₹43000 प्रति वर्गफुट का भाव! बेंगलुरु रिहाइशी प्रॉपर्टी की सबसे बड़ी डील, जानिए किसने खरीदा 'आसमान में विला'

विप्रो फाउंडर अजीम प्रेमजी के बेटे तारिक प्रेमजी ने बेंगलुरु में 45 करोड़ रुपये से ज्यादा का अल्ट्रा-लग्जरी पेंटहाउस खरीदा है। 43 हजार रुपये प्रति वर्गफुट वाली यह डील शहर की सबसे चर्चित रियल एस्टेट डील्स में गिनी जा रही है। जानिए इसकी पूरी खासियत और क्यों ये सबसे महंगी रिहायशी डील में है।

अपडेटेड May 20, 2026 पर 6:48 PM
Story continues below Advertisement
तारिक प्रेमजी ने बेंगलुरु में करीब 45.71 करोड़ रुपये का एक लग्जरी पेंटहाउस खरीदा है। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

तारिक प्रेमजी ने बेंगलुरु में करीब 45.71 करोड़ रुपये का एक लग्जरी पेंटहाउस खरीदा है। रियल एस्टेट डेटा एनालिटिक्स फर्म Zapkey के जरिए मिले प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों में यह जानकारी सामने आई है।

तारिक अरबपति कारोबारी अजीम प्रेमजी के छोटे बेटे हैं। अजीम प्रेमजी को भारत के बड़े उद्योगपतियों और परोपकारियों में गिना जाता है। वे आईटी फर्म विप्रो के फाउंडर हैं।

किस प्रोजेक्ट में खरीदा पेंटहाउस?


यह डुप्लेक्स अपार्टमेंट सेंट्रल बेंगलुरु के संपंगिरामनगर इलाके में स्थित '27 Summit' बिल्डिंग में है। यह प्रीमियम रिहायशी प्रोजेक्ट Nestled Haven Developers LLP ने विकसित किया है, जो बेंगलुरु की MAIA Estates की सब्सिडियरी कंपनी है।

दस्तावेजों के मुताबिक अपार्टमेंट का कारपेट एरिया 7,065 वर्गफुट है। वहीं सुपर बिल्ट-अप एरिया 10,602 वर्गफुट है। इस हिसाब से प्रॉपर्टी की कीमत करीब 43,123 रुपये प्रति वर्गफुट बैठती है।

पेंटहाउस किसी ऊंची इमारत की सबसे ऊपर वाली मंजिल पर बना बड़ा और बेहद लग्जरी फ्लैट होता है। इसमें आम फ्लैट्स के मुकाबले ज्यादा जगह, बड़ी बालकनी, शानदार व्यू, ज्यादा प्राइवेसी और कई बार निजी टैरेस जैसी सुविधाएं होती हैं। इसलिए इसे अमीर लोगों का 'आसमान में विला' भी कहा जाता है।

डील में क्या-क्या शामिल है?

इस डील में 11 गाड़ियों की पार्किंग की सुविधा भी शामिल है। यानी पेंटहाउस के साथ बेसमेंट में 11 कारें खड़ी करने की जगह दी गई है। इसके अलावा जमीन में भी करीब 2,952 वर्गफुट हिस्सेदारी खरीदार को मिली है, जिसे कानूनी तौर पर प्रोजेक्ट में उसका हिस्सा माना जाता है।

Zapkey के को-फाउंडर संदीप रेड्डी के मुताबिक यह इस साल बेंगलुरु की सबसे बड़ी रिहायशी प्रॉपर्टी डील्स में से एक मानी जा रही है।

27 Summit प्रोजेक्ट में क्या खास है?

MAIA Estates बेंगलुरु के लग्जरी रिहायशी बाजार में तेजी से उभरती कंपनी मानी जा रही है। कंपनी शहर के प्रमुख इलाकों में प्रीमियम बुटीक प्रोजेक्ट्स पर फोकस कर रही है।

27 Summit प्रोजेक्ट सेंट्रल बेंगलुरु में Richmond Road के पास करीब 2.61 एकड़ में फैला हुआ है। इसमें कुल 75 लग्जरी घर हैं, जिनमें 3 BHK से लेकर 4.5 BHK तक के अपार्टमेंट शामिल हैं।

संदीप रेड्डी के मुताबिक इस प्रोजेक्ट में पहले भी बड़े सौदे हुए हैं, लेकिन इतनी बड़ी रकम वाली डील यह दिखाती है कि 27 Summit अब सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट का एक अल्ट्रा-लग्जरी लैंडमार्क बन चुका है।

उन्होंने कहा कि बेहद अमीर निवेशक अब ऐसे 'आसमान में विला' जैसे घरों पर ज्यादा पैसा खर्च कर रहे हैं, जहां पूरी प्राइवेसी, कम घनत्व और शानदार डिजाइन मिलता है।

कौन हैं तारिक प्रेमजी?

तारिक प्रेमजी, अजीम प्रेमजी फैमिली ऑफिस और Premji Invest से जुड़े हुए हैं। यह निवेश मंच टेक्नोलॉजी, हेल्थकेयर, कंज्यूमर, फाइनेंशियल सर्विसेज और ग्रोथ-स्टेज कंपनियों में निवेश करता है।

Premji Invest ने कई भारतीय स्टार्टअप्स और कारोबारों में निवेश किया है और इसे देश के बड़े निवेश प्लेटफॉर्म्स में गिना जाता है। तारिक प्रेमजी ने बेंगलुरु के St Joseph’s College से कॉमर्स में ग्रेजुएशन किया है। साल 2018 में उन्हें Wipro Enterprises के बोर्ड में शामिल किया गया था। वे Azim Premji Foundation का भी हिस्सा हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।