बड़ी डिग्री नहीं, आपकी ये एक खासियत बनाएगी अमीर! मॉर्गन हाउसेल से जानें वेल्थ का सीक्रेट

Psychology of Money Investment Strategy: क्या बिना किसी फाइनेंस डिग्री या गणित के ज्ञान के भी करोड़ों की वेल्थ बनाई जा सकती है? 'द साइकोलॉजी ऑफ मनी' के लेखक मॉर्गन हाउसेल के मुताबिक, अमीरी का ताल्लुक इस बात से नहीं है कि आप कितने होशियार हैं, बल्कि इस बात से है कि आप पैसों के साथ कैसा व्यवहार करते हैं। जानिए एक साधारण सफाईकर्मी के ₹65 करोड़ का मालिक बनने की हैरान कर देने वाली कहानी और अमीर बनने के 4 सबसे बड़े बिहेवियरल रूल्स!

अपडेटेड Aug 19, 2026 पर 4:45 PM
अगर एक जीनियस व्यक्ति भी अगर अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाता, तो वह कंगाल हो सकता है

Personal Finance Tips: मॉर्गन हाउसेल की मशहूर किताब 'द साइकोलॉजी ऑफ मनी' की एक बहुत चर्चित लाइन है- 'पैसों के मामले में सफल होना इस बात पर निर्भर नहीं करता कि आप कितने बुद्धिमान हैं, बल्कि इस बात पर निर्भर करता है कि आप कैसा व्यवहार करते हैं।'

स्टॉक मार्केट और पर्सनल फाइनेंस की दुनिया में अक्सर लोग सोचते हैं कि भारी-भरकम गणित, फाइनेंस की डिग्री या डेटा एनालिसिस ही अमीरी की कुंजी है। लेकिन हकीकत यह है कि एक जीनियस व्यक्ति भी अगर अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाता, तो वह कंगाल हो सकता है। वहीं, एक सामान्य व्यक्ति बिना किसी औपचारिक वित्तीय शिक्षा के भी सही आदतों से करोड़ों की संपत्ति बना सकता है।

इंटेलीजेंस बनाम बिहेवियर: रोनाल्ड रीड की कहानी


इस बात को साबित करने के लिए रोनाल्ड रीड से बेहतर कोई उदाहरण नहीं हो सकता। रोनाल्ड रीड एक साधारण गैस स्टेशन अटेंडेंट और झाड़ू लगाने वाले व्यक्ति थे। उन्होंने कोई हाई-फाई फाइनेंस की पढ़ाई नहीं की थी। लेकिन 2014 में जब 92 वर्ष की उम्र में उनका निधन हुआ, तो अंतरराष्ट्रीय मीडिया में खबर बनी कि वे 8 मिलियन डॉलर यानी करीब ₹65 करोड़ से अधिक की संपत्ति छोड़कर गए थे।

उन्होंने कोई लॉटरी नहीं जीती थी। उन्होंने बस अपनी मामूली कमाई से शांति से लगातार ब्लू-चिप शेयरों में निवेश किया, उसे सालों-साल कंपाउंड होने दिया और कभी घबराहट या लालच में आकर पैसे नहीं निकाले।

निवेश में स्मार्ट लोग कहां कर जाते हैं गलती?

अक्सर बहुत बुद्धिमान लोग पैसों के मामले में ये 3 बड़ी गलतियां करते हैं:

ओवरकॉन्फिडेंस: डिग्री या ज्ञान के अहंकार में यह सोचना कि वे मार्केट का समय प्रेडिक्ट कर सकते हैं।

पैैनिक सेलिंग: जब बाजार गिरता है, तो डर के मारे अपने अच्छे-खासे पोर्टफोलियो को घाटे में बेच देना।

लालच और ओवर-लीवरेज: जल्दी अमीर बनने के चक्कर में बहुत ज्यादा रिस्क लेना या F&O (फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस) में पैसे गंवाना।

अमीर बनने के लिए जरूरी 4 बिहेवियरल स्किल्स

अगर आप लंबे समय में बड़ी वेल्थ बनाना चाहते हैं, तो फाइनेंस की जटिल थ्योरी सीखने के बजाय अपने व्यवहार में ये 4 बदलाव लाएं:

  1. धैर्य: कंपाउंडिंग का जादू समय मांगता है। अपने निवेश को बिना छेड़े 10-15 साल तक बढ़ने दें।
  2. इमोशनल कंट्रोल: मार्केट में गिरावट आने पर पैनिक न हों, बल्कि उसे डिस्काउंट पर खरीदारी का मौका समझें।
  3. दिखावे से दूरी: अपनी कमाई से कम खर्च करें। स्टेटस सिंबल के चक्कर में लोन लेकर महँगी चीजें खरीदने से बचें।
  4. डिसिप्लिन: बाजार चाहे ऊपर जाए या नीचे, हर महीने नियम से SIP या निवेश जारी रखें।

फाइनेंस में आपकी बुद्धि से ज्यादा आपका आत्मनियंत्रण मायने रखता है। अगर आप अपने लालच और डर को कंट्रोल कर सकते हैं, तो एक सामान्य सैलरी वाला इंसान भी शेयर बाजार से करोड़ों का फंड तैयार कर सकता है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।