SBI Savings & Investment Schemes: भारतीय स्टेट बैंक अपने ग्राहकों के लिए रेगुलर इनकम, वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर ब्याज और पर्यावरण-अनुकूल निवेश के लिए कई खास फिक्स्ड डिपॉजिट और मंथली इनकम स्कीम्स पेश करता है। अगर आप एकमुश्त पैसा जमा करके हर महीने रेगुलर इनकम पाना चाहते हैं या सुरक्षित निवेश के विकल्प तलाश रहे हैं, तो SBI की ये 3 प्रमुख डिपॉजिट स्कीम्स आपके लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकती हैं:
1. SBI एन्युटी डिपॉजिट स्कीम
यह योजना उन लोगों के लिए बेहतरीन विकल्प है जो एकमुश्त रकम जमा करके हर महीने फिक्स आय पाना चाहते हैं। इसमें ग्राहक एक बार में पैसा जमा करता है और बैंक उसे EMI के रूप में हर महीने भुगतान करता है। इस मंथली इंस्टॉलमेंट में मूलधन और ब्याज दोनों शामिल होते हैं।
ग्राहक 36, 60, 84 या 120 महीने की अवधि चुन सकते हैं। इस पर मिलने वाला ब्याज बैंक के सामान्य रिटेल टर्म डिपॉजिट (FD) की दरों के बराबर होता है। ब्याज तिमाही आधार पर कंपाउंड होता है और मासिक किस्त में जुड़कर मिलता है।
न्यूनतम मासिक एन्युटी ₹1,000 के हिसाब से तय होती है। यानी 5 साल के लिए कम से कम ₹60,000। इस स्कीम में अधिकतम निवेश की कोई सीमा नहीं है। सबसे खास बात ये है कि विशेष परिस्थितियों में बकाया एन्युटी बैलेंस का 75% तक लोन/ओवरड्राफ्ट लिया जा सकता है।
2. SBI पैट्रंस स्कीम- सुपर सीनियर सिटीजन्स के लिए
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों को सम्मानित करने और उन्हें वित्तीय लाभ देने के लिए 'SBI Patrons' सुविधा शुरू की है। 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के भारतीय निवासी इसके लिए एलिजिबल है।
इस स्कीम के तहत सुपर सीनियर सिटीजन्स को सामान्य सीनियर सिटीजन कार्ड रेट से भी 10 बीपीएस (0.10%) एक्स्ट्रा ब्याज दिया जाता है। यह 7 दिन से लेकर 10 साल तक की अवधि वाले ₹3 करोड़ से कम के रिटेल टर्म डिपॉजिट पर लागू होता है।
इसके लिए किसी अलग प्रोडक्ट कोड की जरूरत नहीं होती। कोर बैंकिंग सिस्टम में दर्ज जन्मतिथि के आधार पर ऑटोमैटिक या ऑनलाइन SBI/YONO से FD बनाते समय यह अतिरिक्त ब्याज अप्लाई हो जाता है।
3. SBI ग्रीन Rupee टर्म डिपॉजिट (SGRTD)
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए SBI ने यह खास 'ग्रीन डिपॉजिट' पहल शुरू की है। इसके तहत जुटाए गए फंड का इस्तेमाल भारत में पर्यावरण के अनुकूल प्रोजेक्ट्स और रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर को फाइनेंस करने के लिए किया जाता है।
SGRTD स्कीम 3 विशिष्ट अवधियों में उपलब्ध है- 1111 दिन, 1777 दिन और 2222 दिन। इसमें भारतीय निवासी, नाबालिग और नॉन-इंडिविजुअल ग्राहक निवेश कर सकते हैं। मात्र ₹1,000 से निवेश शुरू किया जा सकता है, और अधिकतम राशि की कोई सीमा नहीं है।
इसमें सामान्य FD के अनुरूप आकर्षक ब्याज दरें मिलती हैं, साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को अतिरिक्त दर का लाभ भी मिलता है। इस योजना में लोन/ओवरड्राफ्ट की सुविधा भी मिलती है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।