अगर आप नौकरी करते हैं और आपका PF कटता है, तो आपके लिए एक काम की खबर है। बहुत से कर्मचारी यह नहीं जानते कि EPFO अपने सदस्यों को बिना कोई प्रीमियम लिए 7 लाख रुपये तक का मुफ्त जीवन बीमा भी देता है। खास बात यह है कि इसके लिए कर्मचारी को अलग से कोई पैसा नहीं देना पड़ता। जरूरत सिर्फ इतनी है कि EPF खाते में नॉमिनी की जानकारी सही और अपडेट हो।
दरअसल, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने सदस्यों को ईम्पलॉयी डिपॉजिट लिंक्ड इंश्योरेंस स्कीम (EDLI) का लाभ देता है। यह एक तरह का जीवन बीमा कवर है, जिसके तहत नौकरी के दौरान किसी कर्मचारी की मृत्यु होने पर उसके परिवार या नॉमिनी को आर्थिक सहायता दी जाती है।
EDLI स्की EPFO की एक सामाजिक सुरक्षा योजना है। इसके तहत EPF सदस्य की नौकरी के दौरान मृत्यु होने पर उसके नॉमिनी या कानूनी वारिस को एकसाथ इंश्योरेंस का पैसा देता है। सबसे बड़ी बात यह है कि इस बीमा के लिए कर्मचारी को कोई प्रीमियम नहीं भरना पड़ता। इसका पूरा खर्च नियोक्ता यानी कंपनी उठाती है। इसलिए EPF से जुड़े सभी पात्र कर्मचारी अपने आप इस योजना के दायरे में आ जाते हैं।
इस योजना के तहत न्यूनतम 2.5 लाख रुपये और अधिकतम 7 लाख रुपये तक का बीमा लाभ मिलता है। बीमा अमाउंट कर्मचारी के वेतन और तय नियमों के आधार पर तय की जाती है। यह अमाउंट पूरी तरह टैक्स फ्री होता है और सीधे नॉमिनी या कानूनी वारिस को दिया जाता है।
नॉमिनी अपडेट रखना क्यों जरूरी है?
EPFO ने कर्मचारियों से अपने ई-नॉमिनेशन (e-Nomination) को अपडेट रखने की अपील की है। यदि नॉमिनी की जानकारी गलत, अधूरी या पुरानी है, तो क्लेम मिलने में देरी हो सकती है। शादी, बच्चे के जन्म या परिवार में किसी बड़े बदलाव के बाद नॉमिनी की जानकारी जरूर अपडेट कर लेनी चाहिए। यह काम EPFO पोर्टल के जरिए ऑनलाइन किया जा सकता है।
सिर्फ 7 लाख का बीमा ही नहीं, मिलते हैं ये फायदे भी
किसी EPF सदस्य की मृत्यु होने पर उसके परिवार को सिर्फ EDLI का बीमा लाभ ही नहीं मिलता, बल्कि कई अन्य फायदे भी मिल सकते हैं।
EPF खाते में जमा पूरी अमाउंट और उस पर मिला ब्याज।
कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) के तहत मंथली पेंशन।
EDLI योजना के तहत 7 लाख रुपये तक का बीमा कवर।
कर्मचारी की मृत्यु होने पर नॉमिनी या कानूनी वारिस को Form 5 IF भरकर जमा करना होता है। इसके साथ मृत्यु प्रमाण पत्र, बैंक खाते की जानकारी और अन्य जरूरी डॉक्यूमेंट देने होते हैं। EPFO के नियमों के मुताबिक दावा मिलने के बाद 30 दिनों के भीतर उसका निपटारा किया जाना चाहिए। देरी होने पर EPFO को ब्याज भी देना पड़ सकता है।
आज के समय में जहां लाखों रुपये का जीवन बीमा खरीदने के लिए प्रीमियम देना पड़ता है। वहीं, EPFO की EDLI योजना कर्मचारियों को बिना किसी एक्स्ट्रा खर्च के 7 लाख रुपये तक का सुरक्षा कवच देती है। यही वजह है कि नौकरीपेशा लोगों के लिए यह योजना जरूरी मानी जाती है।