जिस घर में रहते थे रतन टाटा, उसे Tata Sons ने लीज पर लिया; हर महीने देगी ₹17.60 लाख किराया

टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी टाटा संस ने मुंबई के कोलाबा में स्थित रतन टाटा के पूर्व निवास The Cabins को लीज पर लिया है। करीब 13,200 वर्ग फुट की इस लग्जरी प्रॉपर्टी का मासिक किराया ₹17.60 लाख तय किया गया है।

अपडेटेड Mar 11, 2026 पर 9:32 PM
Story continues below Advertisement
इस प्रॉपर्टी की कीमत ₹150 करोड़ से ज्यादा हो सकती है।

टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी Tata Sons Ltd ने मुंबई के कोलाबा इलाके में स्थित लग्जरी रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी The Cabins (Halekai) को अपनी ही सहायक कंपनी Ewart Investments से लीज पर लिया है। Zapkey की रिपोर्ट के मुताबिक- इस प्रॉपर्टी का शुरुआती मासिक किराया ₹17.60 लाख तय किया गया है।

यह प्रॉपर्टी करीब 13,200 वर्ग फुट में फैली है। यहां पहले Tata Sons के पूर्व चेयरमैन रतन टाटा रहते थे। इस इमारत में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और ऊपर तीन मंजिलें हैं। इसमें कई लग्जरी सुविधाएं और आधुनिक इंटीरियर भी मौजूद हैं।

5 साल के लिए हुआ लीज समझौता


दस्तावेजों के मुताबिक इस समझौते का रजिस्ट्रेशन 6 फरवरी 2026 को हुआ है, लेकिन लीज 10 अक्टूबर 2024 से लागू मानी गई है। यह लीज 5 साल के लिए है।

किराया 1 अप्रैल 2027 से 10 प्रतिशत बढ़ जाएगा। इस समझौते में ₹10 करोड़ का ब्याज मुक्त सिक्योरिटी डिपॉजिट भी रखा गया है। साथ ही करीब ₹4.63 लाख की स्टांप ड्यूटी दी गई है।

150 करोड़ रुपये से ज्यादा की प्रॉपर्टी

बाजार से जुड़े जानकारों के मुताबिक इस प्रॉपर्टी की कीमत ₹150 करोड़ से ज्यादा हो सकती है। यह संपत्ति पहले Bakhtawar नाम से भी जानी जाती थी और लंबे समय से टाटा परिवार से जुड़ी रही है।

रतन टाटा ने 2012 में Tata Sons के चेयरमैन पद से हटने के बाद इस घर में स्थायी रूप से रहना शुरू किया था।

MHADA ने 2004 में जर्जर घोषित किया था

इस इमारत को 2004 में महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (MHADA) की एक इकाई ने खतरनाक और जर्जर घोषित कर दिया था। इसके बाद 2008 में पुनर्निर्माण की योजना मंजूर हुई और इमारत को दोबारा बनाया गया।

रतन टाटा ने खुद कराया था डिजाइन

रतन टाटा को यह घर उनके पद और योगदान को देखते हुए समूह की ओर से दिया गया था। वह Tata Trusts के चेयरमैन भी रहे और यह पद उन्होंने अक्टूबर 2024 में निधन तक संभाला।

इस प्रॉपर्टी का डिजाइन मशहूर आर्किटेक्ट रतन बाटलीबोई (Ratan Batliboi) की मदद से तैयार किया गया था।

रिटायरमेंट के बाद भी सक्रिय रहे

2012 में Tata Sons से रिटायर होने के बाद रतन टाटा ने अपने फैमिली ऑफिस RNT Associates के जरिए कई स्टार्टअप में निवेश किया। इनमें कंज्यूमर गुड्स, फैशन और टेक्नोलॉजी जैसे सेक्टर शामिल थे।

2016 में सायरस मिस्री को हटाए जाने के बाद रतन टाटा कुछ समय के लिए फिर से Tata Sons के अंतरिम चेयरमैन भी बने थे।

Noel Tata रह सकते हैं यहां

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक Tata Trusts के मौजूदा चेयरमैन नोएल टाटा (Noel Tata) इस प्रॉपर्टी में रहने आ सकते हैं। वह रतन टाटा के सौतेले भाई हैं।

फिलहाल नोएल टाटा मुंबई के Cuffe Parade इलाके में Windmere नाम की लग्जरी रेजिडेंशियल बिल्डिंग में रहते हैं।

Ewart Investments क्या है

यह प्रॉपर्टी Ewart Investments के पास है, जो Tata Sons की सहायक कंपनी है। इस कंपनी के पास Tata Motors, Indian Hotels Company (Taj Group), Tata Consumer Products, Trent और Tata Investment Corporation जैसी कई टाटा ग्रुप कंपनियों में छोटी हिस्सेदारी भी है।

Zapkey के को-फाउंडर संदीप रेड्डी के मुताबिक कोलाबा का यह घर भारत की सबसे प्रतिष्ठित रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी में से एक माना जाता है। उनका कहना है कि नए समझौते और सुरक्षा व इन्फ्रास्ट्रक्चर में किए गए बदलाव से लगता है कि इस घर को किसी हाई प्रोफाइल व्यक्ति के लिए तैयार किया जा रहा है।

Nuvama Report: AI से IT सेक्टर के वजूद को खतरा नहीं! टॉप 10 कंपनियों पर दी Buy रेटिंग; 89% तक तेजी की गुंजाइश

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।