NHAI का NCD निवेश के लिए खुला, बैंक FD से ज्यादा इंटरेस्ट कमाने का मौका, क्या आपको इनवेस्ट करना चाहिए?

यह इश्यू 17 अक्टूबर को खुल गया है। इस एनसीडी में 7 नवंबर तक इनवेस्ट किया जा सकता है। इसकी एनसीडी की यील्ड 8.05 फीसदी है, जो बैंक बैंक के एफडी स्कीम के इंटरेस्ट रेट से ज्यादा है

अपडेटेड Oct 17, 2022 पर 12:20 PM
NCD के जरिए कंपनियां या संस्थाएं पूंजी की अपनी जररूतें पूरी करने के लिए कर्ज लेती हैं। एनसीडी का मैच्योरिटी पीरियड होता है। इस पीरियड में कंपनी इनवेस्टर को इंटरेस्ट देती है।

अगर आप सुरक्षित निवेश के साथ अच्छा रिटर्न कमाना चाहते हैं तो NHAI के NCD के बारे में सोच सकते हैं। यह NCD 17 अक्टूबर यानी सोमवार को खुल गया है। National Highways Authority of India (NHAI) ने अपने एनएचएआई इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट (InviT) के जरिए NCD इश्यू पेश किया है। इस एनसीडी का मैच्योरिटी पीरियड 25 साल है।

7 नवंबर तक कर सकते हैं इनवेस्ट

एनएचएआई इस एनसीडी इश्यू से 1,500 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इस एनसीडी में 7 नवंबर तक इनवेस्ट किया जा सकता है। इसकी एनसीडी की यील्ड 8.05 फीसदी है, जो बैंक बैंक के एफडी स्कीम के इंटरेस्ट रेट से ज्यादा है। इस एनसीडी में आपको कम से कम 10,000 रुपये इनवेस्ट करना होगा। 1000 रुपये के मल्टीपल में ज्यादा निवेश किया जा सकता है।


यह भी पढ़ें : दिवाली पर कार खरीदना चाहते हैं? ये बैंक अट्रैक्टिव रेट पर दे रहे इलेक्ट्रिक कार लोन

फिक्स्ड रेट पर इंटरेस्ट कमाने का मौका

क्या आप एनसीडी का मतलब जानते हैं? एनसीडी के जरिए कंपनियां या संस्थाएं पूंजी की अपनी जररूतें पूरी करने के लिए कर्ज लेती हैं। एनसीडी का मैच्योरिटी पीरियड होता है। इस पीरियड में कंपनी इनवेस्टर को इंटरेस्ट देती है। इसका ऐलान पहले ही कर दिया जाता है। इसलिए इसे फिक्स्ड रिटर्न एसेट माना जाता है। मैच्योरिटी के बाद कंपनी इनवेस्टर्स को उसके पैसे वापस कर देती है। यह तरह से बॉन्ड जैसा है।

इंटरेस्ट रेट और यील्ड कितना?

एनएचएआई के एनसीडी का इंटरेस्ट रेट 7.9 फीसदी है, जिसका पेमेंट छमाही आधार पर होगा। चूंकि इंटरेस्ट का पेमेंट हर छह महीने पर होता है, जिससे इसकी असल यील्ड 8.05 फीसदी बैठती है। इंटरेस्ट का पैसा इनवेस्टर के बैंक अकाउंट में सीधे भेज दिया जाएगा। इसके लिए NACh mandate, RTGS, NEFT का इस्तेमाल होगा।

रेटिंग एजेंसियों की क्या है रेटिंग?

CARE Ratings ने इस एनसीडी को AAA (स्टेबल) रेटिंग दी है, जबकि India Ratings ने भी AAA रेटिंग दी है। आम तौर पर एनसीडी के मैच्योर होने पर इनवेस्टर को उसका पैसा वापस कर दिया जाता है। लेकिन, इस एनसीडी को तीन स्ट्रिप में बांटा गया है। पहले स्ट्रिप में एनएचएआई 8वें साल से मूलधन का पैसा वापस करना शुरू कर देगी। एनसीडी की फेस वैल्यू का 5 फीसदी 8वें साल या उसके बाद इनवेस्टर को वापस कर दिया जाएगा। एनएचएआई ने इस बारे में एक पेमेंट शिड्यूल जारी किया है।

कैसे कर सकते हैं अप्लाई?

अगर आप इस एनसीडी में निवेश करना चाहते हैं तो अपने स्टॉक ब्रोकर के जरिए अप्लाई कर सकते हैं। ASBA प्रोसेस के तहत अप्लाई करने के बाद अप्लाई अमाउंट आपके बैंक अकाउंट में ब्लॉक हो जाएगा। इश्यू बंद होने के बाद अथॉरिटी इनवेस्टर्स के डीमैट अकाउंट में एनसीडी एलोकेट कर देगी। इस एनसीडी की ट्रेडिंग बीएसई और एनएसई में होगी। आपके लिए यह जान लेना जरूरी है कि एनसीडी से मिले इंटरेस्ट पर इनकम टैक्स लगता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।