IND vs NZ: भुवनेश्वर कुमार के बाद अब टीम में होगी शमी की वापसी? इस दिग्गज खिलाड़ी ने रखी मांग

IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ अक्टूबर-नवंबर 2026 में होने वाली टी20 सीरीज में करीब चार साल बाद तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की टीम में वापसी हुई है। भुवनेश्वर की वापसी के साथ अब अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के भी टीम इंडिया में लौटने की उम्मीद बढ़ गई है। जानें क्या है अपडेट

अपडेटेड Oct 08, 2026 पर 11:34 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
शमी ने आखिरी बार मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत के लिए मैच खेला था

न्यूजीलैंड के खिलाफ अक्टूबर-नवंबर 2026 में होने वाले टी20 मुकाबले के लिए टीम का ऐलान हो गया है। वहीं इस बार टीम में करीब चार साल बाद तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की भारतीय टीम में वापसी हुई है। भुवनेश्वर कुमार ने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की लगातार दो खिताबी जीत में अहम योगदान दिया। इसी बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर भुवनेश्वर ने एक बार फिर टीम इंडिया में जगह बनाई है। वहीं भुवनेश्वर के टीम में वापसी के बाद से अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के भी टीम इंडिया में लौटने की उम्मीद बढ़ गई है।

शमी ने आखिरी बार मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत के लिए मैच खेला था। अब पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज और बंगाल के पूर्व खिलाड़ी लक्ष्मी रतन शुक्ला ने शमी का समर्थन करते हुए उनकी वापसी की उम्मीद जताई है।

नेशनल टीम में होगी शमी की वापसी?


बंगाल के मौजूदा कोच लक्ष्मी रतन शुक्ला ने एक बार फिर मोहम्मद शमी की मेहनत और टीम के प्रति उनके समर्पण की तारीफ की। रतन शुक्ला ने न्यूज एजेंसी PTI से कहा, “शमी इस सीजन में बंगाल के लिए खेल रहे हैं और जिस तरह से वह गेंदबाजी कर रहे हैं, वह किसी युवा खिलाड़ी से कम नहीं लगते। मुझे उम्मीद है कि वह एक बार फिर भारत के लिए खेलेंगे और टीम इंडिया के लिए खेलते हुए ही अपने करियर का अंत करेंगे। शमी विश्व क्रिकेट के महान तेज गेंदबाजों में से एक हैं और वह भारतीय टीम में वापसी के हकदार हैं।”

भारत के लिए खेलना चाहते हैं

शमी की लगातार मेहनत के पीछे एक बड़ी वजह भारतीय चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचना और टीम इंडिया में दोबारा जगह बनाना है। शुक्ला ने कहा, “वह अभी भी भारत के लिए खेलना चाहते हैं। लेकिन इसके अलावा, आपने कितने गेंदबाजों को राज्य की टीम के लिए इस स्तर का समर्पण दिखाते हुए देखा है? मैं उन्हें उस समय से जानता हूं, जब वह सिर्फ नेट गेंदबाज हुआ करते थे। उन्होंने मेरी कप्तानी में बंगाल के लिए अपना डेब्यू किया था।”

उन्होंने आगे कहा, “आज वह एक शानदार खिलाड़ी के साथ-साथ एक अच्छे इंसान भी बन चुके हैं। वह ड्रेसिंग रूम में सभी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते रहते हैं। वह हमारे भाई जैसे हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि वह इस सीजन में अच्छा प्रदर्शन करेंगे और एक बार फिर भारत के लिए खेलेंगे।”

शमी का रिकॉर्ड

भारत के लिए 64 टेस्ट, 108 वनडे और 25 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके मोहम्मद शमी ने टीम में वापसी की उम्मीद अब भी कायम रखी है। 2026 दलीप ट्रॉफी फाइनल के बाद उन्होंने कहा था कि, "खिलाड़ी को खुद को आगे बढ़ाने के लिए हमेशा प्रेरित रहना चाहिए। उनके मुताबिक, इस स्तर पर खेलने वाले खिलाड़ी के अंदर खुद आगे बढ़ने की इच्छा होनी चाहिए और वह जिस भी स्तर पर खेल रहा हो, उसकी नजर हमेशा अगले मुकाम पर होनी चाहिए।"

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।