भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने घरेलू क्रिकेट में कई महत्वपूर्ण नियमों में बदलाव परिवर्तन किए है। नए नियमों में 'शॉर्ट रन', 'रिटायर्ड आउट' और 50 ओवर के मैचों में 'सिंगल बॉल' को लेकर बदलाव किए गए है। इन बदलावों का उद्देश्य खेल में निष्पक्षता को बढ़ाना और कुछ मौजूदा खामियों को दूर करना है। आइए आपको बताते हैं क्या है नए नियम।
जानबूझकर 'शॉर्ट रन' लेना पड़ेगा भारी
पहले, जानबूझकर किए गए 'शॉर्ट रन' पर केवल रन को रद्द कर दिया जाता था और विपक्षी टीम को पांच रन की पेनाल्टी मिलती थी। लेकिन अब इस नियम को और सख्त कर दिया गया है। नए नियम के अनुसार, अगर कोई बल्लेबाज जानबूझकर 'शॉर्ट रन' लेता है, तो फील्डिंग टीम के कप्तान को यह तय करने का अधिकार होगा कि अगली गेंद पर स्ट्राइक पर कौन सा बल्लेबाज रहेगा। इस नियम का लक्ष्य स्ट्राइक को बदलने के अनुचित प्रयासों को रोकना है। हालांकि, यदि कोई बल्लेबाज बिना किसी गलत इरादे के बीच में ही रन रोक देता है, तो अंपायर अपने विवेक का उपयोग कर सकते हैं।
'शॉर्ट रन' नियम (क्लॉज 18.5.2) में बदलाव
'रिटायर्ड आउट' का नियम हुआ सख्त
एक और महत्वपूर्ण बदलाव 'रिटायर्ड आउट' स्थिति को लेकर किया गया है। संशोधित नियम के अनुसार, यदि कोई बल्लेबाज चोट या बाहरी हस्तक्षेप के अलावा किसी अन्य कारण से पारी के बीच में रिटायर होता है, तो उसे तुरंत 'रिटायर्ड आउट' माना जाएगा। सबसे खास बात यह है कि ऐसा खिलाड़ी विपक्षी कप्तान की अनुमति से भी वापस बल्लेबाजी करने नहीं आ सकता। यह नियम अब सभी घरेलू क्रिकेट प्रारूपों में लागू होगा।
50 ओवर के मैचों में 'सिंगल बॉल' नियम
बीसीसीआई ने ICC के हालिया वनडे नियम का भी पालन किया है, जिसके तहत 34 ओवर के बाद केवल एक ही गेंद का उपयोग किया जाएगा। यह बदलाव खेल में रिवर्स स्विंग को फिर से लाने के लिए किया गया है। यह नया नियम विजय हजारे ट्रॉफी में लागू किया जाएगा। टीमें पहले 34 ओवर के लिए दोनों छोरों से दो नई गेंदों का उपयोग करेंगी। उसके बाद, एक गेंद को बाकी के बचे हुए ओवरों के लिए चुना जाएगा, जबकि दूसरी को रिप्लेसमेंट गेंदों के पूल में जोड़ दिया जाएगा।