भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। वहीं वेलिंगटन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन में मोहम्मद सिराज को जगह नहीं मिली है। सिराज को जगह नहीं मिलने पर कई तरह से सवाल उठ रहे हैं। सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने के फैसले पर अब क्रिकेट से इतर भी सवाल उठने लगे हैं। कुछ लोग इसे खेल से जुड़े फैसले के बजाय दूसरे कारणों से जोड़कर देख रहे हैं। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी भारतीय टीम के इस फैसले पर आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि शानदार रिकॉर्ड होने के बावजूद मोहम्मद सिराज को उनके नाम की वजह से टीम में जगह नहीं दी गई। वहीं अब इस पर गौतम गंभीर के बचपन के कोच संजय भारद्वाज ने सिराज को टीम से बाहर रखने के फैसले में धार्मिक भेदभाव के आरोपों को गलत बताया है।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने क्या कहा
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, "उनका नाम सिराज है – क्या यह कारण काफी नहीं है? अगर वह अच्छा कर रहे हैं और फिर भी उन्हें नहीं चुना जा रहा है, तो इसके पीछे और क्या कारण हो सकता है? सिर्फ यही कारण हो सकता है; इसके अलावा कोई और कारण नहीं हो सकता।" IANS से बातचीत में हेड कोच गौतम गंभीर के बचपन के कोच संजय भारद्वाज ने कहा कि, ये फैसला पूरी तरह क्रिकेट से जुड़े कारणों के आधार पर लिया गया है। उनके मुताबिक, टीम का संयोजन, खिलाड़ी की भूमिका और उसके प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय किया गया है।
भारद्वाज ने इन आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि, "भारतीय क्रिकेट टीम में धर्म के आधार पर कोई भेदभाव नहीं होता। टीम के सभी खिलाड़ी भारतीय हैं और देश का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कहा कि गौतम गंभीर हमेशा मोहम्मद सिराज का साथ देते आए हैं। अगर सिराज को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया है, तो इसकी वजह केवल टीम की जरूरतें हैं। टीम में खिलाड़ियों का चयन उनके प्रदर्शन, भूमिका और टीम के संतुलन को ध्यान में रखकर किया जाता है।"
उन्होंने आगे कहा कि, "गौतम गंभीर किसी खिलाड़ी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं रखते, बल्कि उनकी प्राथमिकता एक मजबूत टीम तैयार करना है। भारद्वाज ने ये भी कहा कि BCCI भी हिंदू-मुस्लिम के आधार पर किसी तरह के बंटवारे को बढ़ावा नहीं देता और ऐसे आरोप पूरी तरह गलत हैं। लेकिन, उन्होंने माना कि भारतीय गेंदबाजी में सिराज की अहम भूमिका को देखते हुए उन्हें टीम से बाहर रखने का फैसला चर्चा का विषय बना है।"
सिराज सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में मोहम्मद सिराज भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। इसके बावजूद उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली। भारत ने इस मुकाबले में तेज गेंदबाजों के विकल्प के तौर पर जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप और अंशुल कंबोज को टीम में शामिल किया, जबकि सिराज को रिजर्व खिलाड़ियों में रखा गया।