Silver Rate Today: बुधवार, 11 फरवरी की सुबह चांदी की कीमतों में गिरावट दिख रही है। भाव 289900 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया है। इससे पहले चांदी जनवरी में 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के पार निकल गई थी। एक दिन पहले की बात करें तो राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सराफा बाजार में चांदी की कीमत में 7,500 रुपये या करीब 3 प्रतिशत की गिरावट देखी गई थी। इसके बाद हाजिर भाव टूटकर 2,64,500 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत पर नजर डालें तो रॉयटर्स के मुताबिक, चांदी का हाजिर भाव 2.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 82.43 डॉलर प्रति औंस हो गया है। US ट्रेजरी बॉन्ड की यील्ड में गिरावट से सोने और चांदी जैसी कीमती धातुओं की कीमतें बढ़ी हैं। एक दिन पहले वैश्विक बाजार में चांदी 3 प्रतिशत से ज्यादा नीचे आई थी।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि चांदी में लॉन्ग टर्म में संभावनाएं बनी हुई हैं, लेकिन शॉर्ट टर्म में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। ऐसे में निवेशकों को एक साथ बड़ी रकम लगाने से बचना चाहिए। गिरावट पर धीरे-धीरे खरीदारी करना ज्यादा सुरक्षित रणनीति मानी जा रही है।
ऑल इंडिया जेम एंड ज्वेलरी डोमेस्टिक काउंसिल (GJC) के चेयरमैन राजेश रोकड़े का मानना है कि 2026 में एक किलोग्राम चांदी का भाव 5,00,000 रुपये तक जा सकता है। वहीं 10 ग्राम सोने का भाव 2,00,000 रुपये तक जा सकता है। अगर सरकार सोने-चांदी पर GST और इंपोर्ट ड्यूटी घटाती है तो भाव में कमी आ सकती है।
बुधवार, 11 फरवरी की सुबह सोने के भाव में उछाल है। राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट गोल्ड का रेट बढ़कर 158940 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है। मुंबई में कीमत 158790 रुपये प्रति 10 ग्राम है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का हाजिर भाव 0.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 5049.59 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया है। अप्रैल में डिलीवरी वाला यूएस गोल्ड फ्यूचर्स 0.9 प्रतिशत बढ़कर 5073.40 डॉलर प्रति औंस हो गया है।