Silver Rate Today: 13 फरवरी को चांदी की कीमतों में तेजी है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर मार्च में डिलीवरी वाले सिल्वर कॉन्ट्रैक्ट्स का वायदा भाव पिछली क्लोजिंग से लगभग 3 प्रतिशत तक उछलकर 243699 रुपये प्रति किलोग्राम के हाई तक गया। एक दिन पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सराफा बाजार में चांदी की कीमतें 2,68,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रहीं। चांदी ने घरेलू बाजार में जनवरी महीने में 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम का आंकड़ा क्रॉस किया था।
अमेरिका में अच्छे जॉब डेटा से निकट अवधि में फेडरल रिजर्व की ओर से प्रमुख ब्याज दर में कटौती की उम्मीदों को झटका लगा है। जनवरी में अमेरिका में जॉब ग्रोथ अचानक तेज हो गई और बेरोजगारी दर गिरकर 4.3% रह गई। अब निवेशकों को महंगाई का डेटा जारी होने का इंतजार है।
वैश्विक बाजार में चांदी की कीमत
अंतरराष्ट्रीय बाजार पर नजर डालें तो रॉयटर्स के मुताबिक, चांदी का हाजिर भाव 2.5 प्रतिशत की तेजी के साथ 77.02 डॉलर प्रति औंस हो गया है। एक दिन पहले यानि कि गुरुवार को वैश्विक बाजार में चांदी की कीमत 11 प्रतिशत गिरी थी। एक्सपर्ट्स का कहना है कि चांदी में लॉन्ग टर्म में संभावनाएं बनी हुई हैं, लेकिन शॉर्ट टर्म में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। ऐसे में निवेशकों को एक साथ बड़ी रकम लगाने से बचना चाहिए।
13 फरवरी को सोने के भाव में भी तेजी है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर अप्रैल में डिलीवरी वाला सोना पिछले बंद भाव से 1.3 प्रतिशत उछलकर 154837 रुपये प्रति 10 ग्राम के हाई तक गया। एक दिन पहले दिल्ली के सराफा बाजार में सोने का हाजिर भाव 400 रुपये टूटकर 1,60,900 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का हाजिर भाव 1.3 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,982.59 डॉलर प्रति औंस हो गया है। अप्रैल में डिलीवरी वाला यूएस गोल्ड फ्यूचर्स 1.1 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5001.80 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया है।