IND vs SA: साउथ अफ्रीका की टीम भारत के दौरे पर है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत को 30 से रन मात दी है। इस हार के बाद से ही भारतीय बल्लेबाजों का स्पिन गेंदबाजी के सामने बार-बार परेशान होना अब चिंता का कारण बन चुका है। घरेलू मैदान पर मिली एक और हार के बाद पिच को लेकर सवाल फिर उठने लगे हैं। न्यूजीलैंड से 0-3 की हार के सिर्फ एक साल बाद, भारत को अब साउथ अफ्रीका ने भी तीन दिन में स्पिन वाली पिच पर हराया है। 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में साउथ अफ्रीका की टीम 1-0 की बढ़त बना ली है।
भारत के इस हार के बाद से ही पिच को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कई लोगों का मानना है कि हाल की पिचें टेस्ट क्रिकेट के स्तर की नहीं रह गई हैं। वहीं भारत के पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने भी इसी मुद्दे पर अपना रिएक्शन दिया है।
भारत में खत्म हो रहा टेस्ट क्रिकेट
हरभजन सिंह ने अपने यूट्यूब चैनल पर पिचों की गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए कहा, “टेस्ट क्रिकेट पूरी तरह से अलविदा हो गया है। मुझे नहीं लगता कि टेस्ट क्रिकेट में कुछ बचा है... कम से कम भारतीय टेस्ट क्रिकेट में तो नहीं। इंग्लैंड में मैच शानदार थे। हमने वहां की पिचों के व्यवहार और खिलाड़ियों के मैच जीतने की तारीफ की। वो असली टेस्ट क्रिकेट था - रोमांच था, आप मेहनत महसूस कर सकते थे। लेकिन ये? ये पिचें तो खराब हैं।”
सचिन-विराट भी संघर्ष करेंगे
भारत में हाल ही में बनाई जा रही टेस्ट पिचों की क्वालिटी ऐसी है कि सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली जैसे दिग्गज बल्लेबाज भी इन पर रन बनाने में संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा, “यहां चाहे आप कहीं भी गेंद डालें, गेंद अचानक से टर्न लेती है और बल्लेबाज समझ ही नहीं पाता कि उसे क्या करना चाहिए। आपकी तकनीक कितनी भी बेहतरीन हो, चाहे आप सचिन तेंदुलकर हों या विराट कोहली, ऐसी पिचों पर टिके रहना मुश्किल है। एक गेंद ऊपर उछलती है, दूसरी नीचे रहती है, तीसरी तेजी से घूमती है और बल्लेबाज आउट हो जाता है। यहां खिलाड़ी का कौशल नहीं, बल्कि पिच ही नतीजा तय करती है। और ये कोई नया मुद्दा नहीं है, ऐसा कई सालों से होता आ रहा है।”
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट 22 से 26 नवंबर तक गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।