श्रावण मास की शुरुआत होते ही भोलेनाथ के भक्तों में एक अलग ही उत्साह देखने को मिलता है। खासकर अमरनाथ यात्रा का नाम आते ही मन श्रद्धा से भर जाता है। लाखों श्रद्धालु हर साल इस पवित्र यात्रा पर निकलते हैं ताकि बाबा बर्फानी के दुर्लभ दर्शन कर सकें। अमरनाथ की गुफा में बनने वाला बर्फ का शिवलिंग तो आपने जरूर सुना होगा, लेकिन क्या आप जानते हैं कि केवल अमरनाथ ही नहीं, भारत के अन्य हिस्सों और यहां तक कि विदेशों में भी कुछ ऐसे रहस्यमयी स्थल हैं जहां प्राकृतिक रूप से बर्फ की आकृति शिवलिंग जैसी बनती है? कुछ को तो 'छोटा अमरनाथ' भी कहा जाता है।
ये स्थान न सिर्फ श्रद्धा का केंद्र हैं, बल्कि प्रकृति के अद्भुत चमत्कार का भी प्रमाण हैं। ऐसे ही कुछ रहस्यमयी स्थलों की जानकारी लेकर आए हैं हम, जो आपकी आस्था को और भी गहरा कर देंगे।
जहां शिव ने सुनाया अमरत्व का रहस्य
जम्मू-कश्मीर की हिमालयी गुफाओं में स्थित अमरनाथ धाम, भगवान शिव का सबसे पवित्र धाम माना जाता है। हर साल यहां बनने वाला बर्फ से बना शिवलिंग अपने आप आकार लेता है। मान्यता है कि यहीं भगवान शिव ने माता पार्वती को अमर होने की कथा सुनाई थी। गुफा के अंदर आज भी कई बार कबूतरों का जोड़ा दिखाई देता है, जिन्हें अमर माना जाता है। चंद्रमा के घटने-बढ़ने के साथ शिवलिंग भी छोटा-बड़ा होता है, जो अपने आप में चमत्कार से कम नहीं।
अंजनी महादेव हिमाचल का अमरनाथ
मनाली से कुछ दूर स्थित सोलंगनाला में अंजनी महादेव नाम का मंदिर है। यहां सर्दियों में एक झरने का पानी जमकर विशाल बर्फ का शिवलिंग बना देता है, जो महाशिवरात्रि के समय 20 से 35 फीट तक ऊंचा हो सकता है। ये स्थान ‘हिमाचल का अमरनाथ’ कहलाता है। मान्यता है कि यहीं हनुमान जी की माता अंजनी ने शिव की तपस्या की थी और उन्हें दर्शन प्राप्त हुए थे।
टिम्मरसैंण महादेव: सीमाओं के पार छिपा छोटा अमरनाथ
उत्तराखंड के नीती गांव में स्थित टिम्मरसैंण महादेव गुफा भी श्रद्धालुओं के लिए बेहद खास है। यहां भी अमरनाथ की ही तरह बर्फ से शिवलिंग बनता है। ये स्थान चीन सीमा के पास होने की वजह से वहां पहुंचने के लिए विशेष अनुमति लेनी होती है। स्थानीय लोग इसे ‘छोटा अमरनाथ’ कहकर पूजते हैं और मानते हैं कि यहां भोलेनाथ का अद्भुत चमत्कार छिपा है।
ऑस्ट्रिया की गुफा में दिखती है शिवलिंग जैसी आकृति
भारत ही नहीं, दुनिया के दूर देश ऑस्ट्रिया में भी एक बर्फ की गुफा है, जहां 75 फीट लंबी बर्फ की आकृति दिखाई देती है, जो सोशल मीडिया पर शिवलिंग जैसी मानी जाती है। ये गुफा साल्जबर्ग के पास वर्फेन में है। हालांकि यहां कोई धार्मिक अनुष्ठान नहीं होता, लेकिन भारतीय भक्त इसे अद्भुत संयोग मानते हैं। कई लोग इसे प्राकृतिक चमत्कार मानकर बाबा बर्फानी से जोड़ते हैं।
इन सभी स्थानों में बनने वाले बर्फ के शिवलिंग पूरी तरह प्राकृतिक प्रक्रिया से बनते हैं — पानी की बूंदों का जमना, तापमान का गिरना और मौसम की नमी। लेकिन जब आकार शिव के प्रतीक जैसा हो जाए तो इसे सिर्फ संयोग नहीं माना जाता, बल्कि आस्था का रूप दे दिया जाता है। वैज्ञानिक हों या भक्त, दोनों ही इन जगहों की महिमा को मानने लगे हैं।
दर्शन की इच्छा? तो करें ये यात्रा
यदि आप अमरनाथ न जा सकें, तो हिमाचल और उत्तराखंड में मौजूद इन गुप्त और कम चर्चित स्थानों पर जा सकते हैं। यहां की प्रकृति और धार्मिक आभा दोनों ही दिल को छू जाती है। भारत में जहां श्रद्धा है, वहां रास्ता भी मिल जाता है चाहे वो बर्फ से बनी कोई आकृति ही क्यों न हो।