विजय हजारे ट्रॉफी 2025–26 में गुजरात के 27 साल के विशाल जायसवाल ने विराट कोहली का विकेट लेकर अचानक चर्चा में आ गए। विशाल जायसवाल ने विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली के खिलाफ अपने दूसरे ही मैच में विराट कोहली को शतक से पहले ही पवेलियन भेज दिया। BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेले गए एलीट ग्रुप D मुकाबले में जायसवाल ने कोहली को 77 रन पर आउट किया। इसी के बाद से विशाल जायसवाल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे। मैच में विशाल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 42 रन देकर 4 विकेट लिए।
30 नवंबर को खेले गए छठे वनडे मुकाबले में विराट कोहली शानदार लय में दिख रहे थे। कोहली चौथी सेंचुरी के करीब थे, लेकिन विशाल जायसवाल ने उनकी योजना पर पानी फेर दिया। जायसवाल ने इसके बाद दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत को भी 70 रन आउट हुए।
विराट कोहली ने क्या कहा
मुकाबला खत्म होने के बाद उन्हें विराट कोहली से बात करने का भी मौका मिला। जायसवाल ने मैच की गेंद पर कोहली से ऑटोग्राफ भी लिया। टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ बातचीत में जब विशाल जायसवाल से पूछा गया कि मैच के बाद विराट कोहली ने उनसे क्या कहा तो उन्होंने बताया, "उन्होंने कहा कि तुम अच्छी गेंदबाजी करते हो। मेहनत करते रहो, तुम्हें जरूर मौका मिलेगा। बस सब्र रखो और लगातार मेहनत करते रहो।" जायसवाल ने कहा, "मेरे पास उनके खिलाफ कोई खास प्लान नहीं था। वह खेल के लेजेंड हैं। उन्हें बॉलिंग करना ही एक बहुत बड़ा पल होता है और जब वह क्रीज पर होते हैं तो बहुत ज्यादा प्रेशर होता है। मैंने उनसे बात की और उन्होंने मुझे प्रेशर में शांत रहने, फिटनेस वगैरह के बारे में बहुत सारी टिप्स दीं।"
उन्होंने आगे कहा, “बेशक, उन्हें आउट करके मुझे बहुत खुशी हुई। अपने नाम के आगे ऐसे बड़े खिलाड़ी का विकेट जुड़ना किसी भी गेंदबाज के लिए बेहद खास होता है।”
अक्षर को लेकर कही ये बात
जायसवाल ने ये भी बताया कि अब तक खेले गए 13 लिस्ट-A मैचों में उन्होंने 9 विकेट लिए हैं। गुजरात के नाडियाड के रहने वाले विशाल जायसवाल ने अपनी क्रिकेट की शुरुआत उसी एकेडमी से की थी, जहां कभी अक्षर पटेल ने भी ट्रेनिंग ली थी। जायसवाल ने कहा, “अक्षर भाई ने मेरी बहुत मदद की है, चाहे वह क्रिकेट किट हो, जर्सी हो या बैट। मैं उन्हें अपना इंस्पिरेशन और मेंटर मानता हूं। मैं हमेशा से उनकी तरह स्पिन-बॉलिंग ऑलराउंडर बनना चाहता था।” जायसवाल ने आगे कहा, “अक्षर भाई हमेशा कहते हैं कि बैटिंग में पूरा फोकस सिर्फ गेंद पर रखो और बॉलिंग में बल्लेबाज़ के पार्टनरशिप और विकेट्स पर। उनकी ये सलाह मेरे लिए बहुत काम आई है।”
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।