Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय टीम अपने अभियान का आगाज 28 सितंबर को क्वार्टर फाइनल मुकाबले से करेगी। वहीं नॉकआउट मैच में टीम इंडिया किस टीम से खेलेगी ये भी साफ हो गया है। एशियन गेम्स में नेपाल और जापान के बीच मुकाबला भी बारिश में रद्द होने के बाद टीम की पुष्टि हुई है। मैच रद्द होने के बाद एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट के क्वार्टरफाइनल में पहुंचने वाली टीमों की तस्वीर साफ हो गई। वहीं टीम इंडिया 28 सितंबर को अपना क्वार्टर फाइनल मुकाबला अफगानिस्तान से खेलेगी। आइए जानते हैं कितने बजे से शुरू होगा मुकाबला
कब होगा भारत-अफगानिस्तान का मुकाबला
ग्रुप ए से नेपाल और अफगानिस्तान ने अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर ली है। ग्रुप बी से मलेशिया और हांगकांग, चीन ने भी क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह बना ली है। अब क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में अफगानिस्तान का सामना मौजूदा चैंपियन भारत से सोमवार सुबह 10 बजे IST पर होगा। वहीं, नेपाल की टीम मंगलवार सुबह 5:30 बजे IST पर श्रीलंका के खिलाफ मैदान में उतरेगी। दोनों टीमें की नजरें सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने पर होगी।
हांगकांग से भिड़ेगी पाकिस्तान
ग्रुप स्टेज खत्म होने के बाद क्वार्टरफाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। पहले क्वार्टरफाइनल में हांगकांग, चीन का मुकाबला पाकिस्तान से सोमवार सुबह 5:30 बजे IST पर होगा। वहीं, चौथे क्वार्टरफाइनल में मलेशिया और बांग्लादेश आमने-सामने होंगे। यह मैच मंगलवार सुबह 10 बजे IST से खेला जाएगा। दोनों मुकाबलों की विजेता टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
बारिश की वजह से रद्द हुए मुकाबले
एशियन गेम्स 2026 में शनिवार को बारिश के कारण पुरुष क्रिकेट के दो मैच पूरे नहीं हो सके। कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में मलेशिया और ओमान का मैच बारिश के चलते बिना टॉस के ही रद्द करना पड़ा। इससे पहले नेपाल और जापान के बीच मुकाबला भी बारिश की वजह से रोक दिया गया था और दोबारा शुरू नहीं हो सका। उस समय नेपाल ने 15 ओवर में 4 विकेट खोकर 149 रन बना लिए थे। मैच रद्द होने के साथ ही क्वार्टरफाइनल में पहुंचने वाली टीमों की स्थिति भी साफ हो गई।
एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट में क्वार्टरफाइनल के बाद सेमीफाइनल की टीमें तय होंगी। पाकिस्तान और हांगकांग, चीन के मैच की विजेता टीम बांग्लादेश और मलेशिया के मुकाबले की विजेता से खेलेगी। वहीं, भारत और अफगानिस्तान के मैच की विजेता टीम श्रीलंका और नेपाल के मुकाबले की विजेता से भिड़ेगी। दोनों सेमीफाइनल 1 अक्टूबर को होंगे। इसके बाद 3 अक्टूबर को फाइनल और कांस्य पदक के लिए मुकाबला खेला जाएगा।