Ration Card App: राशन कार्ड बनवाने के लिए अब सरकारी दफ्तर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, UMANG ऐप से घर बैठे करें ऑनलाइन आवेदन

Ration Card App: अब राशन कार्ड बनवाने के लिए सरकारी दफ्तर नहीं जाना पड़ेगा, UMANG ऐप से घर बैठे आसानी से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।​ फिलहाल यह सुविधा कुछ ही राज्यों के लिए उपलब्ध है, जल्द ही ज्यादा राज्यों में भी शुरू होगी।

अपडेटेड Nov 11, 2025 पर 2:41 PM
Story continues below Advertisement

सरकार की तरफ से देश के हर नागरिक को बेहतर खाद्य सुविधा देने के लिए कई योजनाएं लागू की गई हैं। इनमें राशन कार्ड सबसे अहम दस्तावेज है, जिसकी जरूरत हर परिवार को होती है। अगर आपके पास अभी तक राशन कार्ड नहीं है और आप सरकारी दफ्तरों की लंबी लाइन से परेशान हैं, तो अब राहत की खबर है। अब सरकार ने प्रक्रिया को आसान बना दिया है आप घर बैठे ही UMANG (Unified Mobile Application for New-age Governance) ऐप के जरिए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, वो भी बिना किसी झंझट के।

घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कैसे करें

पहले लोगों को अपने नजदीकी सरकारी कार्यालय में घंटों लाइन लगानी पड़ती थी। लेकिन अब डिजिटल इंडिया अभियान के तहत आप मोबाइल में UMANG ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। ऐप डाउनलोड करने के बाद रजिस्ट्रेशन करें और होम पेज पर जाएं। यहां Services सेक्शन में जाना होता है, और इसके बाद Utility Services के विकल्प में राशन कार्ड का ऑप्शन मिलेगा।


UMANG ऐप पर ‘Apply Ration Card’ पर क्लिक करें, उसके बाद अपना राज्य चुनें। फिलहाल यह सुविधा कुछ राज्यों जैसे चंडीगढ़, लद्दाख, दादरा एवं नागर हवेली के लिए उपलब्ध है। जल्द ही ज्यादा राज्यों के लिए यह सेवा शुरू की जाएगी। राज्य चुनने के बाद एप्लिकेशन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरें ...नाम, पिता का नाम, जन्म तिथि, पता व परिवार के अन्य सदस्यों की जानकारी। सभी जरूरी डिटेल्स भरने के बाद संबंधित दस्तावेज अपलोड करें और आखिर में Submit पर क्लिक करें।

राशन कार्ड के लाभ और महत्व

राशन कार्ड सरकार की ओर से जारी एक जरूरी दस्तावेज है जिसमें आपके परिवार के हर सदस्य की जानकारी होती है। इसी कार्ड के जरिए सरकारी स्कीम जैसे खाद्य सुरक्षा, मुफ्त अनाज, या सब्सिडी आदि के लाभ लिए जा सकते हैं। राशन कार्ड में नाम, पता, परिवार के सभी सदस्यों की डिटेल रहती है जिससे जरूरतमंदों तक सही लाभ पहुंच सके।

आसान प्रक्रिया, बड़े फायदे

ऑनलाइन आवेदन की सुविधा मिलने से अब लोगों का समय बचेगा और सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। साथ ही, डिजिटल प्रक्रिया होने के कारण पारदर्शिता और सुविधा दोनों बढ़ती है। UMANG ऐप से आवेदन करना बिल्कुल सुरक्षित और आसान है। जैसे ही अन्य राज्यों में भी यह सुविधा लागू होगी, पूरे देश के लोग इसका फायदा उठा सकेंगे।

अगर आपके पास अब तक राशन कार्ड नहीं है, तो UMANG ऐप डाउनलोड करके घर बैठे आसानी से आवेदन कर सकते हैं और सरकार की योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।