बैंक में फिक्स्ड डिपॉजिट करना चाहते हैं? यह बैंक दे रहा ₹10 लाख तक का इंश्योरेंस कवर

DCB Bank ने 'सुरक्षा फिक्स्ड डिपॉजिट' (Suraksha Fixed Deposit) स्कीम लॉन्च की है। यह 3 साल की एफडी स्कीम है। इस एफडी स्कीम में इंटरेस्ट रेट ज्यादा है

अपडेटेड Oct 14, 2022 पर 2:12 PM
डीसीबी की यह एफडी स्कीम उन लोगों के लिए अच्छी है, जो अच्छे रिटर्न के साथ पैसे की सुरक्षा भी चाहते हैं।

क्या आप बैंक में पैसा फिक्स्ड डिपॉजिट (Fixed Deposit) करना चाहते हैं? अगर हां तो आपके लिए अच्छा मौका है। DCB Bank ने 'सुरक्षा फिक्स्ड डिपॉजिट' (Suraksha Fixed Deposit) स्कीम लॉन्च की है। यह 3 साल की एफडी स्कीम है। इस एफडी स्कीम में इंटरेस्ट रेट ज्यादा है। साथ ही बैंक फ्री इंश्योरेंस की सुविधा भी दे रहा है। DCB Bank प्राइवेट बैंक है।

डीसीबी ने त्योहार के मौके पर यह खास स्कीम लॉन्च की है। बैंक ने बताया है कि इस स्कीम का इंटरेस्ट रेट सालाना 7.10 फीसदी होगा। इस स्कीम पर मिलने वाला इंश्योरेंस कवर एफडी के अमाउंट के बराबर होगा। हालांकि, इंश्योरेंस कवर के लिए 10 लाख रुपये की सीमा तय है।

यह भी पढ़ें : Ration Card: आपका भी राशन कार्ड हो सकता है कैंसिल, अगर कर रहे हैं ऐसे इस्तेमाल, जान लें नियम


बैंक आपसे इंश्योरेंस कवर के लिए किसी तरह की फीस नहीं लेता है। इसके अलावा इस बीमा कवर के लिए आपको किसी तरह का मेडिकल टेस्ट कराने की भी जरूरत नहीं है। बैंक ने कहा है, "लाइफ इंश्योरेंस कवर का टर्म 36 महीने होगा। यह डिपॉजिट के 18 साल से लेकर 55 साल तक की उम्र के लिए वैलिड होगा।"

DCB बैंक ने कहा है कि इस स्कीम का लाभ उठाने के लिए व्यक्ति को पैन, नॉमिनेशन और ईमेल की जानकारी देनी होगी। नॉन-रेसिडेंट इंडियंस (NRI) भी इस स्कीम का फायदा उठा सकते हैं। जो एनआरआई इस एफडी में डिपॉजिट करना चाहते हैं उन्हें अमेरिकी डॉलर, आस्ट्रेलियाई डॉलर, यूरो, ब्रिटेन के पाउंड में डिपॉजिट करने की इजाजत होगी।

यह बैंक 700 दिन या 3 साल के डिपॉजिट पर सालाना 7.10 फीसदी इंटरेस्ट ऑफर कर रहा है। सीनियर सिटीजंस के लिए इंटरेस्ट यील्ड 7.60 फीसदी से लेकर 8.45 फीसदी तक होगी। 5 साल के एफडी पर इंटरेस्ट रेट सालाना 7 फीसदी होगा। इसकी सालाना यील्ड 8.43 फीसदी होगी।

डीसीबी की यह एफडी स्कीम उन लोगों के लिए अच्छी है, जो अच्छे रिटर्न के साथ पैसे की सुरक्षा भी चाहते हैं। त्योहार के इस मौके पर इस स्कीम में निवेश कर अच्छा रिटर्न कमाया जा सकता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि दूसरे बैंकों के एफडी पर भी इंटरेस्ट रेट आने वाले दिनों में बढ़ने के आसार हैं। लेकिन, दूसरे बैंकों के एफडी पर ग्राहक को बीमा का फायदा नहीं मिलेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।