Sheetla Saptami 2026 Today: चैत्र का महीना कई प्रमुख व्रत और त्योहारों के लिए जाना जाता है। इसमें माह के पहले दिन जहां रंगों का पर्व होली मनाया जाता है, वहीं पांचवें दिन रंग पंचमी और सातवें दिन यानी चैत्र कृष्ण पक्ष की सप्तमी को शीतला सप्तमी होती है। ये तिथि आरोग्य, स्वच्छता और शीतलता की देवी माता शीतला को समर्पित होती है। वैसे तो, चैत्र कृष्ण पक्ष की सप्तमी और अष्टमी दोनों तिथियां माता शीतला को समर्पित है। इस पर्व को बासोड़ा पूजन के नाम से भी जाना जाता है। हिंदू धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ये साल का वो खास दिन होता है जिसमें लोग ताजा नहीं बासी खाना खाते और माता शीतला को भोग लगाते हैं। देश के कई राज्यों में ये पूजन क्षेत्रीय विविधताओं के साथ मनाया जाता है। इसमें सप्तमी के दिन भक्त दोपहर या शाम के समय खाना बनाते हैं और अष्टमी के दिन इसी का भोग माता शीतला को अर्पित करने के बाद खुद भी ग्रहण करते हैं। आइए जानें इस पर्व का क्या महत्व है और इसमें खाना बनाने का क्या है शुभ समय ?
