ELSS: ईएलएसएस म्यूचुअल फंड (ELSS Mutual Fund) में निवेश करने पर हमें सेक्शन 80C के तहत 1.5 लाख रुपये तक की टैक्स छूट मिलती है। आप ईएलएसएस फंड में एकसाथ या एसआईपी के जरिए पैसा निवेश कर सकते हैं। एसोसिएशन ऑफ म्युचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) की वेबसाइट पर 3 मार्च 2023 तक के आंकड़ों के अनुसार इन टॉप ईएलएसएस म्यूचुअल फंड ने FD से ज्यादा रिटर्न दिया है। इन म्यूचुअल फंड ने 5 साल में करीब 21 फीसदी तक का रिटर्न दिया है।
1. लिस्ट में सबसे पहले क्वांट टैक्स प्लान (Quant Tax Plan) है। क्वांट टैक्स प्लान डायरेक्ट स्कीम का 5 साल का औसत रिटर्न 21.73 फीसदी रहा है। रेगुलर प्लान ने पांच साल में 19.89 फीसदी तक का रिटर्न दिया है। क्वांट टैक्स प्लान निफ्टी 500 टोटल रिटर्न इंडेक्स को ट्रैक करता है।
2. मिराए एसेट टैक्स सेवर फंड (Mirae Asset Tax Saver Fund) के डायरेक्ट प्लान ने पांच साल में 15.02 फीसदी और रेगुलर प्लान ने निवेशकों को 13.44 फीसदी का रिटर्न दिया है। यह ईएलएसएस म्यूचुअल फंड निफ्टी 500 टोटल रिटर्न इंडेक्स को भी ट्रैक करता है।
3. लिस्ट में तीसरा फंड केनरा रोबेको इक्विटी टैक्स सेवर फंड (Canara Robeco Equity Tax Saver Fund) है। इस फंड ने पिछले 5 साल में निवेशकों को शानदार रिटर्न भी दिया है। इसके डायरेक्ट प्लान से निवेशकों को 5 साल में 15.38 फीसदी का रिटर्न मिला है, जबकि रेगुलर प्लान ने निवेशकों को 14.13 फीसदी का रिटर्न दिया है।
4. लिस्ट में चौथा नाम कोटक टैक्स सेवर फंड (Kotak Tax Saver Fund) है जिसने पिछले 5 सालों में निवेशकों को भारी मुनाफा दिया है। इस म्यूचुअल फंड के डायरेक्ट प्लान में पैसा लगाने वालों को 14.31 फीसदी का रिटर्न मिला है। कोटक टैक्स सेवर फंड के रेगुलर प्लान ने पांच साल में 12.88 फीसदी का रिटर्न दिया है।
5. ईएलएसएस म्यूचुअल फंड में पीजीआईएम इंडिया ईएलएसएस टैक्स सेवर फंड (PGIM India ELSS Tax Saver Fund) भी शामिल है। इस फंड के डायरेक्ट प्लान ने पांच साल में निवेशकों को 13.59 फीसदी का रिटर्न दिया है, जबकि रेगुलर प्लान ने 11.92 फीसदी का रिटर्न दिया है।
6. छठे स्थान पर बैंक ऑफ इंडिया टैक्स एडवांटेज फंड (Bank of India Tax Advantage Fund) है। बैंक ऑफ इंडिया टैक्स एडवांटेज फंड के डायरेक्ट प्लान का पांच साल का औसत रिटर्न 13.32 फीसदी रहा है। इसी तरह इसके रेगुलर प्लान ने पांच साल में निवेशकों को 12.32 फीसदी का रिटर्न दिया है।