FD Calculator: बैंक ऑफ इंडिया की धमाकेदार एफडी स्कीम, 500 दिन की एफडी पर 7.65% तक इंटरेस्ट, जानिए 5 लाख के एफडी पर कितनी होगी कमाई

इस स्कीम में सामान्य ग्राहकों को 6.85 फीसदी, 60 साल या इससे अधिक उम्र के सीनियर सिटीजंस को 7.35 फीसदी और 80 साल या इससे अधिक उम्र के सुपर सीनियर सिटीजंस को 7.50 फीसदी सालाना ब्याज मिलेगा

अपडेटेड Nov 24, 2026 पर 12:51 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
इस स्कीम में सामान्य ग्राहकों के मुकाबले सीनियर और सुपर सीनियर सिटीजंस को ज्यादा इंटरेस्ट मिलेगा।

बैंक ऑफ इंडिया (बीओआई) ने ग्राहकों के लिए नई फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) स्कीम 'अक्षय फिक्स्ड डिपॉजिट' (Akshay Fixed Deposit) लॉन्च की है। इस स्कीम के तहत 500 दिनों की एफडी पर ग्राहकों को अधिकतम 7.65 फीसदी इंटरेस्ट मिलेगा। हालांकि, इंटरेस्ट रेट इनवेस्टर की उम्र और एफडी के प्रकार पर निर्भर करेगा। इस स्कीम में सामान्य ग्राहकों के मुकाबले सीनियर और सुपर सीनियर सिटीजंस को ज्यादा इंटरेस्ट मिलेगा।

इस स्कीम में सामान्य ग्राहकों को 6.85 फीसदी, 60 साल या इससे अधिक उम्र के सीनियर सिटीजंस को 7.35 फीसदी और 80 साल या इससे अधिक उम्र के सुपर सीनियर सिटीजंस को 7.50 फीसदी सालाना ब्याज मिलेगा। ये दरें 10,000 रुपये से लेकर 3 करोड़ रुपये से कम की कॉलेबल एफडी (callable) FD पर लागू होंगी।

3 करोड़ रुपये से कम की FD पर कितना मिलेगा ब्याज?

BOI ने 1 करोड़ रुपये से अधिक और 3 करोड़ रुपये से कम की नॉन-कॉलेबल FD के लिए ज्यादा ब्याज दरें रखी हैं। इसमें सामान्य ग्राहकों को 7 फीसदी, सीनियर सिटीजंस को 7.50 फीसदी और सुपर सीनियर सिटीजंस को 7.65 फीसदी सालाना ब्याज मिलेगा। बैंक के मुताबिक, नॉन-कॉलेबल FD पर इनवेस्टर को 15 बेसिस पॉइंट यानी 0.15 फीसदी ज्यादा ब्याज मिलेगा।


सीनियर सिटीजंस यानी 60 साल से ज्यादा उम्र के व्यक्ति के लिए इस स्कीम में इंटरेस्ट रेट 7.35 फीसदी होगा। इस रेट से उसे 5 लाख रुपये पर 500 दिन में करीब 52,459 रुपये का इंटरेस्ट मिलेगा। सुपर सीटिजंस यानी 80 साल से ज्यादा उम्र के व्यक्ति को 7.5 फीसदी इंटरेस्ट मिलेगा। इस रेट से उसका लाख रुपये 500 दिन में बढ़कर 5,53,575 रुपये हो जाएगा।

5 लाख एफडी पर कितनी होगी कमाई?

Bank of India (BOI) की 500 दिन की अक्षय फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम में 5 लाख रुपये जमा करने पर सामान्य ग्राहक को 500 दिनों में करीब 46,950 रुपये ब्याज मिल सकता है। यह कैलकुलेश न 6.85% सालाना ब्याज दर और तिमाही चक्रवृद्धि के अनुमान पर आधारित है। इस स्कीम में 5 लाख रुपये की FD पर नॉन-कॉलेबल का विकल्प नहीं मिलेगा, क्योंकि वह 1 करोड़ रुपये से अधिक की जमा के लिए है। इसलिए यहां कॉलेबल FD की ब्याज दर लागू होगी।

Callable और Non-callable FD में क्या है अंतर?

अक्षय FD स्कीम में निवेश करने से पहले Callable और Non-callable डिपॉजिट के बीच अंतर समझना जरूरी है। कॉलेबल एफडी में ग्राहक जरूरत पड़ने पर मैच्योरिटी से पहले पैसा निकाल सकते हैं। बैंक की शर्तों के अनुसार FD के बदले लोन लेने की सुविधा भी मिलती है। नॉन-कॉलेबल एफडी में मैच्योरिटी से पहले पैसा निकालने की सुविधा नहीं होती। इसके अलावा FD के बदले लोन भी नहीं लिया जा सकता। इसके बदले बैंक ज्यादा ब्याज देता है।

कॉलेबल एफडी किस तरह के ग्राहकों के लिए है?

इसलिए जिन ग्राहकों को बीच में पैसों की जरूरत पड़ सकती है, उनके लिए Callable FD ज्यादा सुविधाजनक है। वहीं, जिनके पास अलग से इमरजेंसी फंड है और वे तय अवधि तक पैसा जमा रख सकते हैं, वे Non-callable FD पर विचार कर सकते हैं।

क्या हर महीने और तिमाही में ब्याज पाने का विकल्प है?

BOI की इस FD स्कीम में निवेशकों को नियमित आमदनी पाने के लिए मंथली और क्वार्टरली ब्याज भुगतान का विकल्प भी दिया गया है। मंथली इनकम सर्टिफिकेट (MIC) में FD पर मिलने वाला ब्याज हर महीने दिया जाता है। यह उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है, जिन्हें घर के खर्च और दूसरी जरूरतों के लिए नियमित आमदनी चाहिए। क्वार्टर्ली इनकम सर्टिफिकेट (QIC) में हर तीन महीने में ब्याज का भुगतान किया जाता है। यह उन निवेशकों के लिए उपयोगी हो सकता है, जिन्हें तिमाही आधार पर पैसों की जरूरत होती है।

यह भी पढ़ें: Gold Loan: सोने की कीमतों में गिरावट से गोल्ड लोन पर बढ़ा खतरा, समझिए ग्राहकों पर क्या होगा असर

कहां खोल सकते हैं FD?

ग्राहक बैंक ऑफ इंडिया की किसी भी शाखा में जाकर अक्षय फिक्स्ड डिपॉजिट खुलवा सकते हैं। इसके अलावा BOI Omni Neo ऐप और इंटरनेट बैंकिंग के जरिए भी FD में निवेश किया जा सकता है। यह ऑफर सीमित अवधि के लिए उपलब्ध है। हालांकि, FD में निवेश करने से पहले केवल ब्याज दर नहीं, बल्कि लॉक-इन अवधि, समय से पहले निकासी की सुविधा और टैक्स देनदारी को भी समझना चाहिए। FD से मिलने वाला ब्याज आमतौर पर निवेशक की लागू इनकम टैक्स स्लैब के अनुसार टैक्सेबल होता है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।