शेयर बाजार के दिग्गज मधुसूदन केला ने 121 करोड़ में गुरुग्राम में खरीदा फ्लैट, इस लग्जरी अपार्टमेंट की खासियतें जान लीजिए

शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक मधुसूदन केला ने गुरुग्राम के सुपर-लग्जरी प्रोजेक्ट The Dahlias में 121 करोड़ रुपये का अपार्टमेंट खरीदा है। इस प्रोजेक्ट में पहले भी बड़े कारोबारी और सेलिब्रिटी निवेश कर चुके हैं। जानिए इसकी खासियतें और क्यों बढ़ रही है इसकी मांग।

अपडेटेड Jun 15, 2026 पर 9:04 PM
मधुसूदन केला भारतीय शेयर बाजार की दुनिया का बड़ा नाम हैं।

शेयर बाजार के जाने-माने निवेशक और MK Ventures Capital के फाउंडर मधुसूदन केला ने गुरुग्राम में DLF के सुपर-लग्जरी प्रोजेक्ट The Dahlias में करीब 120.71 करोड़ रुपये का एक अपार्टमेंट खरीदा है। यह जानकारी रियल एस्टेट डेटा एनालिटिक्स फर्म CRE Matrix द्वारा हासिल दस्तावेजों से सामने आई है।

दस्तावेजों के मुताबिक, इस अपार्टमेंट का कार्पेट एरिया 6,233 वर्ग फुट से ज्यादा है। इसके साथ पांच बेसमेंट पार्किंग स्पेस भी मिले हैं। यह सौदा 15 अप्रैल 2026 को रजिस्टर्ड हुआ था। इस प्रॉपर्टी को DLF ने बेचा है।

The Dahlias में लगातार बड़े सौदे


यह सौदा The Dahlias में हो रहे बड़े प्रॉपर्टी डील की लंबी सूची में एक और नाम जोड़ता है। इससे यह भी साफ होता है कि गुरुग्राम के अल्ट्रा-लग्जरी हाउसिंग सेगमेंट में अमीर खरीदारों और निवेशकों की दिलचस्पी अभी भी बनी हुई है।

The Dahlias में घर खरीदने वालों में भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन का नाम भी शामिल है। The Dahlias, DLF का अंडर-कंस्ट्रक्शन सुपर-लग्जरी प्रोजेक्ट है। कंपनी अब तक यहां 221 फ्लैट बेच चुकी है। इनकी कुल बिक्री करीब 16,000 करोड़ रुपये रही है।

कौन हैं मधुसूदन केला?

मधुसूदन केला भारतीय शेयर बाजार की दुनिया का बड़ा नाम हैं। वह MK Ventures Capital के फाउंडर हैं। यहां वह अपने निवेश और फैमिली ऑफिस के निवेश को मैनेज करते हैं।

इससे पहले वह Reliance Capital Asset Management में चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर (CIO) और चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट रह चुके हैं। उन्होंने कंपनी में बड़े इक्विटी पोर्टफोलियो तैयार करने और अलग-अलग बाजार परिस्थितियों के लिए निवेश स्ट्रैटेजी बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।

लंबे समय के लिए अच्छे निवेश अवसर पहचानने की क्षमता के कारण उनकी बाजार में खास पहचान है। निवेशक उनके बाजार संबंधी नजरिए और शेयर चुनने की क्षमता पर नजर रखते हैं। फिलहाल वह शेयरों, स्टार्टअप्स और दूसरे वैकल्पिक निवेश विकल्पों में सक्रिय निजी निवेशक के तौर पर काम कर रहे हैं।

ये खबर लिखे जाने तक मधुसूदन केला और DLF की ओर से इस सौदे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी। उनकी प्रतिक्रिया मिलने पर खबर को अपडेट किया जाएगा।

गुरुग्राम में बढ़ रहे हैं लग्जरी प्रॉपर्टी सौदे

पिछले कुछ वर्षों में गुरुग्राम में कई बड़े लग्जरी प्रॉपर्टी सौदे देखने को मिले हैं। अक्टूबर 2025 में दिल्ली-एनसीआर के एक कारोबारी ने DLF के The Dahlias प्रोजेक्ट में चार लग्जरी अपार्टमेंट करीब 380 करोड़ रुपये में खरीदे थे। पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने भी इसी प्रोजेक्ट में करीब 69 करोड़ रुपये का एक अपार्टमेंट खरीदा था।

वहीं दिसंबर 2024 में गुरुग्राम की Info-X Software Technology के फाउंडर और CEO ऋषि पारटी ने DLF The Camellias में 16,290 वर्ग फुट का एक पेंटहाउस करीब 190 करोड़ रुपये में खरीदा था।

ITR Filing 2026: इन 6 मामलों में रिटर्न की गहराई से जांच कर सकता है टैक्स विभाग

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।