Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 शुरू होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं। एशिया कप का आयोजन 9 से 28 सितंबर तक दुबई और अबू धाबी में टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा, जिसमें कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी। सभी टीमों को ग्रुप ए और ग्रुप बी दो ग्रुप में बांटा गया है। भारत का पहला मैच 10 सिंतबर यूएई से खिलाफ खेलेगा। वहीं फैंस को सबसे ज्यादा इंतजार भारत और पाकिस्तान के मैच का है। ये मैच हाई-वोल्टेज मैच 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पाकिस्तान बोर्ड ने एशिया कप 2025 के लिए 17 खिलाड़ियों की टीम का ऐलान कर दिया है। वहीं पाकिस्तान क्रिकेट टीम के हाई-परफॉर्मेंस डायरेक्टर और पूर्व क्रिकेटर आकिब जावेद ने भारत पाकिस्तान मैच को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। आइए जानते हैं आकिब जावेद ने क्या कहा
एशिया कप 2025 के लिए चुनी गई पाकिस्तानी टीम की कप्तानी ऑलराउंडर सलमान अली आगा करेंगे, जिन्होंने 2022 में टीम को उपविजेता बनाया था। वहीं इस बार पूर्व कप्तान बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान, स्टार ऑलराउंडर शादाब खान और तेज गेंदबाज नसीम शाह को टीम में जगह नहीं मिली है।
आकिब जावेद का मानना है कि उनकी टीम एशिया कप 2025 में भारत को हराने में सक्षम है। टीम की घोषणा के बाद आकिब जावेद ने कहा, "यह टीम एशिया कप में भारत को हराने में सक्षम है। पसंद हो या न हो, भारत और पाकिस्तान का मुकाबला विश्व क्रिकेट का सबसे बड़ा मैच माना जाता है और हर खिलाड़ी इसे अच्छी तरह समझता है।"
सभी खिलाड़ी पूरी तरह तैयार
बांग्लादेश में हार के बाद भी जावेद को भरोसा है कि सलमान अली आगा की टीम किसी भी विरोधी को हरा सकती है। उन्होंने कहा, "हमारी टीम किसी भी टीम को हरा सकती है। सभी खिलाड़ी पूरी तरह तैयार हैं। दोनों देशों (भारत और पाकिस्तान) की स्थिति सभी जानते हैं। लेकिन हमें उन पर अतिरिक्त दबाव डालने की जरूरत नहीं है।"
बाबर को टीम में क्यों नहीं किया गया शामिल
पाकिस्तान के वाइट-बॉल हेड कोच माइक हेसन ने बताया कि बाबर आजम को एशिया कप 2025 टीम में शामिल नहीं किया गया। उन्हें इस समय अपने टी20 खेल के कुछ मुख्य पहलुओं पर ध्यान देने और सुधार करने के लिए कहा गया है। हेसन ने कहा, "बाबर को कुछ क्षेत्रों में सुधार करने की जरूरत है, खासकर स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ खेल और उनके स्ट्राइक रेट को लेकर।"
एशिया कप 2025 के लिए पाकिस्तान की टीम: सलमान अली आगा (कप्तान), सैम अयूब, साहिबज़ादा फरहान, फखर जमान, मोहम्मद हारिस (विकेट कीपर), हसन नवाज, हुसैन तलत, फहीम अशरफ, खुशदिल शाह, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम, सलमान मिर्जा, शाहीन शाह अफरीदी, हारिस रऊफ, हसन अली, सूफियान मुकीम, अबरार अहमद।