Credit Cards

महिलाओं को सस्ते में मिलता है टर्म इंश्योरेंस, जानिए आपको क्यों लेना चाहिए कवर

भारत में लाइफ इंश्योरेंस का कवरेज काफी कम है, खासकर महिलाओं के बीच। कुल पॉलिसियों में से केवल 35% ही महिलाओं को बेची जाती हैं। 2% से भी कम महिलाएं इसे सक्रिय रूप से खरीदती हैं। आइए जानते हैं कि महिलाओं के लिए टर्म इंश्योरेंस क्यों सस्ता होता है और उन्हें इसे क्यों खरीदना चाहिए। साथ ही, सरकार महिलाओं के बीमा कवर के लिए किस तरह की पहल कर रही है।

अपडेटेड Mar 21, 2025 पर 3:32 PM
Story continues below Advertisement
देश में 7 करोड़ सिंगल विमेन हैं, जिनके लिए टर्म इंश्योरेंस बेहद जरूरी हो सकता है।

Term Insurance for Women: भारत में अब भी काफी कम लोगों के पास लाइफ इंश्योरेंस है। भारतीय बीमा नियामक और विकास प्राधिकरण (IRDAI) का डेटा बताता है कि देश की GDP के मुकाबले लाइफ इंश्योरेंस प्रीमियम का अनुपात महज 2.8% है। यह काफी चिंताजनक स्थिति है। इससे भी ज्यादा चिंता की बात यह है कि देश में बिकने वाली कुल बीमा पॉलिसियों में से महिलाओं को सिर्फ 35% बीमा कवर (Women's Insurance Coverage) मिलता है। अगर दूसरे शब्दों में कहें, तो 65 करोड़ से अधिक महिलाओं वाले मुल्क में केवल 2% से भी कम सक्रिय रूप से जीवन बीमा पॉलिसी खरीदती हैं।

लेकिन, महिलाओं के लिए अच्छी बात यह है कि वे पुरुषों के मुकाबले कम प्रीमियम पर टर्म इंश्योरेंस कवर पा सकती हैं। आइए जानते हैं कि महिलाओं के लिए टर्म इंश्योरेंस क्यों जरूरी है और उनका प्रीमियम कम क्यों होता है?

महिलाओं के लिए टर्म इंश्योरेंस जरूरी क्यों?


आज के बदलते समाज में महिलाएं किसी मोर्चे पर पुरुषों से कम नहीं हैं। वे हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं। कुछ महिलाएं शादीशुदा और कामकाजी होती हैं। कुछ हाउसवाइफ होती हैं जो कमाती नहीं हैं, लेकिन उनका योगदान किसी भी नजर से कम नहीं होता। करीब 7 करोड़ सिंगल विमेन भी हैं, जिनके ऊपर किसी न किसी तरह की जिम्मेदारी हो सकती है। जैसे कि माता-पिता, भाई-बहन या फिर बच्चों की।

इन महिलाओं के लिए टर्म इंश्योरेंस की अहमियत काफी अधिक हो सकती है। क्योंकि उनके पीछे भी एक भरा-पूरा परिवार होता है। महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता सिर्फ उनके लिए ही नहीं, बल्कि पूरे समाज और देश की आर्थिक वृद्धि के लिए भी जरूरी है।

महिलाओं के लिए टर्म इंश्योरेंस सस्ता क्यों?

टर्म इंश्योरेंस सभी आय स्तरों की महिलाओं के लिए एक बेहतर और किफायती विकल्प हो सकता है, चाहे वे कामकाजी हों या फिर हाउसवाइफ। यह कम लागत वाला प्रोडक्ट है, जो कम प्रीमियम पर ज्यादा कवरेज देता है। महिलाओं की औसत आयु पुरुषों की तुलना में 2-3 साल ज्यादा होती है। इसके कारण, महिलाओं के लिए मृत्यु दर प्रीमियम (Mortality Premium) कम होता है।

मृत्यु दर प्रीमियम, टर्म लाइफ इंश्योरेंस प्लान का अहम हिस्सा होता है। यह बीमा कंपनी के उस जोखिम को कवर करता है, जो बीमाधारक की पॉलिसी अवधि के दौरान मृत्यु हो जाने पर होता है। उम्र, लिंग, स्वास्थ्य और जीवनशैली जैसे कारक इस प्रीमियम को प्रभावित करते हैं। बीमा कंपनियां यह भी देखती हैं कि महिलाएं प्रीमियम भुगतान में अधिक अनुशासित होती हैं। इसीलिए, बीमा कंपनियां महिलाओं को विशेष प्रीमियम दरों और अलग सेवाओं की पेशकश करती हैं।

टर्म इंश्योरेंस क्यों फायदेमंद है?

जीवन बीमा कई तरह का होता है, लेकिन टर्म इंश्योरेंस सबसे सस्ता और उपयोगी विकल्प है। यह कर लाभ (Tax Benefits) के साथ परिवार की वित्तीय सुरक्षा भी सुनिश्चित करता है। हालांकि, महिलाओं के लिए पारंपरिक बीमा योजनाएं नाकाफी हैं। उनकी जीवन सुरक्षा, बचत और निवेश की जरूरतें पुरुषों से अलग होती हैं। इसके अलावा, क्रिटिकल इलनेस कवरेज जैसी सुविधाएं महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण हो सकती हैं।

IRDAI की हालिया वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, कामकाजी महिलाओं को बीमा कवरेज में सबसे कम सेवा मिलने वाले समूहों में गिना गया है। इसी अंतर को कम करने के लिए बीमा नियामक ने ‘बीमा वाहक’ नामक पहल शुरू की है। इसका मकसद महिला एजेंट नियुक्त करके बीमा कवरेज को दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंचाना है।

यह भी पढ़ें : ऑनलाइन क्लेम कर रहे हैं मोटर इंश्योरेंस? इन बातों का रखे ध्यान

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।