'वापसी का भरोसा, फिर नहीं उठाया फोन', सालों बाद छलका अमित मिश्रा का दर्द, विराट कोहली पर लगाए ये सनसनीखेज आरोप!

पूर्व भारतीय स्पिनर अमित मिश्रा ने खुलासा किया कि 2017 में चोटिल होने के बाद विराट कोहली और अनिल कुंबले ने उन्हें टीम में वापसी का भरोसा दिया था। लेकिन फिट होने के बाद जब उन्होंने कोहली से संपर्क करने की कोशिश की, तो उन्हें कोई जवाब नहीं मिला

अपडेटेड Oct 23, 2026 पर 5:51 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अमित मिश्रा के मुताबिक, बेंगलुरु में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 मैच के दौरान उनके पैर में चोट लगी थी

Amit Mishra on Virat Kohli: भारत और न्यूजीलैंड के बीच इस समय टी20 सीरीज खेली जा रही है। वहीं टी20 सीरीज के बाद वनडे सीरीज की शुरुआत 4 नवंबर को होगा। इस मुकाबले में फैंस को रोहित शर्मा और विराट कोहली खेलते हुए नजर आएंगे। वहीं इस सीरीज से पहले भारत के पूर्व स्पिन गेंदबाज अमित मिश्रा ने विराट कोहली को लेकर एक बड़ा खुलासा किया। अमित मिश्रा ने बताया कि साल 2017 में चोटिल होने के बाद कोहली और उस समय के हेड कोच अनिल कुंबले ने उन्हें पूरी तरह ठीक होने पर भारतीय टीम में दोबारा मौका देने का भरोसा दिया था। लेकिन ठीक होने के बाद उन्होंने विराट से कॉन्ट्रैक्ट करने की कोशिश की थी, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला

फिट होने के बाद करेंगे वापसी

अमित मिश्रा के मुताबिक, बेंगलुरु में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 मैच के दौरान उनके पैर में चोट लगी थी। चोट लगने के बाद अनिल कुंबले ने उन्हें हौसला दिया था और कहा था कि वह पहले पूरी तरह ठीक होने पर ध्यान दें, इसके बाद उन्हें भारतीय टीम में वापसी का मौका मिल सकता है। मिश्रा ने बताया कि, विराट कोहली ने कप्तान बनने के बाद उन्हें इसी तरह भरोसा दिलाया था। उन्हें उम्मीद थी कि फिट होने के बाद वह फिर से टीम इंडिया के लिए खेल सकेंगे।


मिश्रा ने बताया कि उन्होंने विराट कोहली से पूछा था कि टीम में वापसी करने के लिए उन्हें क्या करना होगा। इस पर कोहली ने कहा, "भाई, तुम चिंता मत करो। पहले पूरी तरह फिट हो जाओ और आराम से रिकवरी करो, उसके बाद तुम टीम में वापस आ जाओगे।" विराट कोहली और अमित मिश्रा कई मुकाबलों में साथ में खेले हैं।

नहीं दिया फोन का जवाब

अमित मिश्रा ने बताया कि, चोट से पूरी तरह ठीक होने के बाद हालात बदल गए। उन्होंने विराट से भारतीय टीम में वापसी को लेकर बात की, तो कोहली ने उन्हें सात से 10 दिनों के अंदर जानकारी देने की बात कही। मिश्रा ने कहा, "उन्होंने मुझसे कहा था कि एक हफ्ते से लेकर 10 दिनों के अंदर बता देंगे। लेकिन एक हफ्ता, फिर दो हफ्ते और फिर तीन हफ्ते बीत गए, उनकी तरफ से कोई खबर नहीं मिली। मैंने उन्हें फोन किया, लेकिन उन्होंने कॉल नहीं उठाया। मैसेज भी भेजे, मगर कोई जवाब नहीं आया।" अमित मिश्रा ने बताया कि उन्होंने विराट कोहली से कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन जब उन्हें कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने दोबारा इस बारे में बात करना छोड़ दिया।

कई इंजर्ड खिलाड़ी की हुई थी वापसी

मिश्रा ने कहा, "जिन खिलाड़ियों को मुझसे ज्यादा गंभीर चोटें लगी थीं और जो लंबे समय तक टीम से बाहर रहे, उन्होंने भी वापसी की, लेकिन मुझे आज तक कोई जवाब नहीं मिला।" मिश्रा ने अपनी निराशा जाहिर करते हुए कहा, "जब कोई आपको टीम में नहीं रखना चाहता, तो आप आखिर कर भी क्या सकते हैं?"

आखिरी मुकाबला साबित हुए

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 मुकाबला उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मैच साबित हुआ। उन्होंने भारत के लिए 22 टेस्ट, 36 वनडे और 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। मिश्रा ने बताया कि जब उन्हें लगा कि टीम में वापसी को लेकर स्थिति साफ नहीं है, तो उन्होंने किसी से जवाब मांगने के बजाय आगे बढ़ने का फैसला किया। अमित मिश्रा को हाल ही में आईपीएल टीम दिल्ली कैपिटल्स का स्पिन गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया। अब वह इस नई भूमिका में टीम के स्पिन गेंदबाजों को बेहतर बनाने में मदद करेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।