28 छक्के लगाकर दोहरा शतक जड़ने वाले वैभव सूर्यवंशी को लेकर ये क्या बोल गए क्रिस केर्न्स!

वैभव सूर्यवंशी ने 52 गेंदों में दोहरा शतक और 28 छक्के लगाकर इतिहास रचा। क्रिस केर्न्स ने उन्हें असाधारण प्रतिभा बताया, लेकिन भारतीय फैंस की उम्मीदों को बड़ी चुनौती करार दिया।

अपडेटेड Nov 27, 2026 पर 7:30 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने राइजिंग स्टार्स एशिया कप में यूएई ए के खिलाफ ऐसी ऐतिहासिक पारी खेली, जिसने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। महज 52 गेंदों में दोहरा शतक जड़कर लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज डबल सेंचुरी का रिकॉर्ड बनाने वाले 15 वर्षीय वैभव की न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर क्रिस केर्न्स ने जमकर तारीफ की है। हालांक उन्होंने इस युवा बल्लेबाज को एक बड़ी चुनौती के प्रति आगाह भी किया है। केर्न्स का कहना है कि वैभव से भारतीय फैंस भविष्य में हर बार ऐसी ही विस्फोटक पारियों की उम्मीद करेंगे, लेकिन इस प्रदर्शन को दोहराना आसान नहीं होगा।

क्रिस केर्न्स ने न्यूजीलैंड और भारत के बीच क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दौरान ANI से बातचीत में वैभव को फिनॉमिनल टैलेंट यानी असाधारण प्रतिभा बताया। उन्होंने कहा कि वैभव ने 200 रन की पारी में 28 छक्के लगाए लेकिन वह हर बार ऐसा नहीं कर सकते। संभव है कि वह दोबारा कभी इस तरह की पारी न खेल पाएं।

'हर बार ऐसी पारी की उम्मीद करेंगे भारतीय फैंस'


केर्न्स ने कहा कि वैभव के सामने सबसे बड़ी मुश्किल भारतीय दर्शकों की उम्मीदों को संभालने की होगी। उनके मुताबिक इस पारी ने लोगों की अपेक्षाएं बहुत ऊंची कर दी हैं और जब भी वैभव बल्लेबाजी के लिए उतरेंगे, फैंस उनसे ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद करेंगे। लेकिन हर मैच में 28 छक्के लगाना या दोहरा शतक बनाना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि वैभव काफी संतुलित युवा खिलाड़ी नजर आते हैं लेकिन उनके लिए इन ऊंची उम्मीदों पर लगातार खरा उतरना बेहद कठिन होगा। केर्न्स ने यह भी कहा कि यह देखना दिलचस्प होगा कि वैभव आने वाले समय में इस दबाव से किस तरह निपटते हैं।

52 गेंदों में दोहरा शतक, पारी में लगाए 28 छक्के

वैभव सूर्यवंशी ने यूएई ए के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले में सिर्फ 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा किया था। इससे पहले उन्होंने महज 28 गेंदों में शतक बनाकर ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज जेक फ्रेजर-मैकगर्क का रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए लिस्ट ए क्रिकेट का सबसे तेज शतक भी अपने नाम किया। उनकी पारी में 28 छक्कों के अलावा सात चौके शामिल थे। किसी एक पेशेवर क्रिकेट पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी उन्होंने बनाया। वैभव ने टीम के कुल 254 रन में से अकेले 204 रन बनाए। उनकी इस पारी की बदौलत इंडिया ए ने 250 रन का लक्ष्य 14.2 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया और सात विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ टीम ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई।

लिस्ट ए और टी20 इंटरनेशनल में भी शानदार रिकॉर्ड

वैभव के आंकड़े उनकी प्रतिभा की झलक देते हैं। अब तक 17 लिस्ट ए मुकाबलों में उन्होंने 49.70 की औसत और 190 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 845 रन बनाए हैं। इसमें दो शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। यूथ वनडे में भारत की ओर से उनके नाम 25 पारियों में 56.48 की औसत से 1,412 रन हैं। इस दौरान उन्होंने चार शतक और सात अर्धशतक लगाए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वोच्च स्कोर 175 रन है, जो उन्होंने इसी साल इंग्लैंड के खिलाफ अंडर-19 विश्व कप फाइनल में बनाया था।

भारत के लिए 10 टी20 इंटरनेशनल मैचों में वैभव 29.50 की औसत और 185 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 295 रन बना चुके हैं। इस प्रारूप में उनके नाम दो अर्धशतक हैं और सर्वोच्च स्कोर 81 रन है। अब देखना होगा कि इतनी कम उम्र में रिकॉर्ड बनाने वाले वैभव आगे बढ़ते हुए बढ़ती उम्मीदों और दबाव का सामना कैसे करते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।