Sthree Suraksha Scheme: महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए स्त्री सुरक्षा स्कीम की शुरुआत की है। केरल सरकार ने यह योजना खास तौर पर उन महिलाओं के लिए लाई है, जो किसी भी दूसरी सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजना का लाभ नहीं ले पा रही हैं। अक्टूबर में लॉन्च हुई इस योजना के लिए अब अप्लाई करने का प्रोसेस शुरू हो चुका है। पात्र महिलाओं को इस स्कीम के तहत हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
सरकार का अनुमान है कि इस योजना से राज्य की करीब 31.34 लाख महिलाओं को फायदा होगा। इसके लिए केरल सरकार ने सालाना करीब 3,800 करोड़ रुपये का बजट तय किया है। योजना की रकम सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी। पेमेंट से पहले लोकल निकाय आवेदन की जांच करेंगे। इसके बाद केरल सोशल सिक्योरिटी पेंशन कंपनी के जरिए पैसा खाते में पहुंचेगा।
कौन ले सकता है योजना का लाभ
स्त्री सुरक्षा स्कीम का लाभ लेने के लिए कुछ जरूरी शर्तें तय की गई हैं। आवेदक महिला का केरल की निवासी होना जरूरी है। उम्र 35 से 60 साल के बीच होनी चाहिए। महिला का परिवार वैध राशन कार्ड (AAY या PHH) से जुड़ा होना चाहिए। इसके अलावा आधार कार्ड अनिवार्य है और वह किसी नियमित सरकारी नौकरी में नहीं होनी चाहिए।
कौन-कौन से डॉक्यूमेंट जरूरी
आवेदन करते समय महिला को केरल निवास का प्रमाण, उम्र से जुड़ा डॉक्यूमेंट (जैसे जन्म प्रमाण पत्र, स्कूल रिकॉर्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट), आधार कार्ड, बैंक खाता और IFSC कोड, वैध राशन कार्ड और पात्रता से जुड़ा सेल्फ डिक्लेरेशन लेटर देन होगा।
इस योजना के लिए आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन है। इसके लिए सबसे पहले KSMART पोर्टल (https://ksmart.lsgkerala.gov.in) पर जाना होगा। मोबाइल नंबर और OTP के जरिए लॉगिन करना होगा। नए यूजर को पहले सिटीजन रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद Apply पर जाकर Sthree Suraksha Scheme चुननी होगी।
आधार नंबर और नाम भरकर वैरिफाई करना होगा, फिर राशन कार्ड की जानकारी चेक करनी होगी। इसके बाद व्यक्तिगत जानकारी, रोजगार की स्थिति और बैंक डिटेल भरनी होगी। जरूरी डॉक्यूमेंट और फोटो अपलोड करने के बाद फॉर्म सबमिट करना होगा। OTP वेरिफिकेशन के बाद आवेदन पूरा हो जाएगा और रसीद डाउनलोड की जा सकती है। सरकार ने साफ किया है कि अगर कोई गलत जानकारी देकर योजना का लाभ लेता है, तो उससे पूरी रकम 18 फीसदी ब्याज के साथ वसूली जाएगी।