
भारत के दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली इस समय विजय हजारे ट्रॉफी में खेलते हुए नजर आ रहे हैं। अब तक खेले दो मैचों में विराट और रोहित ने कमाल का प्रदर्शन किया था। वहीं दोनों खिलाड़ियों को खेलते देखने के लिए बड़ी संख्या में फैंस मैदान पर आए थे। विजय हजारे ट्रॉफी भारत के घरेलू वनडे क्रिकेट का एक बेहद अहम और प्रतिष्ठित टूर्नामेंट है। रोहित शर्मा और विराट कोहली के कमाई भी चर्चा में बनी हुई है।
विजय हजारे ट्रॉफी में टूर्नामेंट के नियमों के मुताबिक खिलाड़ियों को पैसा तय किया गया है। ट्रॉफी में खिलाड़ियों को पैसा एक तय सिस्टम के अनुसार मिलता है, जहां 2025–26 सीजन में मैच फीस इस बात पर निर्भर करती है कि खिलाड़ी ने कितने लिस्ट-A मैच खेले हैं।
कितनी मिली होगी सैलरी
विजय हजारे ट्रॉफी में खिलाड़ियों की कमाई नाम या स्टारडम से नहीं बल्कि उनके एक्सपीरिएंस से तय होती है। विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे अनुभवी खिलाड़ी सबसे ऊंची कैटेगरी में आते हैं। जिन क्रिकेटरों ने 40 से ज्यादा लिस्ट-A मैच खेले होते हैं, उन्हें सीनियर कैटेगरी में रखा जाता है। ऐसे खिलाड़ियों को अगर वे मैच खेलते हैं तो हर मुकाबले के लिए 60 हजार रुपये मिलते हैं, जबकि रिज़र्व में रहने पर उन्हें 30 हजार रुपये की फीस दी जाती है।
कितनी होगी बाकि खिलाड़ियों की सैलरी
विजय हजारे ट्रॉफी में सीनियर खिलाड़ियों के साथ-साथ बाकी क्रिकेटरों के लिए भी मैच फीस तय होती है। जिन खिलाड़ियों ने 21 से 40 लिस्ट-A मैच खेले हैं, वे मिड-लेवल कैटेगरी में आते हैं। ऐसे खिलाड़ियों को अगर मैच खेलने का मौका मिलता है तो हर मैच के लिए 50 हजार रुपये मिलते हैं, जबकि रिजर्व में रहने पर 25 हजार रुपये दिए जाते हैं। वहीं, जूनियर कैटेगरी में आने वाले, यानी 20 या उससे कम लिस्ट-A मैच खेलने वाले खिलाड़ियों को मैच खेलने पर 40 हजार रुपये और टीम में रहते हुए न खेलने पर 20 हजार रुपये की फीस मिलती है।
इंटरनेशनल मैच में मिलती है इतनी फीस
इस सीजन में दिल्ली के लिए खेलने वाले विराट कोहली और मुंबई की ओर से खेलने वाले रोहित शर्मा को घरेलू क्रिकेट में बाकी सीनियर खिलाड़ियों जितनी ही मैच फीस मिल रही है। 40 से ज्यादा लिस्ट-A मैच खेलने के कारण दोनों सीनियर कैटेगरी में आते हैं, जहां उन्हें हर मैच के लिए 60 हजार रुपये मिलते हैं। हालांकि यह रकम उनकी अंतरराष्ट्रीय कमाई से काफी कम है, क्योंकि BCCI दोनों खिलाड़ियों को हर वनडे मैच के लिए करीब 6 लाख रुपये देता है। विजय हजारे ट्रॉफी में खिलाड़ियों की कमाई सिर्फ मैच फीस तक सीमित नहीं होती।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।