भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी पिछले काफी समय से इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर है। वहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में उनकी टीम में वापसी होने की उम्मीद थी। लेकिन टीम में उनको नहीं चुना गया। मोहम्मद शमी ने आखिरी बार इंटरनेशनल मैच चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल मुकाबला खेला था। इसके बाद उन्होंने आईपीएल 2025 में नौ मुकाबले खेले, लेकिन चोट लगने के कारण बीच में ही टूर्नामेंट छोड़ना पड़ा। तीन महीने के ब्रेक के बाद शमी ने दलीप ट्रॉफी में वापसी की और 34 ओवर में एक विकेट लिया। वहीं ऑस्ट्रेलिया दौरे पर नहीं चुने जाने पर शमी ने सवाल उठाया था। अब मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने इस पर अपनी सफाई दी है।
हाल ही में पीटीआई से बात करते हुए मोहम्मद शमी ने कहा, “सेलेक्शन मेरे हाथ में नहीं है। अगर मेरी फिटनेस में समस्या होती, तो मैं बंगाल के लिए नहीं खेलता। मुझे नहीं लगता कि इस पर कुछ कहकर कोई विवाद खड़ा करने की जरूरत है। अगर मैं चार दिन का रणजी ट्रॉफी मैच खेल सकता हूं, तो 50 ओवरों का क्रिकेट भी आसानी से खेल सकता हूं।”
एनडीटीवी वर्ल्ड समिट में अजीत अगरकर से शमी के बयान पर उनके रिएक्शन के बारे में पूछा गया। उन्होंने कहा, "अगर शमी मुझसे ऐसा कुछ कहते हैं, तो मैं जरूर जवाब दूंगा। अगर मैं उनकी बातें पढ़ता हूं, तो मैं उन्हें फोन करूंगा। पिछले कुछ महीनों में मेरी उनसे कई बार बातचीत हुई है। अगर उन्होंने ऐसा कुछ कहा है, तो मैं उनसे इस बारे में सीधे बात करूंगा।"
अगरकर ने आगे कहा, "अगर शमी फिट होते, तो वह इंग्लैंड जाने वाली फ्लाइट में शामिल होते। घरेलू सीजन अभी शुरू हुआ है और हमें देखना होगा कि वह पूरी तरह फिट हैं या नहीं। हम उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे की टीम में शामिल करना चाहते थे, लेकिन उस समय वह फिट नहीं थे। अगर वह अगले दो महीनों में फिट हो जाते हैं, तो हालात बदल सकते हैं।"
गौरतलब है कि वनडे टीम की घोषणा के समय मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने कहा था कि उनके पास शमी की फिटनेस को लेकर कोई 'अपडेट' नहीं है। इस पर रिएक्शन देते हुए शमी ने कहा, "जहां तक अपडेट देने की बात है, वह मेरी जिम्मेदारी नहीं है। मेरी जिम्मेदारी है एनसीए जाकर अपनी तैयारी करना और मैच खेलना। अपनी फिटनेस को लेकर अपडेट देना मेरा काम नहीं है।"