SIP Calculator: ₹1 करोड़ का रिटायरमेंट फंड बनाने के लिए कितनी SIP करनी होगी? समझिए पूरा कैलकुलेशन

SIP Calculator: रिटायरमेंट के बाद ₹1 करोड़ का फंड बनाने के लिए हर महीने कितनी SIP करनी होगी? 30 साल तक निवेश करने पर छोटी रकम भी बड़ा फंड बना सकती है। जानिए निवेश की अवधि, कुल जमा पैसा और कंपाउंडिंग का पूरा कैलकुलेशन।

अपडेटेड Nov 03, 2026 पर 3:05 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अगर आप कमाई बढ़ने के साथ SIP को हर साल 10% बढ़ाते हैं, तो काफी बड़ा फंड बन सकता है।

SIP Calculator: रिटायरमेंट के बाद पैसों की चिंता न हो, इसके लिए नौकरी के दौरान ही बड़ा फंड तैयार करना जरूरी है। लेकिन ₹1 करोड़ का रिटायरमेंट फंड बनाने के लिए हर महीने कितनी SIP करनी होगी? क्या ₹5,000 की SIP से भी यह लक्ष्य हासिल किया जा सकता है? इसका जवाब आपकी निवेश अवधि और मिलने वाले रिटर्न पर निर्भर करता है।

मान लीजिए आपकी उम्र 30 साल है। आप 60 साल की उम्र में रिटायर होना चाहते हैं। यानी आपके पास निवेश के लिए 30 साल हैं। ऐसे में हर महीने छोटी रकम निवेश करके भी बड़ा फंड बनाया जा सकता है।

₹1 करोड़ के लिए हर महीने कितनी SIP करनी होगी?


अब मान लेते हैं कि आप इक्विटी म्यूचुअल फंड में SIP करते हैं। इसने लंबी अवधि में औसतन सालाना 12% रिटर्न दिया है। इस हिसाब से निवेश का कैलकुलेशन समझते हैं।

निवेश की अवधि मंथली SIP कुल निवेश अनुमानित फंड
10 साल ₹43,471 ₹52.16 लाख ₹1 करोड़
15 साल ₹20,017 ₹36.03 लाख ₹1 करोड़
20 साल ₹10,109 ₹24.26 लाख ₹1 करोड़
25 साल ₹5,322 ₹15.97 लाख ₹1 करोड़
30 साल ₹2,861 ₹10.30 लाख ₹1 करोड़

यहां सबसे अहम बात निवेश की अवधि है। अगर आप 30 साल तक निवेश करते हैं, तो करीब ₹2,861 की मासिक SIP से ₹1 करोड़ का लक्ष्य हासिल हो सकता है। वहीं, 10 साल में यही फंड बनाने के लिए हर महीने करीब ₹43,471 निवेश करना होगा।

₹5,000 की SIP से ₹1 करोड़ कितने समय में?

अब एक आम निवेशक का मिसाल लेते हैं। मान लीजिए आपकी सैलरी ₹30,000 है और आप हर महीने ₹5,000 SIP करते हैं। ऐसे में 12% सालाना रिटर्न के हिसाब से करीब 25 साल में आपका फंड ₹1 करोड़ के आसपास पहुंच सकता है।

इस दौरान आपकी जेब से कुल ₹15 लाख निवेश होंगे। बाकी रकम कंपाउंडिंग के जरिए जुटेगी।

SIP की रकम हर साल बढ़ाने से क्या फायदा होगा?

अगर आप कमाई बढ़ने के साथ SIP को हर साल 10% बढ़ाते हैं, तो काफी बड़ा फंड बन सकता है। उदाहरण के लिए, पहले साल ₹5,000 की SIP होगी। दूसरे साल यह ₹5,500 हो जाएगी। तीसरे साल ₹6,050 और इसी तरह आगे बढ़ेगी।

इस तरीके को Step-up SIP कहते हैं। इससे निवेश की रकम समय के साथ बढ़ती है। नतीजतन, रिटायरमेंट के लिए बड़ा फंड बनाने में मदद मिल सकती है।

SIP शुरू करते समय किन बातों का ध्यान रखें?

सबसे पहले अपनी उम्र और रिटायरमेंट की तारीख तय करें। इसके बाद ये देखें कि आपको कितनी रकम की जरूरत होगी। आज के ₹1 करोड़ को सीधे भविष्य का रिटायरमेंट लक्ष्य मानना सही नहीं है। महंगाई के हिसाब से लक्ष्य बढ़ाना पड़ सकता है।

दूसरी बात, निवेश के लिए ऐसी SIP चुनें जिसे आप लंबे समय तक जारी रख सकें। बाजार गिरने पर घबराकर SIP बंद करना आपके लक्ष्य को पीछे कर सकता है। साथ ही, समय-समय पर अपने निवेश की समीक्षा करते रहना चाहिए।

SIP Calculator: ₹2000 की SIP से 10, 15 और 20 साल में कितना पैसा बन सकता है? समझिए पूरा कैलकुलेशन

Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी निवेश, लोन, टैक्स, बीमा या दूसरे वित्तीय फैसले लेने से पहले संबंधित एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल किसी भी फाइनेंशियल प्रोडक्ट या सर्विस की सिफारिश नहीं करता।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।