Sovereign Gold Bond: 5 साल में 167% रिटर्न! 25 नवंबर को हर यूनिट पर मिलेंगे ₹12,612, RBI का ऐलान

RBI ने सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड 2021-22 सीरीज-I का प्रीमैच्योर रिडेम्प्शन प्राइस 12612 रुपये प्रति यूनिट तय किया है। निवेशक 25 नवंबर 2026 को अपने बॉन्ड भुना सकेंगे। 4727 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले इसमें 167 फीसदी रिटर्न बन रहा है।

अपडेटेड Nov 24, 2026 पर 12:30 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
RBI ने सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड 2021-22 सीरीज-I का प्रीमैच्योर रिडेम्प्शन प्राइस 12612 रुपये प्रति यूनिट तय किया है।

मई 2021 में सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड में पैसा लगाने वालों की झोली अब भरने वाली है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) 2021-22 सीरीज-I के प्रीमैच्योर रिडेम्प्शन की कीमत 12612 रुपये प्रति यूनिट तय की है। जिन निवेशकों ने ये बॉन्ड 4727 रुपये के इश्यू प्राइस पर लिया था, उन्हें अब 167 फीसदी का बंपर रिटर्न मिलने जा रहा है।

25 नवंबर को भुना सकेंगे बॉन्ड

RBI ने ये सीरीज 25 मई 2021 को जारी की थी। नियमों के मुताबिक गोल्ड बॉन्ड जारी होने की तारीख से 5 साल पूरे होने के बाद ही समय से पहले निकासी की इजाजत मिलती है, और वो भी सिर्फ ब्याज भुगतान वाली तारीख पर। इसी नियम के तहत सीरीज-I के निवेशक 25 नवंबर 2026 को अपने बॉन्ड भुना सकेंगे। ये कीमत उन लोगों के लिए खास है, जो मैच्योरिटी का इंतजार किए बिना अभी अपना पैसा निकालना चाहते हैं।


ऐसे बना 167 फीसदी का रिटर्न

सीरीज-I के लिए इश्यू प्राइस 4727 रुपये तय किया गया था और अब रिडेम्प्शन प्राइस 12612 रुपये है। मतलब हर यूनिट पर 7885 रुपये का फायदा। इश्यू प्राइस और रिडेम्प्शन प्राइस के हिसाब से ये 167 फीसदी का रिटर्न बनता है।

मान लीजिए किसी ने उस वक्त 10 यूनिट के लिए 47270 रुपये लगाए थे, तो अब उसे 126120 रुपये मिलेंगे। ये रकम सिर्फ सोने के भाव में आई बढ़त की है। SGB पर मिलने वाला ब्याज तो हर 6 महीने में अलग से खाते में आता रहता है।

IBJA के भाव से तय होती है कीमत

प्रीमैच्योर रिडेम्प्शन की कीमत 999 प्योरिटी वाले सोने के पिछले 3 कारोबारी दिनों के औसत क्लोजिंग प्राइस से तय होती है। ये भाव इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन लिमिटेड (IBJA) जारी करता है। 25 नवंबर के रिडेम्प्शन के लिए 19 नवंबर, 20 नवंबर और 23 नवंबर 2026 के क्लोजिंग प्राइस का औसत निकाला गया। इसी आधार पर RBI ने 12612 रुपये प्रति यूनिट का भाव तय किया है।

FY22 में आई थीं 6 सीरीज

FY22 में RBI ने सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की कुल 6 सीरीज लाई थीं। सीरीज-I का सब्सक्रिप्शन 17 से 21 मई 2021 तक खुला था और ये 25 मई 2021 को जारी हुई। सीरीज-II 24 से 28 मई 2021 तक खुली और 1 जून 2021 को जारी हुई। सीरीज-III का सब्सक्रिप्शन 31 मई से 4 जून 2021 तक चला और ये 8 जून 2021 को जारी हुई।

सीरीज-IV 12 से 16 जुलाई 2021 तक खुली और 20 जुलाई 2021 को जारी हुई। सीरीज-V के लिए 9 से 13 अगस्त 2021 तक आवेदन हुए और 17 अगस्त 2021 को बॉन्ड जारी हुए। आखिरी सीरीज-VI 30 अगस्त से 3 सितंबर 2021 तक खुली और 7 सितंबर 2021 को जारी हुई।

क्या है सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड

सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड सोने पर आधारित सरकारी निवेश बॉन्ड हैं। इन्हें भारत सरकार की ओर से RBI जारी करता है और इनका मैनेजमेंट भी RBI ही करता है। इसमें फिजिकल सोना खरीदकर तिजोरी में रखने की झंझट नहीं होती। निवेशक सोने के ग्राम के हिसाब से बॉन्ड में पैसा लगाता है।

बॉन्ड की कीमत 24 कैरेट सोने के बाजार भाव से जुड़ी रहती है। मतलब सोना जितना महंगा होगा, बॉन्ड की वैल्यू भी उसी अनुपात में बढ़ेगी, और सोने के भाव में बदलाव का फायदा सीधे निवेशक को मिलता है।

2.5 फीसदी ब्याज और 8 साल की मैच्योरिटी

सोने के भाव में बढ़त के अलावा निवेशकों को इस बॉन्ड पर सालाना 2.5 फीसदी ब्याज मिलता है, जो हर 6 महीने में सीधे बैंक खाते में आता है। बॉन्ड की मूल अवधि 8 साल होती है, लेकिन इश्यू डेट से 5 साल पूरे होने के बाद ब्याज भुगतान की तारीख पर निवेशक आंशिक या पूरी निकासी कर सकते हैं। ये बॉन्ड स्टॉक एक्सचेंज पर ट्रेड भी होते हैं, इसलिए जरूरत पड़ने पर इन्हें बेचा भी जा सकता है।

केंद्र सरकार ने 2015 में सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम लॉन्च की थी। इसका मकसद देश में सोने का इंपोर्ट घटाना और लोगों को सोना खरीदने की जगह एक सुरक्षित निवेश का विकल्प देना था। इसमें निवेशक सोने में पैसा भी लगाता है और ऊपर से ब्याज भी कमाता है।

फरवरी 2024 में आई थी आखिरी SGB

RBI ने आखिरी बार फरवरी 2024 में सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड जारी किया था। तब इश्यू प्राइस 6263 रुपये प्रति ग्राम रखा गया था। ऑनलाइन आवेदन करने वालों को 50 रुपये प्रति ग्राम की अलग से छूट मिली थी, यानी उनके लिए भाव 6213 रुपये प्रति ग्राम था।

Gold Price Today: Nvidia में जेनसेन हुआंग की वापसी से सोने में तेजी, 3670 डॉलर के करीब पहुंचा भाव, चांदी भी चमकी

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।