Gold Loan: सोने की कीमतों में तेजी के बीच गोल्ड लोन का कारोबार तेजी से बढ़ा। लोगों ने अपनी सोने की ज्वेलरी गिरवी रखकर बड़ी रकम उधार ली। लेकिन अब सोने के भाव में 30% से ज्यादा की गिरावट ने लोन देने वाली कंपनियों की चिंता बढ़ा दी है। इसकी वजह है Loan-to-Value (LTV) रेशियो का बढ़ना। इससे कर्ज की वसूली का जोखिम बढ़ सकता है।
RBI के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर 2026 में सोने की ज्वेलरी के बदले दिए गए लोन बढ़कर ₹3.74 लाख करोड़ से ज्यादा हो गए। एक साल पहले सितंबर 2025 में यह आंकड़ा ₹2.25 लाख करोड़ था। जनवरी 2026 में सोना करीब ₹1.80 लाख प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था। अब इसका भाव करीब ₹1.25 लाख रह गया है।
₹5 लाख के गोल्ड लोन का गणित समझिए
मान लीजिए, आपने ₹7.14 लाख की सोने की ज्वेलरी गिरवी रखकर ₹5 लाख का लोन लिया। इस पर LTV करीब 70% होगा। अब अगर सोने की कीमत 30% गिर जाती है, तो आपकी ज्वेलरी की कीमत घटकर करीब ₹5 लाख रह जाएगी। लेकिन लोन अभी भी ₹5 लाख ही है। ऐसे में LTV बढ़कर 100% हो जाएगा।
यानी लोन देने वाली कंपनी के पास कर्ज की रकम के बराबर ही सोना बचा है। अगर कीमत और गिरती है या ग्राहक कर्ज नहीं चुकाता, तो सोना नीलाम करके पूरी रकम वसूलना मुश्किल हो सकता है।
कंपनियों को दिखने लगे तनाव के संकेत
पिरामल फाइनेंस के मुताबिक, गोल्ड लोन लेने वाले ग्राहकों में दूसरे लोन का बोझ भी बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2026 में इंडस्ट्री में करीब ₹4.7 लाख करोड़ के गोल्ड लोन ऐसे ग्राहकों को दिए गए, जो 90 दिन से ज्यादा समय से किसी लोन के भुगतान में देरी कर रहे थे।
बजाज फाइनेंस ने भी सितंबर तिमाही में अपने गोल्ड लोन कारोबार में दबाव की बात कही। कंपनी के स्टेज 2 और स्टेज 3 एसेट्स में ₹1,047 करोड़ की बढ़ोतरी हुई।
गोल्ड लोन कंपनियों के शेयरों में भी हाल में गिरावट आई है। पिछले पांच कारोबारी सत्रों में मुथूट फाइनेंस का शेयर करीब 8.5% और मणप्पुरम फाइनेंस का शेयर 11% से ज्यादा गिरा। IIFL फाइनेंस में भी करीब 4% की गिरावट आई।
हालांकि, क्रिसिल के मुताबिक गोल्ड लोन सेक्टर में ग्रोथ जारी रह सकती है। वित्त वर्ष 2026-27 और 2027-28 में इस सेगमेंट का AUM करीब 40% की सालाना दर से बढ़ने का अनुमान है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।