Asia CUP 2025 : एशिया कप 2025 की शुरुआत में अब गिनती के दिन बचे हैं। बीसीसीआई ने 19 अगस्त को एशिया कप के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कमान एक बार फिर सूर्यकुमार यादव को सौंपी गई है तो वहीं शुभमन गिल को उप-कप्तान बनाया गया है। एशिया कप में भारत के दो बेहतरीन गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के साथ कुलदीप यादव भी वापसी कर रहे हैं। दोनों ही गेंदबाजों ने आखिरी बार 2024 टी20 विश्व कप फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले थे।
एशिया कप 2025 में भारत की टीम के लिए सबसे बड़ा सवाल है कि ओपनिंग कौन करेगा। पिछली तीन टी20 सीरीज में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने सलामी बल्लेबाजी की थी, लेकिन शुभमन गिल की टीम में वापसी के बाद टीम टीम की रणनीति में नया बदलाव आ सकता है।
इस धाकड़ खिलाड़ी का कटेगा पत्ता
उपकप्तान शुभमन गिल प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे ये बात तो पूरी तरह साफ है लेकिन सवाल ये हैं कि उनके साथ ओपनिंग में कौन खेलेगा। शुभमन गिल के साथ संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा को भी प्लेइंग इलेवन में जगह मिल सकती है। टी20 में संजू सैमसन भारत के मुख्य विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं, इसलिए उनकी टीम में जगह बनना अधिक संभावना है। हालांकि, अभिषेक शर्मा को बाहर करना आसान नहीं होगा, क्योंकि उन्होंने मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ अपने आखिरी मैच में सिर्फ 54 गेंदों में 135 रन बनाए थे। वहीं अगर संजू सैमसन और अभिषेक को जगह मिलती है तो तिलक वर्मा की तीसरे नंबर की स्थिति पर सवाल उठ सकते हैं। तिलक ने नवंबर 2024 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार दो टी20 शतक जड़े थे। अभिषेक शर्मा इस समय दुनिया के नंबर-वन टी20 बल्लेबाज हैं।
सूर्यकुमार यादव इस नंबर पर करेंगे बैटिंग
भारत की कप्तान सूर्यकुमार यादव चौथे नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं। आईपीएल 2025 में उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए 16 मैचों में कुल 717 रन बनाए और मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (एमवीपी) का पुरस्कार जीता था। मिडिल ऑर्डर में हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल भारत के लिए अहम खिलाड़ी होंगे, जो बैटिंग और बॉलिंग दोनों से अच्छी प्रदर्शन करने की उम्मीद है। फिनिशर की भूमिका के लिए रिंकू सिंह, शिवम दुबे और जितेश शर्मा में मुकाबला होगा। जितेश ने आईपीएल 2025 में आरसीबी के लिए शानदार फिनिशिंग दिखाई, जबकि शिवम दुबे ने जनवरी-फरवरी 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज़ में ऑलराउंड प्रदर्शन से ध्यान खींचा।