़े पदों पर पर्याप्त संख्या में नए कर्मचारियों की तत्काल बहाली की जाए। शाखाओं की सुरक्षा और व्यवस्था के लिए मैसेंजर्स और सशस्त्र गार्ड्स की भर्ती की जाए। एनपीएस (NPS) कर्मचारियों को अपना पेंशन फंड मैनेजर बदलने का विकल्प प्रदान किया जाए।

कर्मचारी संगठन (AISBISF) ने एक बयान में मांग की है कि बैंक स्थाई नौकरियों को आउटसोर्स (बाहरी एजेंसियों को सौंपना) करना पूरी तरह बंद करे। संगठन का तर्क है कि आउटसोर्सिंग की वजह से ग्राहकों के डेटा लीक होने, डेटा के दुरुपयोग, धोखाधड़ी और पहचान चोरी का सीधा खतरा बना रहता है। इससे न केवल ग्राहकों का भरोसा टूटता है, बल्कि बैंक को भी गंभीर प्रतिष्ठित और कानूनी परिणामों का सामना करना पड़ सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।