Vaibhav Sooryavanshi: युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, लिस्ट A क्रिकेट में सिर्फ 52 बॉल पर लगा दी डबल सेंचुरी

Vaibhav Sooryavanshi: भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ ACC Men's Asia Cup Rising Stars 2026 में इतिहास रच दिया। वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 साल की उम्र में सिर्फ 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा कर लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज डबल सेंचुरी का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया

अपडेटेड Nov 24, 2026 पर 6:11 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी ने 52 गेंद में सबसे तेज दोहरा शतक जड़कर लिस्ट-ए क्रिकेट में इतिहास रच दिया है

Vaibhav Sooryavanshi: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने मंगलवार (24 नवंबर) को दोहा में आयोजित राइजिंग स्टार्स एशिया कप में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ महज 52 गेंद में सबसे तेज दोहरा शतक जड़कर लिस्ट-ए क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 साल की उम्र में लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक जड़ने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। ACC Men's Asia Cup Rising Stars 2026 में UAE के खिलाफ भारत-A की ओर से खेलते हुए वैभव ने सिर्फ 52 गेंदों में 200 रन पूरे किए। उनकी इस तूफानी पारी ने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया।

384.90 का शानदार स्ट्राइक रेट

सूर्यवंशी ने न्यूजीलैंड के चाड बोव्स का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2024 में फोर्ड ट्रॉफी में कैंटरबरी की ओर से ओटागो के खिलाफ 103 गेंद में दोहरा शतक लगाया था। बाएं हाथ के बल्लेबाज सूर्यवंशी 53 गेंद में 204 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस विस्फोटक पारी में सात चौके और 28 छक्के शामिल रहे। उन्होंने 384.90 के शानदार स्ट्राइक रेट से रन बनाए।


मंगलवार को UAE के खिलाफ मुकाबले में भारत-A को 250 रन का लक्ष्य मिला था। इसके जवाब में वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की और UAE के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने चौकों से ज्यादा छक्कों पर भरोसा जताया और रिकॉर्डतोड़ पारी खेली। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड बना दिया। 50 ओवर के मैच में T20 अंदाज़ में बल्लेबाजी करते हुए सूर्यवंशी ने पावरप्ले की आखिरी गेंद पर अपना 150 रन पूरा किया।

सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड भी किया अपने नाम

वैभव सूर्यवंशी ने मंगलवार को UAE के खिलाफ महज 28 गेंद में शतक जड़कर लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। सूर्यवंशी ने ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क के रिकॉर्ड को तोड़ा। मैकगर्क ने 2023 में 29 गेंद में शतक लगाया था। इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स हैं।

उन्होंने 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 31 गेंद में शतक जड़ा था। सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक पारी के दौरान जमकर छक्के लगाए। उन्होंने इबरार अहमद की गेंद पर गेंदबाज के ऊपर से चौका जड़कर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया। 15 वर्षीय सूर्यवंशी का इस टूर्नामेंट के शुरुआती दो मुकाबलों में प्रदर्शन खास नहीं रहा था।

छक्कों की बरसात, 27 बार गेंद को पहुंचाया बाउंड्री पार

वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अपनी ऐतिहासिक पारी में 27 छक्के लगाए। उनकी बल्लेबाजी में इतनी तेजी थी कि भारत-A ने बेहद कम समय में लक्ष्य का पीछा करना शुरू कर दिया। शतक पूरा करने के बाद भी वैभव नहीं रुके। उन्होंने टी20 के अंदाज में 50 ओवर के मुकाबले में बल्लेबाजी जारी रखी और महज कुछ ही समय में 150 रन का आंकड़ा भी पार कर लिया।

UAE ने भारत ए को दिया 250 रनों का लक्ष्य

भारत में पिछले साल तक प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेलने वाले हरप्रीत सिंह भाटिया के शानदार शतक की बदौलत संयुक्त अरब अमीरात ने मंगलवार को राइजिंग स्टार्स एशिया कप के ग्रुप-बी मुकाबले में भारत ए के खिलाफ आठ विकेट पर 249 रन बनाए। हरप्रीत ने 144 गेंद में 130 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और चार छक्के लगाए। इस दौरान उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ स्कोर 121 रन को पीछे छोड़ दिया। 35 वर्षीय हरप्रीत इस साल की शुरुआत में यूएई के नागरिक बने थे। उन्होंने भारत की अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व करने के अलावा भारत में प्रथम श्रेणी के 86 मुकाबले भी खेले हैं।

घरेलू क्रिकेट में वह अपने गृह राज्य मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की टीमों का हिस्सा रहे। इसके अलावा उन्होंने पंजाब किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स सहित विभिन्न टीमों के लिए आईपीएल के नौ मुकाबले खेले हैं। वह इंग्लैंड में क्लब क्रिकेट भी खेल चुके हैं। शुरुआती विकेट सस्ते में गंवाने के बाद हरप्रीत ने यूएई की पारी को मजबूती दी। बाएं हाथ के बल्लेबाज हरप्रीत ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए। भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा के खिलाफ उनकी बल्लेबाजी खास तौर पर प्रभावशाली रही। उन्होंने हर्षित की गेंदों पर दो छक्के जड़े।

ये भी पढ़ें- पंजाब चुनाव 2027: 'पंजाबियों का कल्याण सबसे ऊपर'; BJP और अकाली दल के गठबंधन पर PM मोदी का आया पहला बयान

हरप्रीत ने धीमी गेंद पर छक्का लगाकर लिस्ट-ए क्रिकेट में अपना सातवां शतक पूरा किया। वह शतक पूरा करने के बाद वह भावुक नजर आए। हरप्रीत को 47वें ओवर में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अरशद खान ने पवेलियन भेजा। अरशद ने 10 ओवर में 43 रन देकर चार विकेट हासिल किये। वह भारत ए के सबसे सफल गेंदबाज रहे। पिछले मुकाबले में पाकिस्तान शाहीन (A टीम) से हारने के बाद भारत ए के सामने सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए जीत दर्ज करने की चुनौती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।