PPF: पब्लिक प्रॉविडेंट फंड (PPF) एक ऐसी योजना है जिसमें आप रेगुलर पैसा लगाकर कुछ सालों में अपने लिए बड़ा फंड बना सकते हैं। नियमित तरीके से लगातार निवेश करेंगे तो अपने लिए, बच्चों की पढाई या शादी जैसे बड़े खर्चों वाले कामों के लिए 40 लाख रुपये से लेकर 1 करोड़ रुपये तक का फंड बना पाएंगे। अगर आप अपनी नौकरी या बिजनेस की शुरूआत या कहें की कम उम्र में भी पैसा निवेश करना शुरू करते हैं, तो इस फंड के टारगेट को पाना आसान हो जाएगा। यहां बता रहे हैं कि आप कैसे PPF में निवेश कर 40 लाख रुपये लेकर 1 करोड़ रुपये से ज्यादा का फंड कैसे बना सकते हैं।
हर महीने जमा करना होगा पैसा
अगर आप पीपीएफ खाते में हर महीने 12,500 रुपये जमा करते हैं और इसे 15 साल तक निवेश करते हैं। तो आपको मैच्योरिटी पर कुल 40.68 लाख रुपये मिलेंगे। इसमें आपका कुल निवेश 22.50 लाख रुपये होगा, जबकि 18.18 लाख रुपये ब्याज से आपकी इनकम होगी। यह कैलकुलेशन अगले 15 साल तक 7.1% सालाना ब्याज के आधार पर की गई है। ब्याज दर बदलने पर मैच्योरिटी का पैसा बदल सकता है। पीपीएफ में ब्याज कंपाउंडिंग आधार पर मिलता है।
ऐसे बनेंगे करोड़पति
अगर आप इस योजना से करोड़पति बनना चाहते हैं तो आपको इसे 15 साल के बाद 5-5 साल के लिए 2 बार और बढ़ाना होगा। यानी, अब आपके निवेश का पीरियड 25 साल होगा। 25 सालों बाद आपको कुल 1.03 करोड़ रुपये मिलेंगे। इस पीरियड में आपका कुल निवेश 37.50 लाख रुपये होगा, जबकि ब्याज आय के रूप में आपको 65.58 लाख रुपये मिलेंगे। ध्यान रखें कि अगर आप पीपीएफ खाते को आगे बढ़ाना चाहते हैं तो मैच्योरिटी से एक साल पहले अप्लाई करना होगा। मैच्योरिटी के बाद अकाउंट आगे नहीं बढ़ाया जाएगा।
टैक्स पर मिलती है छूट
पीपीएफ योजना का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह आयकर अधिनियम की धारा 80C के तहत टैक्स छूट मिलती है। इस स्कीम में 1.5 लाख रुपये तक के निवेश पर छूट ले सकते हैं। पीपीएफ पर मिलने वाले ब्याज पर भी टैक्स नहीं लगता है। सबसे जरूरी बात यह है कि सरकार छोटी बचत योजनाओं को प्रमोट करती है। इसलिए इसमें निवेश करने पर पूरी तरह से सुरक्षित होता है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।