Hardik Pandya News: गुजरात के अहमदाबाद में टी20 वर्ल्ड कप जीत के जश्न के दौरान भारतीय क्रिकेटर हार्दिक पंड्या पर राष्ट्रीय ध्वज का कथित तौर पर अपमान करने का आरोप लगा है। इसे लेकर एक वकील ने भारत के दिग्गज ऑलराउंडर के खिलाफ महाराष्ट्र के पुणे स्थित एक थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वकील ने हार्दिक के खिलाफ FIR दर्ज करने की भी मांग की है। शिवाजी नगर थाने के एक अधिकारी ने बुधवार (11 मार्च) को वकील वाजिद खान द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने की पुष्टि की। लेकिन उन्होंने इसके बारे में विस्तार से नहीं बताया।
वाजिद खान ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि हार्दिक पंड्या ने रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की जीत का जश्न मनाते हुए तिरंगे को अपने शरीर पर लपेटा और मैदान पर अश्लील हरकतें कीं। शिकायत में आरोप लगाया गया, "यह कृत्य संबंधित कानून के तहत अपराध है। कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।"
ICC Men’s T20 World Cup 2026 में न्यूजीलैंड पर भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हार्दिक पांड्या और उनकी गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा के एक पर्सनल पल ने इंटरनेट का ध्यान खींच लिया। इससे पहले, हार्दिक पांड्या ने लगातार दूसरा T20 वर्ल्ड कप टाइटल जीतने को अपना पर्सनल वादा पूरा होना बताया। उन्होंने कहा कि टीम के दबदबे की यह तो बस शुरुआत है।
पंड्या ने दो अर्धशतक लगाए और जरूरत पड़ने पर जबरदस्त स्पैल डाले। साथ ही टूर्नामेंट में कुल नौ विकेट झटके। पंड्या ने 'स्टार स्पोर्ट्स' से कहा, "बारबाडोस में जीत (2024 के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ) के बाद मैंने खुद से वादा किया था कि मैं जिस भी टूर्नामेंट में खेलूंगा, जीतने के लिए खेलूंगा और ट्रॉफी उठाऊंगा। अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ यह जीत इस बात का सबूत है कि मैंने खुद से जो वादा किया, वो सच हो गया है। और यह तो बस शुरुआत है।"
32 साल के पंड्या उन चार भारतीय खिलाड़ियों में से एक हैं जिन्हें आईसीसी की 2026 टी20 विश्व कप की टीम में शामिल किया गया है। पंड्या ने अमेरिका में 2024 विश्व कप से पहले खुद की मुश्किलों के बारे में भी बताया।
उन्होंने कहा, "जब हमने 2024 में टी20 विश्व कप जीता तो मुझे व्यक्तिगत तौर पर बहुत मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। उस टूर्नामेंट से पहले बहुत कुछ हुआ था और चीजें मेरे हिसाब से नहीं हो रही थीं। 2024 विश्व कप शुरू होने से पहले मैंने मन बना लिया था कि मैं वापसी करूंगा।"
पंड्या ने टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन को याद किया जिसने भारत के आईसीसी टूर्नामेंट में लंबे समय से चले आ रहे सूखे को खत्म किया। उन्होंने कहा, "मैं जबरदस्त वापसी करना चाहता था। मैंने ऐसा किया और अपनी टीम को 17 साल बाद ट्रॉफी जिताने में मदद की।"
पंड्या टूर्नामेंट के पिछले चरण में बल्ले और गेंद दोनों से अच्छे रहे थे। उन्होंने 7.64 की इकॉनमी रेट से 11 विकेट लिए और 48.00 की औसत से 144 रन बनाए। भारत रविवार को टी20 विश्व कप का खिताब बरकरार रखने वाली पहली टीम बन गया और टीम ने 2007 में टूर्नामेंट का पहला चरण जीतने के बाद अब तीन खिताब जीत लिए हैं।
बड़ौदा के इस ऑलराउंडर ने आगे कहा, "अहमदाबाद में इस टी20 विश्व कप जीत की बात करें तो, यह कुछ ऐसा है जिसके लिए मैं हमेशा खेलता हूं। मैं अपने देश के लिए अच्छा करने और ट्रॉफी जीतने के लिए क्रिकेट खेलता हूं। मैं भारत के लिए सभी ट्रॉफी जीतना चाहता हूं।"