SIP Calculator: ₹1 करोड़ का फंड बनाने के लिए कितने की करनी होगी मंथली SIP? समझें नॉर्मल और Step-Up एसआईपी का पूरा गणित

SIP Calculator ₹1 Crore Fund: म्यूचुअल फंड में ₹1 करोड़ का फंड बनाना मुश्किल नहीं है। अगर आप ₹10,000 प्रति माह की साधारण एसआईपी करते हैं, तो 12% औसत रिटर्न के साथ 20 साल में 1 करोड़ रुपये का कॉर्पस तैयार होता है। लेकिन अगर आप 'स्टेप-अप एसआईपी' अपनाते हैं और हर साल अपनी किस्त में सिर्फ 10% की बढ़ोतरी करते हैं, तो यही लक्ष्य महज 13 साल में हासिल हो जाएगा। एक्सपर्ट से जानिए ₹1 करोड़ बनाने के 3 गोल्डन रूल्स

अपडेटेड Sep 10, 2026 पर 10:26 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
जानें ₹1 करोड़ का मैजिक फिगर हासिल करने के लिए हर महीने कितने रुपये की एसआईपी करनी होगी?

₹1 Crore SIP Calculator: भारतीय शेयर बाजार में बीते दो सालों से भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। निवेशकों का पैसा जस का तस बना हुआ है। कई लोगों का पोर्टफोलियो तो भारी घाटे में चल रहा है। इस दौर में म्यूचुअल फंड के जरिए अनुशासित निवेश यानी SIP, रिटेल निवेशकों के लिए वेल्थ बनाने और वित्तीय आजादी पाने का सबसे भरोसेमंद जरिया बनकर उभरा है।

आम निवेशकों के लिए लॉन्ग टर्म में बड़ा कॉर्पस तैयार करने के लिए सबसे बड़ा लक्ष्य अक्सर ₹1 करोड़ का माना जाता है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि ₹1 करोड़ का यह मैजिक फिगर हासिल करने के लिए हर महीने कितने रुपये की एसआईपी करनी होगी?

अगर आप नॉर्मल एसआईपी करते हैं तो आपको कितना समय लगेगा, और अगर आप हर साल अपनी एसआईपी की रकम को थोड़ा-थोड़ा बढ़ाते हैं यानी 'स्टेप-अप एसआईपी' (Step-Up SIP) चुनते हैं, तो आपका लक्ष्य कितना जल्दी पूरा हो सकता है? आइए आसान भाषा में एक्सपर्ट्स की राय के साथ समझते हैं का पूरा गणित।


₹1 करोड़ के फंड के लिए हर महीने कितना करना होगा निवेश?

म्यूचुअल फंड में लंबी अवधि के लिए औसतन 12% सालाना रिटर्न को एक व्यावहारिक और मानक अनुमान माना जाता है। अगर आप हर महीने एक निश्चित रकम की साधारण एसआईपी जारी रखते हैं, तो समय सीमा के हिसाब से आपकी जरूरत इस प्रकार होगी:

20 साल का समय: अगर आपके पास 20 साल का लंबा वक्त है, तो आपको हर महीने ₹10,000 की एसआईपी करनी होगी। इसमें आपका कुल निवेश ₹24 लाख होगा, जबकि कंपाउंडिंग के दम पर आपको करीब ₹76 लाख का मुनाफा मिलेगा और कुल फंड ₹1 करोड़ बन जाएगा।

15 साल का समय: अगर आपके पास 15 साल का समय है, तो आपको हर महीने लगभग ₹20,000 की एसआईपी करनी होगी। इसमें आपका कुल निवेश ₹36 लाख रहेगा और मुनाफा ₹64 लाख होगा।

10 साल का समय: अगर आप मात्र 10 साल में ₹1 करोड़ का फंड बनाना चाहते हैं, तो आपको हर महीने करीब ₹43,000 की भारी-भरकम एसआईपी की जरूरत पड़ेगी।

'स्टेप-अप एसआईपी' का जादू: 7 साल पहले हासिल होगा ₹1 करोड़ का लक्ष्य

ज्यादातर नौकरीपेशा या कारोबारियों की आमदनी हर साल थोड़ी-थोड़ी बढ़ती है। ऐसे में हर साल अपनी एसआईपी रकम में 10% का इजाफा करना बेहद आसान होता है। इसे वित्तीय बाजार में 'स्टेप-अप एसआईपी' (Step-up SIP) कहा जाता है। हर साल सिर्फ 10% रकम बढ़ाने से आपके लक्ष्य तक पहुंचने का समय कई साल कम हो जाता है:

₹10,000 की शुरुआती एसआईपी + 10% सालाना स्टेप-अप: अगर आप पहले साल ₹10,000 महीने से शुरुआत करते हैं और हर साल इसमें 10% की बढ़ोतरी करते हैं (दूसरे साल ₹11,000/महीना, तीसरे साल ₹12,100/महीना), तो 12% के औसत रिटर्न पर आपका ₹1 करोड़ का फंड महज 13 साल में तैयार हो जाएगा। यानी साधारण एसआईपी के मुकाबले आप 7 साल पहले ही अपने लक्ष्य को हासिल कर लेंगे।

₹5,000 की छोटी एसआईपी + 10% स्टेप-अप: अगर आप सिर्फ ₹5,000 महीने से भी शुरुआत करते हैं और हर साल 10% बढ़ाते हैं, तो भी साढ़े 15 साल में आपका ₹1 करोड़ का कॉर्पस तैयार हो जाएगा।

एक्सपर्ट व्यू: बैंकबाजार के सीईओ आदिल शेट्टी का नजरिया

बैंकबाजार.कॉम के सीईओ आदिल शेट्टी के अनुसार, '₹1 करोड़ का आंकड़ा सुनने में भले ही बड़ा लगता है, लेकिन सही समय पर और अनुशासन के साथ की गई शुरुआत इसे बेहद आसान बना देती है। अगर आप 20 साल की अवधि का लक्ष्य रखते हैं, तो सिर्फ ₹10,000 महीने की एसआईपी से 1 करोड़ रुपये का फंड बन सकता है। इसमें सबसे महत्वपूर्ण भूमिका कंपाउंडिंग की होती है।'

'निवेशकों के लिए सबसे बड़ी सलाह यह है कि वे 'Step-up SIP' का विकल्प चुनें। हर साल अपनी सैलरी या आय में बढ़ोतरी के साथ अगर आप अपनी एसआईपी में 10% का इजाफा करते हैं, तो आप 1 करोड़ रुपये का लक्ष्य 20 साल के बजाय महज 13 से 14 साल में ही हासिल कर सकते हैं। इससे आपका समय भी बचता है और शुरुआती दौर में जेब पर भारी बोझ भी नहीं पड़ता।'

₹1 करोड़ का फंड बनाने के 3 'गोल्डन रूल्स'

जल्दी शुरुआत करें: जितनी कम उम्र में निवेश शुरू करेंगे, कंपाउंडिंग (चक्रवृद्धि ब्याज) का फायदा उतना ही ज्यादा मिलेगा। 25 की उम्र में ₹10,000 की एसआईपी आपको 45 की उम्र में ₹1 करोड़ दे सकती है, जबकि 35 की उम्र में शुरुआत करने पर आपको दोगुनी से ज्यादा रकम लगानी होगी।

इनकम के साथ एसआईपी बढ़ाएं: कभी भी अपनी एसआईपी को एक जगह स्थिर न रखें। हर साल अप्रेजल या बिजनेस प्रॉफिट बढ़ते ही एसआईपी में कम से कम 10% का इजाफा जरूर करें।

सही फंड्स का चुनाव और संयम: ₹1 करोड़ जैसे बड़े लक्ष्य के लिए फ्लेक्सी-कैप (Flexi Cap), लार्ज एंड मिड-कैप (Large & Mid Cap) और स्मॉल-कैप (Small Cap) फंड्स के संतुलित मिश्रण में निवेश करें। बाजार में जब भी गिरावट आए, एसआईपी रोकने के बजाय उसे जारी रखें ताकि आपको कम दाम में ज्यादा यूनिट्स मिल सकें।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।