क्या आपने इनकम टैक्स रिटर्न फाइल कर दिया है? अगर नहीं किया है तो अब भी वक्त है। 31 जुलाई, 2022 Income Tax Return फाइल करने की डेडलाइन है। फाइनेंशियल ईयर 2021-22 का रिटर्न 31 जुलाई तक फाइल करना जरूरी है। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट इसके बारे में लोगों को एसएमएस और ईमेल के जरिए रिमाइंडर भेज रहा है। वह सोशल मीडिया पर भी आखिरी तारीख लोगों को याद दिला रहा है।
कुछ वजहों से लोग डेडलाइन के अंदर रिटर्न फाइल करने से चूक जाते हैं। ऐसे लोगों को इनकम टैक्स डिपार्टमेंट देर से रिटर्न फाइल करने की सुविधा देता है। इसे Belated ITR कहा जाता है। अगर सरकार इस साल आईटीआर फाइल करने की डेडलाइन नहीं बढ़ाती है तो बिलेटेड रिटर्न 31 दिसंबर, 2022 तक फाइल किया जा सकता है। यह याद रखें कि बिलेटेड रिटर्न फाइलिंग पर लेट फीस लगती है।
फाइनेंशियल ईयर 2016-17 तक बिलेटेड इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने पर किसी तरह की पेनाल्टी नहीं थी। फाइनेंशियल ईयर 2017-18 से देर से रिटर्न फाइलिंग पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने पेनाल्टी की शुरुआत की। इसके लिए इनकम टैक्स एक्ट, 1961 में एक नया सेक्शन 234F जोड़ा गया। फिर, इस सेक्शन में 2021 के बजट में संशोधन किया गया।
अगर आपकी टैक्स लायबिलिटी बनती है तो बिलेटेड रिटर्न फाइल करने पर आपको टैक्स पर इंटरेस्ट चुकाना होगा। अगर आपकी टैक्स लायबिलिटी नहीं है तो बिलेटेड रिटर्न फाइल करने पर आपको किसी तरह का इंटरेस्ट नहीं चुकाना होगा।
इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 234F के तहत डेडलाइन के बाद रिटर्न फाइल करने पर मैक्सिम पेनाल्टी 5000 रुपये है। पहले यह पेनाल्टी 10,000 रुपये थी। फाइनेंशियल ईयर 2020-21 से पेनाल्टी घटाकर 5 हजार रुपये कर दी गई है। हालांकि, कम इनकम वाले लोगों को इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने अतिरिक्त राहत दी है। उसने कहा है कि अगर टैक्सपेयर्स की टोटल इनकम सालाना 5 लाख रुपये से ज्यादा नहीं है तो देर से रिटर्न फाइल करने पर मैक्सिमम पेनाल्टी 1000 रुपये होगी।
बिलेटेड रिटर्न फाइल करने का प्रोसेस वही होता है जो डेडलाइन से पहले रिटर्न फाइल करने का होता है। एक बड़ा फर्क यह है कि आपको ड्रॉपडाउन मेन्यू से 'रिटर्न फाइल्ड अंडर सेक्शन 139(4)' को सेलेक्ट करना होगा। अगर बिलेटेड रिटर्न फाइलिंग में आप गलती कर देते हैं तो आपको उसे रिवाइज करने की इजाजत होगी।