इस धाकड़ बल्लेबाज ने क्रिकेट को कह दिया अलविदा, कुछ दिन पहले IPL 2025 में जड़ा था तूफानी शतक

Heinrich Klaasen Retired: हेनरिक क्लासेन ने 33 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। उन्होंने अपने करियर में 4 टेस्ट, 60 वनडे और 58 टी20 मुकाबले खेले, जिसमें उन्होंने 104, 2141 और 1000 रन बनाए। क्लासेन ने 2018 में भारत के खिलाफ वनडे से अपने अंतरराष्ट्रीय सफर की शुरुआत की थी। स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ उनके बल्लेबाजी को दुनिया भर के क्रिकेट फैंस कभी नहीं भूल पाएंगे

अपडेटेड Jun 02, 2025 पर 5:49 PM
Story continues below Advertisement
दक्षिण अफ्रीकी विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने सबको चौंका दिया है।

Heinrich Klaasen Retired: IPL 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद के अंतिम मुकाबले में शानदार शतक लगाने वाले दक्षिण अफ्रीकी विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने सबको चौंका दिया है। हेनरिक क्लासेन ने 33 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। उन्होंने अपने करियर में 4 टेस्ट, 60 वनडे और 58 टी20 मुकाबले खेले, जिसमें उन्होंने 104, 2141 और 1000 रन बनाए। क्लासेन ने 2018 में भारत के खिलाफ वनडे से अपने अंतरराष्ट्रीय सफर की शुरुआत की थी। स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ उनके बल्लेबाजी को दुनिया भर के क्रिकेट फैंस कभी नहीं भूल पाएंगे। ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ग्लेन मैक्सवेल ने भी इसी दिन वनडे क्रिकेट से संन्यास लिया और कुछ घंटे बाद क्लासेन का फैसला भी आ गया।

धाकड़ बल्लेबाज ने कहा अलविदा

पिछले कुछ सालों में हेनरिक क्लासेन, अपनी धाकड़ खेल की वजह से टी20 व वनडे में मिडिल ऑर्डर के सबसे आक्रामक बल्लेबाजों में गिने जाने लगे। उनकी तेज़ बल्लेबाज़ी और स्पिन के खिलाफ मजबूत खेल की वजह से वह दुनियाभर की टी20 लीगों में काफी पसंद किए जाने लगे। हेनरिक क्लासेन ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के ज़रिए बताया कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला कर लिया है। उन्होंने कहा कि ये फैसला उनके लिए आसान नहीं था और इसे लेने में उन्हें काफी समय लगा, लेकिन अपने और परिवार के भविष्य को देखते हुए उन्होंने यही सही समझा। क्लासेन ने माना कि ये एक भावुक पल है, लेकिन वह अपने फैसले से संतुष्ट हैं।


संन्यास के बाद कही ये बात

हेनरिक क्लासेन ने अपने बयान के अंत में कहा कि प्रोटियाज बैज लगाकर खेलना उनके करियर का सबसे बड़ा गर्व रहा है और रहेगा। अब वह अपने परिवार के साथ ज्यादा वक्त बिताना चाहते हैं और यह फैसला उन्हें वही मौका देता है। उन्होंने कहा कि वो हमेशा साउथ अफ्रीकी टीम के बड़े समर्थक बने रहेंगे और अपने करियर में मिले प्यार, समर्थन और साथ के लिए सभी का दिल से धन्यवाद करते हैं। आईपीएल 2025 में हेनरिक क्लासेन को सनराइजर्स हैदराबाद ने सबसे ज्यादा कीमत में रिटेन किया था। हालांकि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है, लेकिन माना जा रहा है कि वे अभी भी दुनियाभर की टी20 लीगों में खेलते रहेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।