पाक के पूर्व गेंदबाज ने अफगानिस्तान प्रीमियर लीग में दिया नाम, क्या IPL के लिए भी करेंगे रजिस्ट्रेशन?

IPL 2027 से पहले पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। ब्रिटेन की नागरिकता मिलने के बाद आमिर ने अफगानिस्तान प्रीमियर लीग (APL) के ड्राफ्ट में ब्रिटेन के नागरिक के रूप में रजिस्ट्रेशन कराया। वहीं माना जा रहा है कि इसके बाद वह IPL ऑक्शन के लिए भी रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं

अपडेटेड Nov 02, 2026 पर 4:24 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मोहम्मद आमिर IPL 2027 के ऑक्शन में अपना नाम दे सकते हैं

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) दुनिया की सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली लीग में से एक है। इस लीग में दुनिया भर के खिलाड़ी हिस्सा लेना चाहते हैं। आईपीएल का अगला सीजन 2027 में खेला जाएगा। वहीं इससे पहले टीम का ऑक्शन दिसंबर में आयोजित किया जाएगा। वहीं इसी बीच ऐसी खबर आ रही कि पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर जल्द ही IPL के लिए होने वाले ऑक्शन के लिए रजिस्टर कर सकते हैं। पाकिस्तान के बाएं हाथ के पेसर मोहम्मद आमिर के यूनाइटेड किंगडम की नागरिकता लेने के बाद IPL 2027 ऑक्शन के लिए रजिस्टर करने की 'संभावना' है।

मोहम्मद आमिर कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन

क्रिकबज के मुताबिक, ब्रिटेन की नागरिकता मिलने के बाद मोहम्मद आमिर IPL 2027 के ऑक्शन में अपना नाम दे सकते हैं। उन्होंने 3 नवंबर को होने वाले अफगानिस्तान प्रीमियर लीग (APL) के ड्राफ्ट में ब्रिटेन के नागरिक के रूप में रजिस्ट्रेशन कराया है। माना जा रहा है कि इसके बाद वह IPL ऑक्शन के लिए भी रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। वहीं अभी इस बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


कब होगा ऑक्शन

मोहम्मद आमिर IPL 2027 के ऑक्शन में अपना नाम दे सकते हैं। लेकिन उनका नाम खिलाड़ियों की अंतिम सूची में शामिल होगा या नहीं, यह फ्रेंचाइजी के फैसले पर निर्भर करेगा। अगर कोई फ्रेंचाइजी उन्हें अपनी टीम में शामिल करना चाहती है, तो आमिर को ऑक्शन में मौका मिल सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, IPL 2027 का मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को गोवा में हो सकता है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

कौन है मोहम्मद आमिर

34 साल के मोहम्मद आमिर पाकिस्तान की ओर से अब तक 159 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। UK की नागरिक और वकील नरजिस खान से शादी की थी, जिसके बाद उन्हें ब्रिटिश नागरिकता मिली। आमिर ने ब्रिटेन में रहने से जुड़ी जरूरी शर्तें पूरी कीं और नागरिकता हासिल करने के लिए होने वाली परीक्षा भी पास की। सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद मई 2026 में उन्हें आधिकारिक रूप से ब्रिटिश पासपोर्ट मिल गया।

इंग्लैंड के घरेलू खिलाड़ी बने

ब्रिटिश पासपोर्ट मिलने के बाद मोहम्मद आमिर को इंग्लैंड की घरेलू क्रिकेट में स्थानीय खिलाड़ी का दर्जा मिल गया है। अब वह टी20 ब्लास्ट में नॉटिंघमशायर और द हंड्रेड में ट्रेंट रॉकेट्स जैसी टीमों के लिए विदेशी खिलाड़ी के बजाय घरेलू खिलाड़ी के रूप में खेल सकते हैं। वहीं, इस बदलाव का असर पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में भी पड़ा है, जहां अब उन्हें विदेशी खिलाड़ी के तौर पर शामिल किया जाएगा।

2008 से नहीं लिया है हिस्सा

IPL की शुरुआत साल 2008 में हुई थी और इसके पहले सीजन में कुछ पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। लेकिन मुंबई में हुए 26/11 आतंकी हमलों के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्तों में तनाव बढ़ गया। इसके बाद दोनों देशों के बीच राजनीतिक और कूटनीतिक हालात खराब होने के कारण पाकिस्तानी खिलाड़ियों के IPL में खेलने पर रोक लगा दी गई। तब से अब तक किसी भी पाकिस्तानी खिलाड़ी ने IPL में हिस्सा नहीं लिया है।

ब्रिटेन की नागरिकता के बाद मिला था मौका

अजहर महमूद IPL में खेलने वाले आखिरी पाकिस्तानी खिलाड़ी थे। उन्होंने पाकिस्तान के लिए 21 टेस्ट और 143 वनडे मैच खेले हैं। वह 2012 और 2015 में किंग्स इलेवन पंजाब और कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से IPL खेल चुके हैं। अजहर महमूद को भी ब्रिटेन की नागरिकता मिलने के बाद IPL में खेलने का मौका मिला था। उन्होंने ब्रिटेन की नागरिक एब्बा कुरैशी से शादी की थी, जिसके बाद उन्हें ब्रिटिश पासपोर्ट मिला था।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।