SBI YONO UPI Payment: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने अपने ग्राहकों के लिए एक नई सर्विस शुरू की है। अब SBI और गैर-SBI ग्राहक बैंक के डिजिटल बैंकिंग ऐप YONO के जरिए यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस यानी UPI पेमेंट कर सकते हैं। इसके लिए बैंक ने YONO का नया वर्जन लॉन्च किया है, जिसका इस्तेमाल किसी भी बैंक के ग्राहक UPI पेमेंट करने के लिए कर सकते हैं। यानी, अगर आपका SBI बैंक में अकाउंट नहीं है तब भी आप योनो ऐप के जरिये यूपीआई पेमेंट कर सकते हैं।
SBI में नहीं है बैंक अकाउंट, तभी कर सकते हैं YONO ऐप से पेमेंट
भारतीय स्टेट बैंक ने कहा कि देश में आज भी ऐसे कई ग्राहक हैं जो टेक कंपनियों से ज्यादा बैंकों पर भरोसा करते हैं। इसमें बड़ी संख्या में सीनियर सिटीजन ग्राहक हैं। ऐसे में उन ग्राहकों को ध्यान में रखते हुए योनो के जरिए डिजिटल पेमेंट शुरू करने का फैसला किया। अन्य बैंकों के ग्राहकों को भी आकर्षित करने के लिए एसबीआई ने गैर-एसबीआई खाताधारकों को योनो ऐप के माध्यम से यूपीआई पेमेंट की सर्विस देने का फैसला किया है। ऐसे में अब YONO का इस्तेमाल करने के लिए SBI अकाउंट की जरूरत नहीं है। गैर-एसबीआई अकाउंट होल्डर के लिए YONO ऐप का इस्तेमाल एक बड़ा गेम चेंजर साबित हो सकता है।
एसबीआई देश का सबसे बड़ा पब्लिक सेक्टर बैंक है। देशभर में इसके करोड़ों अकाउंटहोल्डर है। ऐसे में बैंक के इस फैसले के बाद अन्य डिजिटल पेमेंट ऐप्स पर असर पड़ना तय है। इसके अलावा जब अन्य बैंक अपने ग्राहकों के लिए YONO के जरिये पेमेंट कराना शुरू करेंगे, तो कई लोग टेक कंपनी के ऐप के बजाय बैंक के ऐप का इस्तेमाल करना पसंद करेंगे।
UPI पेमेंट के लिए ऐसे करें YONO का इस्तेमाल
इसके लिए सबसे पहले अपने मोबाइल में एसबीआई योनो ऐप डाउनलोड करें।
इसके बाद न्यू टू एसबीआई और रजिस्टर नाउ विकल्प चुनें।
इसके बाद बैंक अकाउंट विकल्प के साथ अपना मोबाइल नंबर चुनें।
इसके बाद नंबर वेरिफाई करने के बाद आपको अपनी यूपीआई आईडी बनानी होगी।
यूपीआई आईडी जनरेट होने के बाद अपने बैंक का ऑप्शन चुनें।
फिर आपको एसबीआई पे के साथ रजिस्ट्रेशन करना होगा, जिसके लिए आपको वैरिफिकेशन के प्रोसेस से गुजरना होगा।
इसके बाद आपको UPI हैंडल बनाना होगा और फिर UPI को चुनना होगा।
फिर अपने अकाउंट में लॉग इन करें और MPIN सेट करें।
MPIN सेट करने के बाद आप UPI पेमेंट के लिए SBI YONO का इस्तेमाल कर सकते हैं।