YEIDA: यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने एक्सप्रेसवे के किनारे सेक्टर 22D में 6 ग्रुप हाउसिंग प्लॉट की सेल के लिए एक योजना शुरू की है। अधिकारियों के मुताबिक योजना के लिए आवेदन 28 सितंबर से शुरू हो गए हैं और योजना 27 अक्टूबर तक खुली रहेगी। आखिरी बार YEIDA ने 2014 में ग्रुप हाउसिंग प्लॉट आवंटित किए थे। नौ साल बाद इस साल मई में प्राधिकरण ने तीन ग्रुप हाउसिंग प्लॉट लॉन्च किए थे, लेकिन कोई बिडिंग लगाने वाला नहीं आया। इसलिए इस बार छह ग्रुप हाउसिंग प्लॉटों के लिए योजना फिर से शुरू की गई है।
YEIDA ने शुरू की ग्रुप हाउसिंग प्लॉट योजना
YEIDA के एक अधिकारी ने बताया कि हमने एक ग्रुप हाउसिंग प्लॉट योजना शुरू की है और इस बार हमें इस योजना के लिए डेवलपर्स से अच्छी प्रतिक्रिया मिलने की उम्मीद है। प्लॉट को ई-नीलामी (E-auction) के माध्यम से आवंटित किया जाएगा।
यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे फैले ये प्लॉट सेक्टर 22D में स्थित हैं, जो ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, प्रस्तावित फिल्म सिटी, आगामी नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे, बौद्ध अंतर्राष्ट्रीय सर्किट और मेडिकल पार्क के करीब है। अधिकारियों ने कहा कि इस योजना के माध्यम से भूमि अधिग्रहण करने वालों को कई प्रकार की सुविधाएं और बेहतर कनेक्टिविटी तक पहुंच मिलेगी।
योजना के तहत अलग-अलग केटेगरी में छह ग्रुप हाउसिंग प्लॉट ऑफर किये जा रहे हैं। इन प्लॉट का आकार 20,000 वर्ग मीटर (वर्गमीटर) से 40,000 वर्गमीटर के बीच है।
आकार और स्थान के आधार पर प्लॉट की रिजर्व्ड कीमत 61.5 करोड़ रुपये से 135.3 करोड़ रुपये के बीच तय की गई है। बिडिंग का रिजर्व रेट 30,750 रुपये प्रति वर्गमीटर से 33,825 रुपये प्रति वर्गमीटर के बीच है। रजिस्ट्रेशन फीस प्लॉट की कीमत का 10 प्रतिशत रखी गई है।
योजना के माध्यम से ग्रुप हाउसिंग प्लॉट के लिए इच्छुक आवेदक 27 अक्टूबर 2023 तक अपना एप्लिकेशन जमा कर सकते हैं। इन ग्रुप हाउसिंग प्लॉट का आवंटन E-Auction के माध्यम से किया जाएगा जो 21 नवंबर को आयोजित की जाएगी।
YEIDA ने 90 दिनों में प्रॉपर्टी कॉस्ट की लागत का पेमेंट करने के बजाय पार्ट में पेमेंट लेने का फैसला किया है। अधिकारियों ने बताया कि आवेदकों को आवेदन के समय 10 प्रतिशत अर्नेस्ट मनी जमा करानी होगी। सफल होने वाले बिडर्स को कुल लागत का 20 प्रतिशत अतिरिक्त पे करना होगा। अधिकारियों ने कहा कि 70 प्रतिशत का पेमेंट तीन साल में छह किश्तों में करना होगा।