Tax Harvesting: वित्त वर्ष 2025-26 खत्म होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं। अगर आपने शेयर बाजार या म्यूचुअल फंड में निवेश किया है, तो 31 मार्च 2026 की डेडलाइन से पहले 'टैक्स हार्वेस्टिंग' आपके बड़े काम आ सकती है। यह एक ऐसी लीगल और स्मार्ट तकनीक है, जिससे आप अपने मुनाफे पर लगने वाले टैक्स को काफी हद तक कम कर सकते हैं। आइए आपको विस्तार से बताते हैं क्या होता है ये और आप कैसे कर सकते हैं बड़ी बचत।
क्या होती है टैक्स हार्वेस्टिंग?
आसान भाषा में कहें तो अपने निवेश पर होने वाले मुनाफे या नुकसान को रणनीतिक रूप से 'बुक' करना ही टैक्स हार्वेस्टिंग है। इसके दो मुख्य तरीके हैं:
Tax Gain Harvesting: टैक्स फ्री सीमा का फायदा उठाने के लिए मुनाफा बुक करना।
Tax Loss Harvesting: मुनाफे पर टैक्स कम करने के लिए घाटे वाले शेयरों को बेचना।
मुनाफा बुक करना: नियम के अनुसार, एक साल में ₹1.25 लाख तक का लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन (LTCG) पूरी तरह टैक्स फ्री होता है। मान लीजिए आपको ₹1.25 लाख का मुनाफा हो रहा है, तो आप उसे 31 मार्च से पहले बेचकर मुनाफा बुक कर लें और अगले दिन फिर वही शेयर खरीद लें। इससे आपका प्रॉफिट 'टैक्स-फ्री' हो जाएगा और आपकी निवेश की लागत बढ़ जाएगी।
घाटे से टैक्स बचाना: अगर आपने इस साल ₹2 लाख का मुनाफा कमाया है और आपके पोर्टफोलियो में कुछ ऐसे शेयर हैं जो घाटे में हैं, तो आप उन घाटे वाले शेयरों को बेचकर अपने ₹2 लाख के मुनाफे को कम कर सकते हैं। इसे 'सेट-ऑफ' करना कहते हैं।
2. कितना टैक्स बचाया जा सकता है?
LTCG की सीमा: इक्विटी शेयर और म्यूचुअल फंड पर ₹1.25 लाख तक का सालाना लॉन्ग टर्म मुनाफा टैक्स फ्री है। इससे ज्यादा मुनाफे पर 12.50% की दर से टैक्स लगता है।
शॉर्ट टर्म लॉस: अगर आपको शॉर्ट टर्म में नुकसान हुआ है, तो उसे आप शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म दोनों मुनाफे के एवज में एडजस्ट कर सकते हैं। वहीं लॉन्ग टर्म लॉस को सिर्फ लॉन्ग टर्म गेन के साथ ही सेट-ऑफ किया जा सकता है।
3. किन एसेट्स पर मिलती है यह सुविधा?
टैक्स हार्वेस्टिंग मुख्य रूप से शेयर बाजार में लिस्टेड इक्विटी शेयर्स और इक्विटी ओरिएंटेड म्यूचुअल फंड स्कीम्स इन पर लागू होती है। लॉस हार्वेस्टिंग के लिए आप किसी भी कैपिटल एसेट जैसे- सोना या प्रॉपर्टी का इस्तेमाल कर सकते हैं, बशर्ते वह नियमों के तहत सेट-ऑफ के लिए योग्य हो।
4. 31 मार्च 2026 तक कितनी हार्वेस्टिंग संभव है?
आप 31 मार्च तक ₹1.25 लाख तक का LTCG बुक कर सकते हैं ताकि उस पर 'जीरो' टैक्स लगे। आप अपने कुल मुनाफे के बराबर कितना भी घाटा बुक कर सकते हैं। अगर आपका घाटा मुनाफे से ज्यादा है, तो आप उस बचे हुए नुकसान को अगले 8 सालों तक कैरी फॉरवर्ड कर सकते हैं।
बरतें ये सावधानी नहीं तो नहीं मिलेगा फायदा
अगर आप टैक्स हार्वेस्टिंग के लिए शेयर बेचकर उसी दिन वापस शेयर खरीद लेते हैं, तो इसे 'इंट्राडे ट्रेड' माना जाएगा। इस ट्रेड पर टैक्स हार्वेस्टिंग का लाभ नहीं मिलेगा। सही तरीका यह है कि आप शेयर बेचें और अगले दिन उन्हें दोबारा खरीदें। हालांकि, म्यूचुअल फंड के मामले में आप उसी दिन बेचकर उसी NAV पर दोबारा निवेश कर सकते हैं।