न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले मैच में चोट लगने की वजह से वाशिंगटन सुंदर सीरीज के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। चोटिल वाशिंगटन सुंदर की जगह अनकैप्ड बल्लेबाज आयुष बदोनी को भारतीय टीम में शामिल किया गया। आयुष बदोनी 14 जनवरी को होने वाले दूसरे मुकाबले से पहले टीम से जुड़ेगे। 26 साल के बदोनी ने आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हुए अपनी पहचान बनाई है। वहीं मौजूदा विजय हजारे ट्रॉफी में आयुष बदोनी ने बल्लेबाजी से ज्यादा गेंदबाजी में बेहतर प्रदर्शन किया है।
वहीं भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने कहा कि, अगर रियान पराग पूरी तरह फिट होते, तो वे चोटिल वाशिंगटन सुंदर के लिए ज्यादा सही ऑप्शन साबित हो सकते थे।
इरफान पठान ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “अगर रियान पराग फिट होते, तो वे वाशिंगटन सुंदर की जगह लेने के लिए सबसे सही ऑप्शन होते। टीम इंडिया में चुने जाने पर आयुष बदोनी को बधाई। उन्होंने इंडिया A के लिए कुछ अच्छी पारियां खेली हैं।" पठान ने आगे लिखा, "इंडिया A के लिए बदोनी ने नवंबर में साउथ अफ्रीका A के खिलाफ 66 गेंदों में 66 रन बनाए थे, जबकि अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया A के खिलाफ उन्होंने 21 गेंदों में 20 रन और 27 गेंदों में 50 रन की उपयोगी पारियां खेली थीं।”
ऑफ-स्पिन गेंदबाजी करने वाले बल्लेबाज आयुष बदोनी ने घरेलू क्रिकेट में दिल्ली टीम की कप्तानी भी की है। हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी में वह ऋषभ पंत के उपकप्तान रहे और टीम की जिम्मेदारी संभाली। फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में उनका बल्लेबाजी औसत अच्छा है, लेकिन लिस्ट-A मैचों में अब तक उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं माना गया है। मौजूदा विजय हजारे ट्रॉफी में आयुष बदोनी ने पांच मैचों में 22 ओवर फेंके, तीन पारियों में सिर्फ 16 रन दिए और चार विकेट झटके।
कैसे लगी वाशिंगटन सुंदर को चोट
वडोदरा में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच के दौरान वाशिंगटन सुंदर को पसलियों में चोट लग गई थी, जिसके चलते वह न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। न्यूजीलैंड की पारी के दौरान 26 साल के वाशिंगटन सुंदर ने पांच ओवर में 27 रन दिए, लेकिन इसके बाद वह मैदान छोड़कर बाहर चले गए और रविवार को दोबारा फील्डिंग के लिए नहीं लौटे। इसके बावजूद उन्होंने बाद में नंबर 8 पर बल्लेबाजी की। तमाम मुश्किलों के बीच भारतीय टीम ने मुकाबला संभाला और चार विकेट से जीत दर्ज की।
वाशिंगटन सुंदर इस सीरीज में चोटिल होने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी हैं। इससे पहले तिलक वर्मा कमर में चोट की वजह से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती तीन टी20 मैच नहीं खेल पाएंगे, जिसके लिए उन्हें सर्जरी करानी पड़ी। वहीं विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत भी पिछले हफ्ते साइड स्ट्रेन की चोट के कारण मौजूदा सीरीज से बाहर हो गए थे। लगातार चोटों की वजह से भारतीय टीम को अपने संयोजन में बदलाव करने पड़े हैं।