SIP vs Lump Sum: अगर आपके पास ₹10 लाख हैं और आप इसे म्यूचुअल फंड में निवेश करना चाहते हैं, तो सवाल उठता है कि पूरा पैसा एक साथ लगा दें या हर महीने SIP के जरिए निवेश करें? दोनों तरीकों के अपने फायदे हैं। लेकिन एक ही रकम और एक ही अनुमानित रिटर्न पर दोनों का नतीजा अलग हो सकता है।
इसे एक उदाहरण से समझते हैं। मान लेते हैं कि आपके पास ₹10 लाख हैं। निवेश की अवधि 5 साल है और सालाना औसत रिटर्न 12% मिलता है।
एकमुश्त निवेश करने पर कितना फंड बनेगा?
अगर आप पूरे ₹10 लाख एक साथ निवेश करते हैं और अगले 5 साल तक पैसा लगाए रखते हैं, तो 12% सालाना रिटर्न के हिसाब से आपका निवेश करीब ₹17.62 लाख हो जाएगा।
इसमें आपकी शुरुआती रकम ₹10 लाख होगी। यानी करीब ₹7.62 लाख का मुनाफा होगा। इसकी वजह यह है कि पूरा पैसा पहले दिन से ही निवेश में लगा रहता है और उसे पांच साल तक कंपाउंडिंग का फायदा मिलता है।
अब मान लेते हैं कि आप ₹10 लाख को 5 साल में धीरे-धीरे निवेश करना चाहते हैं। इसके लिए आपको हर महीने करीब ₹16,667 की SIP करनी होगी। 60 महीने में आपका कुल निवेश ₹10 लाख होगा।
अगर इस निवेश पर 12% सालाना रिटर्न मिलता है और मंथली कंपाउंडिंग के आधार पर गणना करें, तो 5 साल बाद करीब ₹13.61 लाख का फंड बनेगा। इसमें अनुमानित मुनाफा करीब ₹3.61 लाख होगा।
इस उदाहरण में एकमुश्त निवेश से करीब ₹4 लाख ज्यादा फंड बनता है। इसकी बड़ी वजह यह है कि Lump Sum में पूरा पैसा शुरुआत से निवेश में रहता है। वहीं, SIP में रकम धीरे-धीरे बाजार में जाती है।
फिर SIP बेहतर है या Lump Sum?
अगर आपके पास अतिरिक्त पैसा मौजूद है और आप बाजार के उतार-चढ़ाव का जोखिम उठा सकते हैं, तो एकमुश्त निवेश पर विचार कर सकते हैं। वहीं, नियमित कमाई से हर महीने निवेश करना है तो SIP सुविधाजनक तरीका है।
SIP में बाजार गिरने पर एक ही रकम से ज्यादा यूनिट और बाजार चढ़ने पर कम यूनिट मिलती हैं। इसे रुपी कॉस्ट एवरेजिंग कहते हैं। इससे लंबी अवधि में बाजार की गिरावट का असर काफी कम हो जाता है।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी निवेश, लोन, टैक्स, बीमा या दूसरे वित्तीय फैसले लेने से पहले संबंधित एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल किसी भी फाइनेंशियल प्रोडक्ट या सर्विस की सिफारिश नहीं करता।